देहरादून— उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। शनिवार 5 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चमोली में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश के दौर की आशंका है।
मौसम की चेतावनी और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावित स्थिति को देखते हुए हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 5 सितंबर को जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।
डीएम ने अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय या संबंधित विभाग के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल जिले में बारिश का बड़ा असर 142 भवनों को नुकसान कई रास्ते बंद
उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है और नैनीताल जिले में इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। जिला आपदा प्रबंधन की 4 सितंबर शाम की रिपोर्ट के मुताबिक, बारिश से जिले में अब तक 4 लोगों की मौत, 132 पक्के भवन आंशिक क्षतिग्रस्त 7 कच्चे भवन क्षतिग्रस्त और 3 भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं 11 पशुओं की भी जान गई है, जबकि 6 गौशालाओं को नुकसान पहुंचा है।

बारिश के कारण जिले में 1 राज्य मार्ग, 1 प्रमुख जिला मार्ग और 14 ग्रामीण मार्ग बाधित हैं। इनमें रामनगर-भण्डारपानी-बेतालघाट, कांडाडोन-परेवा, पाण्डेगांव-रानीकोटा, एचएमटी-बेबरी, घोड़ाखाल-धुलई, फतेहपुर-बेल, छीडाखान-अमजड़, देवलीधार-सुई, स्यूड़ा-कौन्ता-हरीशताल, खनस्यू-टांडा, भीड़ापानी-महतोली, पतलोट-पश्यागांव, ढोलीगांव-धैना, खुजेटी-भौनरा, क्वारब-सारखेत और कौल मोटर मार्ग शामिल हैं। अधिकांश मार्गों को खोलने का काम जारी है, जबकि बरेली-अल्मोड़ा-सिरसा मार्ग के 10 सितंबर तक खुलने की संभावना जताई गई है।
बारिश का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है। भीड़ापानी, बनाना और हरीशताल में विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित है।
इस बीच शनिवार 5 सितंबर को नैनीताल समेत कई जिलों में फिर भारी बारिश की चेतावनी है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बंद होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।
