
रुद्रपुर– -आज प्रातः डीडी चौक पर यातायात चौपाल का आयोजन किया गया। जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने दो पहिया, तिपहिया और चौपाहिया वाहन चालकों को यातायात के नियमों से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है, ताकि सड़क हादसों से बचाव हो सके और यातायात व्यवस्थित रूप से सुचारू हो।
एसएसपी ने कहा कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का प्रयोग करें, और 2 से अधिक सवारी न बैठाएं तथा बाइक चलाते हुए मोबाइल का प्रयोग बिल्कुल ना करें और सभी वाहन चालक अपने-अपने वाहनों का लाइसेंस अपने पास रखें ।

उन्होंने कहा कि गाड़ी के मूल कागजात अवश्य रखें और पार्किंग स्थल पर ही अपना वाहन खड़ा करें।
अनावश्यक रूप से सड़कों के इधर-उधर अपने वाहन न खड़ा करें। उन्होंने कहा की जल्दबाजी में वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास न करें और तेज गति से वाहन ना चलाएं साथ ही अपने वाहनों में प्रेशर हॉर्न का बिल्कुल भी प्रयोग ना करें।
एसएसपी ने कहा कि वाहन चलाते समय मादक पदार्थों का प्रयोग ना करें और मादक पदार्थ का प्रयोग कर वाहन ना चलाएं, साथ ही गलत दिशा में वाहनों को ना मोड़ें ।इससे हादसा होने का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि कोई भी निजी बस ,टेंपो ,ई रिक्शा में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं।
एसएसपी ने सभी अभिभावकों को भी सचेत किया कि वह नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें। उन्होंने कहा कि चौपाहिया वाहन चलाते समय बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें तथा रेड लाइट को जंप ना करें।
उन्होंने कहा की यातायात व्यवस्था सुधारना पुलिस व यातायात पुलिस के अलावा नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि सभी लोग यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर से हल्द्वानी जाने वाले ई-रिक्शा, टेंपो और इंटरसिटी बसों में कैमरे लगाए जाने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है, ताकि कोई भी वारदात होने पर उसकी जानकारी तत्काल मिल सके।
उन्होंने सभी निजी बस ,ई रिक्शा और टेंपो चालकों को निर्देश दिए की सभी लोग यातायात व्यवस्था सुधारने में सहयोग दें।
इस मौके पर पुलिस के आलाधिकारी, यातायात पुलिस, सीपीयू के अलावा वाहन चालक अमित वर्मा ,तेजपाल ,सूरज सिंह ,धर्मेंद्र दिवाकर, इश्तियाक अहमद, मनमोहन पाल ,नफीस अहमद, हरीश कुमार ,जुल्फिकार ,चतुर मंडल ,ओमप्रकाश समेत तमाम वाहन चालक मौजूद थे।
संवाददाता—- सम्मी मेहर
