Spread the love

देहरादून—–   राज्य सरकार ने पेंशनधारकों को बड़ा तोहफा देते हुए उनके महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है।

अब पेंशनधारकों को 55 प्रतिशत के स्थान पर 58 प्रतिशत की दर से महंगाई राहत का लाभ मिलेगा। वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप पुनरीक्षित पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनरों पर यह संशोधित दर लागू होगी। नई दर एक जुलाई 2025 से प्रभावी मानी जाएगी।

वित्त सचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह राहत न केवल राज्य सरकार के स्थायी पेंशनभोगियों पर लागू होगी, बल्कि विद्यालयी एवं प्राविधिक शिक्षा विभाग के अधीन राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के पात्र शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इन्हें शासनिक पेंशनरों के समान पेंशन की स्वीकृति प्राप्त है।

सरकार के इस निर्णय से हजारों पेंशनभोगियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर ऐसे समय में जब महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेंशनरों ने सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे राहत भरा फैसला बताया है।


Spread the love