Spread the love

उत्तराखंड—  बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब देहरादून से हरिद्वार जा रही इको वैन की आगे चल रहे लोडिंग वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी मुताबिक यह हादसा देहरादून के डोईवाला टोल प्लाजा के पास हुआ है। बताया जा रहा है लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर पीछे आ रही इको वैन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

हादसे के समय वैन में कुल 7 लोग सवार थे। आगे बैठे दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस मृतकों की पहचान और अन्य विवरण की पुष्टि कर रही है।

टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वैन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे की तस्वीरें सामने आने पर टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। जिस वैन में लोग सुरक्षित सफर कर रहे थे, उसका अगला हिस्सा कुछ ही सेकंड में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। इसके बाद हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों और वाहन की स्थिति की जांच कर रही है।

See also  उत्तराखंड में जान लेवा बारिश :- मकान ढहने से मां-बेटे समेत 3 की मौत,,, धारचूला में वैली ब्रिज ध्वस्त,,, 124 सड़कें बंद,,।

Spread the love

You missed