Spread the love

देवभूमि उत्तराखंड में सनातन धर्म की आड़ लेकर लोगों को ठगने वाले भेषधारी ठगों के खिलाफ अब सरकार सख्त रुख अपनाने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐसे छद्म साधु-संतों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए ‘ऑपरेशन कालनेमि’ शुरू करने का आदेश दिया है।

सीएम धामी ने कहा कि जिस प्रकार पौराणिक असुर कालनेमि ने साधु का रूप धरकर लोगों को भ्रमित किया था, उसी प्रकार आज समाज में कई नकली साधु सक्रिय हैं, जो धार्मिक भेष में मासूम लोगों को विशेषकर महिलाओं को ठगने का कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आस्था के नाम पर पाखंड और ठगी फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्व न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत कर रहे हैं, बल्कि सनातन संस्कृति की छवि को भी धूमिल कर रहे हैं।

प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार ऐसे मामलों की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिसके बाद अब सरकार ने इन पर लगाम कसने की ठोस तैयारी कर ली है।

‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस अभियान में कोई कोताही न बरती जाए और आमजन की आस्था तथा संस्कृति की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।


Spread the love

You missed