Spread the love

हल्द्वानी—   बनभूलपुरा के आजाद नगर लाइन नंबर-16 में देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के AC का आउटडोर ठीक करते समय करंट की चपेट में आए पिता को बचाने पहुंची करीब 12-13 साल की बेटी भी करंट की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार करीब 45 वर्षीय नदीम रात लगभग 9 बजे अपने घर में AC का आउटडोर ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया। पिता को तड़पता देख उनकी बेटी अलिसबा मदद के लिए पास पहुंची, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई।

बताया जा रहा है कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजन और आसपास के लोग आनन-फानन में दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बाप-बेटी की एक साथ मौत की खबर फैलते ही आजाद नगर और बनभूलपुरा में शोक की लहर दौड़ गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। जिस बेटी की उम्र अभी जिंदगी को समझने की थी, उसी बेटी की पिता के साथ हुई मौत ने हर किसी को गमगीन कर दिया।

अस्पताल में मौजूद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लाइन नंबर-16 में बिजली के कई पोलों में करंट उतरने की शिकायत पहले भी बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अगर समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई की जाती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। हालांकि बिजली विभाग की कथित लापरवाही को लेकर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

See also  धरने पर अड़े पुनीत तो दौड़ा सिस्टम,,,, नैनीताल लोअर माल रोड की डेडलाइन तय।

Spread the love