Spread the love

रुद्रपुर – जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की हालत दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है। मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर मनमानी, लेटलतीफी और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में ड्यूटी समय सुबह 8 बजे तय है, लेकिन अधिकांश डॉक्टर सुबह 10 बजे के बाद पहुंचते हैं। वहीं शिकायत करने पर मरीजों के साथ दुर्व्यवहार तक किया जा रहा है।

मरीजों ने फिजिशियन डॉ. एम.के. तिवारी पर पर्चे फेंकने, अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और बाहर से अल्ट्रासाउंड कराने के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। अस्पताल में गंदगी, शौचालयों की दुर्दशा और पानी की टंकियों में पानी न आने जैसी समस्याएँ आम हो चुकी हैं।

इसी बीच यह भी पता चला है कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में जिस कमरे में सीटी स्कैन की सरकारी व्यवस्था है, उसमें रेजिडेंशियल बालम सिंह नामक व्यक्ति अवैध रूप से निवास कर रहा है।

इस पूरे मामले पर जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. के.के. अग्रवाल से बात की गई तो उन्होंने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए। सीएमओ ने एसीएमओ डॉ. हरिंदर मलिक को जांच टीम का प्रभारी बनाते हुए कहा कि “अस्पताल में लापरवाही या अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”


Spread the love