Spread the love

हल्द्वानी—   भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को शनिवार शाम बड़ी राहत मिली। सुबह से चटक धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर रखा था, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली। करीब छह बजे आसमान में काले बादलों का डेरा जम गया और तेज हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते बादलों की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।

बारिश की फुहारों ने पूरे शहर का मौसम खुशनुमा बना दिया। सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में लोगों ने राहत की सांस ली। दिनभर की तपिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान विभाग की ओर से पहले ही प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना जताई गई थी और विभाग का पूर्वानुमान पूरी तरह सटीक साबित हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 2 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।

विभाग ने बताया है कि उत्तराखंड के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मैदानी इलाकों में लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस के बीच हुई इस बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। आने वाले दिनों में भी मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है।


Spread the love