पैठाणी– पश्चिमी नयार नदी में एक महिला के डूबने अथवा बहने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
महिला की पहचान आशा देवी (33 वर्ष), पत्नी दलवीर सिंह, निवासी ग्राम पल्ली, बनास सरहद, नागधार तोक, पैठाणी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कानूनगो चाकीसैण विजेंद्र सिंह गुसाईं ने पुलिस को महिला के नदी में डूबने या बहने की सूचना दी। बताया गया कि महिला ने हरे रंग के कपड़े पहने हुए हैं।
सूचना मिलते ही थाना पैठाणी से अपर उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह गुसाईं पुलिस बल और आपदा उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस ने एसडीआरएफ को भी सूचना दी है।
महिला की तलाश के लिए नदी किनारे सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना देकर नदी के संभावित मार्गों पर तलाश करने के लिए कहा गया है। पुलिस और बचाव दल महिला की तलाश में जुटे हुए हैं।
