हल्द्वानी– धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस ने निगरानी व्यवस्था तेज कर दी है।
शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगे 233 एक्टिव CCTV कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही ड्रोन से भी भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी की जा रही है।
इसी व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने हल्द्वानी स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCR) का निरीक्षण किया। उन्होंने कैमरों की कार्यशीलता और लाइव फीड की जांच करते हुए एसपी संचार रेवाधर मठपाल को लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए। CCTV या ड्रोन के जरिए कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित थाना और चौकी को सूचना देकर कार्रवाई की जाए।
पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। आधुनिक तकनीक और लगातार निगरानी के जरिए पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है, ताकि लोग बेफिक्र होकर धनतेरस और दीपावली का त्योहार मना सकें।

