नैनीताल— उत्तराखण्ड में नैनीताल की अति महत्वपूर्ण लोवर मालरोड़ के ट्रीटमेंट कार्य में हो रही देरी से नाराज माँ नयनादेवी व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टण्डन सड़क पर ही आमरण अनशन पर बैठ गए।
उनका कहना था कि सड़क रिपेयर में एक वर्ष का समय लगने के बावजूद ये नहीं बनी जिससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को समस्या हो रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन को दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जबतक इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होती, वह धरने से नहीं उठेंगे।
नैनीताल की ध्वस्त लोवर मॉलरोड के समीप धरने पर बैठे पुनीत टंडन ने कहा कि लोअर मॉलरोड लंबे समय से बंद है, जिसके कारण नैनीताल की यातायात व्यवस्था के साथ पर्यटन पर सीधा असर पड़ रहा है। मॉलरोड पर बढ़ रही दरारों को लेकर भी गंभीर चिंता जताते हुए पुनीत ने कहा कि “अगर मॉल रोड ढही तो मैं तालाब में कूद जाऊंगा।
नैनीताल की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल मॉलरोड की सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए” उन्होंने निर्माण कार्य में देरी के कारणों को सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि व्यापारियों और नैनीताल की जनता को यह जानने का अधिकार है कि सड़क का काम कब तक पूरा होगा और इसमें देरी के लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने पूरे कार्य की पारदर्शी जांच और खर्च का ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की।
