हल्द्वानी—   जनपद में जलजनित रोगों, डेंगू, मलेरिया एवं अन्य वेक्टर-बोर्न रोगों की रोकथाम और प्रभावी निगरानी के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सतर्क रहने तथा आवश्यकता के अनुसार क्षेत्रों में सर्वेक्षण एवं स्वास्थ्य जांच करने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में तल्ला बमौरी के वार्ड नंबर 9 में समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी ब्लॉक डॉ. ममता सिंह के नेतृत्व में एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर सर्वेक्षण किया गया।

इस दौरान 31 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। डायरिया, उल्टी एवं पीलिया संबंधी लक्षणों की जानकारी ली गई, जिसमें सभी लोग स्वस्थ पाए गए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में पेयजल के सैंपल लेकर क्लोरीनेशन की जांच की गई, जिसमें सभी सैंपल सही पाए गए। तीन सैंपल विस्तृत जांच के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजे गए हैं।

टीम ने क्षेत्रवासियों को जलजनित रोगों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा दी। लोगों से पानी को उबालकर पीने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा लक्षण दिखने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई।

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल द्वारा जनपद में जलजनित रोग, डेंगू, मलेरिया एवं अन्य वेक्टर-बोर्न रोगों की निगरानी एवं सर्विलांस की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जनपद में कहीं भी ऐसे रोगों से संबंधित मामला सामने आने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें। इसके लिए डॉ. मनोज कांडपाल के मोबाइल नंबर 9410119773 पर संपर्क कर शिकायत अथवा सूचना दर्ज कराई जा सकती है।

See also  उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में “गुणवत्ता आश्वासन एवं वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाएँ” विषय पर संवादात्मक सत्र हुआ आयोजित,,।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनपद में जलजनित एवं वेक्टर-बोर्न रोगों की रोकथाम के लिए सर्वेक्षण, स्वास्थ्य जांच, पेयजल की जांच, क्लोरीनेशन, रोग निगरानी एवं जनजागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।

You missed