Spread the love

हल्द्वानी–   अधिवक्ता परिषद देवभूमि का प्रथम प्रांतीय अधिवेशन आगामी 27 एवं 28 जून, 2026 को एफ.टी.आई., हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा।

अधिवेशन का शुभारंभ 27 जून को प्रातः उद्घाटन सत्र के साथ होगा, जबकि 28 जून को विभिन्न बौद्धिक, संगठनात्मक एवं वैचारिक सत्रों के उपरांत समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

अधिवक्ता परिषद देवभूमि की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती जानकी सूर्या ने बताया कि इस अधिवेशन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों सहित देश के विभिन्न भागों से अधिवक्ता, विधि विशेषज्ञ, विधि शिक्षाविद्, शोधार्थी, विधि के विद्यार्थी एवं न्याय व्यवस्था से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति सहभागिता करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन अधिवक्ता परिषद देवभूमि के संगठनात्मक विस्तार, अधिवक्ताओं के बौद्धिक विकास तथा न्याय व्यवस्था से जुड़े समसामयिक विषयों पर गंभीर मंथन का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

उन्होंने बताया कि अधिवेशन में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

इसके अतिरिक्त सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता  एस. डी. अवस्थी, फॉरेन्सिक विभाग के अपर निदेशक सत्यप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री हरि बोरेकर तथा क्षेत्रीय संयोजक  विपिन कुमार त्यागी सहित अनेक विशिष्ट वक्ता विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।

विशेष रूप से फॉरेन्सिक विभाग के अपर निदेशक  सत्यप्रकाश अधिवक्ताओं एवं उपस्थित प्रतिभागियों को फॉरेन्सिक विज्ञान, वैज्ञानिक साक्ष्यों के न्यायिक महत्व, अपराध अन्वेषण में आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा न्यायालयीन कार्यवाही में फॉरेन्सिक साक्ष्यों की भूमिका पर विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे। उनके व्याख्यान से अधिवक्तागण एवं अन्य प्रतिभागी आधुनिक फॉरेन्सिक विज्ञान के व्यावहारिक पक्षों से लाभान्वित होंगे।

अधिवेशन में Law Reforms (विधिक सुधार), Advocates Quality Development (अधिवक्ताओं की गुणवत्ता एवं क्षमता विकास), Law Research (विधिक अनुसंधान) सहित न्यायिक सुधार, अधिवक्ताओं की भूमिका, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अधिवक्ताओं के दायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा।

See also  56.25 लाख के 256 खोए मोबाइल लौटाकर नैनीताल पुलिस ने जीता लोगों का दिल।

प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती जानकी सूर्या ने बताया कि अधिवेशन की सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों के आवास, भोजन, पंजीकरण, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण किया जा रहा है।

उन्होंने प्रदेश के सभी अधिवक्ताओं, विधि के विद्यार्थियों तथा विधि व्यवसाय से जुड़े सभी व्यक्तियों से अधिकाधिक संख्या में अधिवेशन में सहभागिता कर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती जानकी सूर्या, अनुज शर्मा महामंत्री ,महामंत्री उच्च न्यायालय इकाई  अनिल कुमार जोशी, उपाध्यक्ष (लिटिगेशन) , राजेश कुमार राठौर,  तपन सिंह, विशेष आमंत्रित सदस्य (प्रांत) श्रीमती पुष्पा भट्ट, विशेष आमंत्रित सदस्य (प्रांत)  संजीव कुमार मंडल, हल्द्वानी नगर इकाई के अध्यक्ष पियूष तिवारी, हल्द्वानी नगर इकाई के महामंत्री  चंदन मेहता उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता का संचालन अधिवक्ता ललित मोहन जोशी सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी ने किया |

बैठक में सभी पदाधिकारियों ने अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया तथा कार्यकर्ताओं से अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध, अनुशासित एवं पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।


Spread the love