नैनीताल– नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और मानवीय चेहरे से दिल जीत लिया। तल्लीताल क्षेत्र में घूमने आए गाजियाबाद निवासी पर्यटक का खोया हुआ पर्स पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर वापस लौटा दिया।

जानकारी के अनुसार आज 2 अक्टूबर को राहुल चौहान निवासी गाजियाबाद अपने परिवार के साथ तल्लीताल में गांधी जी की मूर्ति के आस-पास घूम रहे थे। इसी दौरान उनका हरे मिक्स कलर का हैंडबैग कहीं छूट गया। पर्स में ATM कार्ड, क्रेडिट कार्ड और करीब 4,000 रुपये नकद थे।
काफी खोजबीन के बाद जब पर्स नहीं मिला तो पर्यटक मदद के लिए तल्लीताल पुलिस के पास पहुंचे। मामला संज्ञान में आते ही प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल हरपाल सिंह और उनकी टीम ने तुरंत खोजबीन शुरू की और सूझबूझ से पर्स बरामद कर लिया।
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने पर्स राहुल चौहान और उनकी पत्नी दुग्गेश को सौंप दिया। अपना कीमती सामान और नकदी वापस पाकर पर्यटक दंपति बेहद खुश हुए और उन्होंने नैनीताल पुलिस का आभार जताया।
