Spread the love

उत्तराखंड—  अल्मोड़ा ज़िले के सल्ट क्षेत्र में स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर से 161 जिलेटिन की छड़ें मिलने ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को हिला दिया है।

विस्फोटक सामग्री का खुलासा तब हुआ जब विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सुभाष सिंह को झाड़ियों में संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक दीवान अर्जुन  बिष्ट और लोमेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्कूल परिसर को घेराबंदी में ले लिया।

इसके बाद ऊधमसिंह नगर व नैनीताल जिलों की बम निरोधक टीम (BDS) और डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंच गई। डॉग ‘मौली’ और ‘रैम्बो’की मदद से चलाए गए सघन तलाशी अभियान में दो अलग-अलग स्थानों से जिलेटिन के पैकेट बरामद हुए।

कुल 161 पैकेट, सुरक्षित तरीके से एकत्र कर सील पैक किए गए।

पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी, ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई और मौके पर ही बरामदगी की फर्द तैयार की गई।

पुलिस ने मामला गंभीर मानते हुए धारा 4(क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 और 288 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि विस्फोटक सामग्री स्कूल परिसर तक कैसे पहुंची, और किसने किस उद्देश्य से इसे यहां छिपाया था? पुलिस इसे एक बड़ी सुरक्षा चूक मान रही है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।

एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा ने कहा —-
“स्कूल परिसर की झाड़ियों में विस्फोटक मिला है। किसने रखा, इसकी जांच जारी है। जल्द खुलासा किया जाएगा।”


Spread the love

You missed