भीमताल/देहरादून—   भीमताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) भावना मेहरा ने बुधवार को देहरादून में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।

इस दौरान भावना मेहरा ने क्षेत्र की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।

Advertisement

मुख्यमंत्री के सामने रखीं ये प्रमुख मांगें –

– भीमताल महायोजना का शीघ्र अनुमोदन,
– विभिन्न प्रयोजनों के लिए चयनित भूमि का मामला,
– प्राधिकरण क्षेत्र में भवन निर्माण नियमों में व्यावहारिक छूट देते हुए 100 वर्ग मीटर तक भवन निर्माण की अनुमति,
– वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू करना,
– भू-उपयोग संबंधी विषयों का समाधान,
– विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के सुधारीकरण एवं मरम्मत ।

भावना मेहरा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं। इन विषयों पर सकारात्मक कार्यवाही होने से स्थानीय जनता को राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित में उक्त समस्याओं के शीघ्र समाधान और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया।

मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर जताया आभार–

वहीं, चाफी गोल्ज्यू मंदिर एवं मुक्तेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु धनराशि स्वीकृत किए जाने पर भावना मेहरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसर बढ़ेंगे।

Advertisement

You missed