Spread the love

सतपुली—   थाना क्षेत्र के अंतर्गत उलखेत गांव स्थित मंदिर के पास मंगलवार की दोपहर एक वृद्ध महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मंगलवार को ग्रामीण मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक वृद्धा का शव देखा, जिसकी जानकारी ग्रामीणों ने थाना सतपुली को दी।

सूचना पर थानाध्यक्ष जगमोहन रमोला टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थानाध्यक्ष जगमोहन रमोला ने बताया कि शव की शिनाख्त सतेश्वरी देवी पत्नी सुरेंद्र प्रसाद बौंठियाल 71 वर्ष निवासी ग्राम बौंठा, पोस्ट ऑफिस व तहसील लैंसडौन, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।

वृद्धा मानसिक रूप से बीमार भी बताई जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि वृद्धा का शव क्षत विक्षत अवस्था में मिला है। जिससे ऐसा अंदेशा लगाया जा रहा है कि गुलदार ने महिला को अपना निवाला बनाया हो। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वृद्धा की मौत का स्पष्ट कारण पता चलेगा।

इस मौके पर राजस्व उपनिरीक्षक मनोज कुमार सहित पुलिस कर्मी मौजूद रहे।


Spread the love