Spread the love

उत्तराखंड—   नैनीताल जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त और पारदर्शी बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में प्रशासन ने एक अहम पड़ाव पूरा कर लिया है। जिले में जारी किए गए करीब 2.35 लाख नोटिसों की शत-प्रतिशत तामिली और उनसे जुड़ी सुनवाई पूरी कर ली गई है।

सोमवार, 31 अगस्त को तहसील हल्द्वानी स्थित एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई साप्ताहिक बैठक में SIR अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में प्रशासन ने राजनीतिक दलों को अब तक की कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी।

2.35 लाख नोटिस, 100% सुनवाई पूरी

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 6,93,325 मतदाताओं के सापेक्ष करीब 2,35,000 नोटिस जारी किए गए थे। इन सभी नोटिसों की तामिली पूरी हो चुकी है और संबंधित मामलों में 100 प्रतिशत सुनवाई भी पूर्ण कर ली गई है।

प्रशासन के मुताबिक अब फॉर्म-6, 7 और 8 के जरिए प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों पर कार्रवाई जारी है। इनमें नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम हटाने और मतदाता सूची में जरूरी संशोधन से जुड़े मामले शामिल हैं।

हर सोमवार राजनीतिक दलों के साथ समीक्षा

उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि SIR से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए प्रत्येक सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जा रही है। इसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से आने वाली समस्याओं पर चर्चा कर उनका समाधान किया जा रहा है।

उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और मतदाता सूची में किसी भी तरह की गलती सुधारने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाएगी।

See also  उत्तराखंड के शिवम् ढौंडियाल का सत्यार्थी फेलोशिप-2026 के लिए हुआ चयन,,।

लालकुआं और हल्द्वानी में विशेष निगरानी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्र 56-लालकुआं और 59-हल्द्वानी में दावे और आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी के लिए कौशल विकास विभाग के निदेशक संजय कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

प्राप्त दावे और आपत्तियों से संबंधित फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी की जानकारी प्रतिदिन ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि पूरी प्रक्रिया पर पारदर्शी तरीके से नजर रखी जा सके।

इसके अलावा BLO सुपरवाइजर प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी के कार्य का कम से कम 5 प्रतिशत सत्यापन कर रहे हैं। जिन मतदान केंद्रों पर अपमार्जन 2 प्रतिशत से अधिक पाया जाएगा, वहां ERO द्वारा व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा।

15 सितंबर को अंतिम प्रकाशन

SIR-2026 के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 13 अगस्त 2026 निर्धारित थी। इनके निस्तारण की प्रक्रिया 11 सितंबर 2026 तक पूरी की जानी है, जबकि संशोधित निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।

बैठक में प्रशासन ने राजनीतिक दलों को स्पष्ट किया कि आगे भी SIR प्रक्रिया के तहत सुपर चैकिंग और सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर समस्या सामने आने पर राजनीतिक दल प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में उपजिलाधिकारी मोनिका, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडे समेत कांग्रेस, भाजपा, बसपा और आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


Spread the love