हल्द्वानी—   राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद सियासी विवाद तेज हो गया है। भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने राहुल गांधी के बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान बनाए रखने की नसीहत दी।

दरअसल, राहुल गांधी ने 10 अक्टूबर को अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में अजीत डोभाल समेत कई प्रमुख नेताओं और अधिकारियों का जिक्र करते हुए उन्हें “इस कहानी के खलनायक” कहा था। इसके बाद 12 अक्टूबर को उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और अजीत डोभाल के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। इन बयानों को लेकर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई है।

डोभाल का अपमान किसी कीमत पर बर्दास्त नही :- अजय भट्ट

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि अजीत डोभाल देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक हितों के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उनका अनुभव, समर्पण और योगदान राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिख रहा है राहुल गांधी लगातार हार और जनता द्वारा नकार दिए जाने से हताश हैं।

सांसद ने कहा सियासी मतभेद होते हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर भाषा की मर्यादा और जिम्मेदारी बनाए रखना जरूरी है।

अजय भट्ट ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाना चाहिए। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर गरिमा और जिम्मेदारी सर्वोपरि होनी चाहिए।