Spread the love

हल्द्वानी—  लगातार हो रही बारिश के बीच हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापौर ने तिकोनिया नैनीताल रोड, कैनाल रोड (जीएसटी भवन के निकट, काठगोदाम) के साथ-साथ वार्ड संख्या 29 और 30 का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बारिश के कारण जलभराव की संभावनाओं वाले स्थानों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था को हर हाल में सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नगर निगम की टीमें लगातार मैदान में तैनात हैं और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

महापौर ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य हल्द्वानी-काठगोदाम के प्रत्येक वार्ड को स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त बनाना है। नागरिकों की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर परिस्थिति में नगर निगम जनता के साथ खड़ा रहेगा।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें, नालियों में कचरा न फेंकें और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में नगर निगम का सक्रिय सहयोग करें।

See also  उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के चयन ट्रायल 14 जुलाई से :- रेखा आर्या

Spread the love

You missed