Spread the love

उत्तराखंड—  नैनीताल जिले के तल्लीताल थाना पुलिस ने पिछले महीने लापता हुए युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मामले में दो और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने युवक को खाई में धक्का देकर उसकी हत्या की और उसके बाद फरार हो गए थे। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस मुख्य आरोपी को पहले ही जेल भेज चुकी है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि भुजियाघाट स्थित शौर्य रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर भावेश पाण्डे ने 23 अप्रैल को तल्लीताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि रिसॉर्ट में कार्यरत कर्मचारी दिनेश चंद्र उपाध्याय (33 वर्ष), निवासी अल्मोड़ा, 22 अप्रैल को एक दिन की छुट्टी लेकर गया था, लेकिन इसके बाद न तो वह वापस रिसॉर्ट पहुंचा और न ही अपने घर लौटा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

विवेचना के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनसे खुलासा हुआ कि आरोपियों ने दिनेश की हत्या को अंजाम देने के लिए खाई में धकेल दिया था, ताकि क्राइम की वारदात को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

थानाध्यक्ष मनोज नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहले मुख्य आरोपी कमल सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं अब पुलिस ने सटीक सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई छानबीन के आधार पर रविवार 10 मई को मामले में फरार चल रहे दो अन्य नामजद आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

See also  नैनीताल : हेड़िया स्कूल जहां शिक्षक गायब-- वहां CDO बने गुरुजी,,,,,

गिरफ्तार आरोपी:

रोहित सिंह बिष्ट पुत्र स्व. आनंद सिंह बिष्ट, निवासी सौड़, नैनीताल

रोहित सिंह बिष्ट पुत्र स्व. ललित सिंह बिष्ट, निवासी सौड़, नैनीताल

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।


Spread the love