देहरादून— पहाड़ों की संस्कृति और पढ़ने-लिखने की आदत को बढ़ावा देने वाली संस्था ‘क्रिएटिव उत्तराखंड’ द्वारा 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में ‘देहरादून किताब कौतिक’ पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। ‘आओ, दोस्ती करें किताबों से’ थीम पर होने वाला यह 16वां किताब कौतिक है।

शनिवार को दून पुस्तकालय के एम्फी थिएटर में आयोजन को लेकर विशेष बैठक हुई, जिसमें आयोजन समिति का गठन किया गया।
संयोजक हेम पंत ने बताया कि अब तक टनकपुर, बैजनाथ, चंपावत, पिथौरागढ़, द्वाराहाट, भीमताल, रानीखेत, नई टिहरी, गैरसैंण समेत 15 स्थानों पर किताब कौतिक हो चुका है। इस बार मेले में 75 प्रकाशकों की करीब 80 हजार पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने कहा कि “किताब कौतिक का मकसद देहरादून में 80 हजार किताबें लाना नहीं, बल्कि युवाओं में जिज्ञासा, रचनात्मकता और पढ़ने की आदत का बीज बोना है।”
मेले में साहित्य चर्चा, लेखकों से संवाद, करियर काउंसलिंग, बाल लेखन कार्यशाला, विज्ञान कोना, AI, नेचर वॉक, पपेट निर्माण, वॉल पेंटिंग, हस्तशिल्प स्टॉल और सांस्कृतिक संध्याएं आकर्षण का केंद्र होंगी।

एक सप्ताह पहले से देहरादून के स्कूली बच्चों के लिए ‘पांच दिवसीय बालप्रहरी बाल लेखन कार्यशाला’ होगी, जिसमें बच्चे खुद हस्तलिखित पुस्तकें तैयार कर मेले में अपना स्टॉल लगाएंगे।
