Spread the love

लालकुआं—  जनपद नैनीताल के लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।

आरोपी चोरी किए गए करीब 20 तोला सोने के आभूषण पंखेनुमा हीटर के अंदर छुपाकर बेचने जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से लगभग 35 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर बरामद किए गए हैं।

एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी बेहद पेशेवर तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वह चोरी के गहनों को पंखे और हीटर की बॉडी खोलकर उसके भीतर छुपा देता था ताकि किसी को शक न हो। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई बड़े खुलासे किए हैं।

मामले की शुरुआत 19 मई 2026 को हुई, जब बिन्दुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने लालकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के हार, मंगलसूत्र, नथ, चेन, अंगूठियां और अन्य कीमती जेवर चोरी कर ले गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वर्ष 2025 में भी इसी तरह की दो बड़ी चोरियां लालकुआं क्षेत्र में हुई थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। टेक्निकल सर्विलांस और मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी गई। आखिरकार 23 मई 2026 को बिन्दुखत्ता चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव जोशी को सूचना मिली कि चोरी के जेवर बेचने के लिए एक संदिग्ध क्षेत्र में पहुंचा है।

See also  कैंची धाम - थार पर हुड़दंग:- पुलिस ने निकाल दी हेकड़ी,,,,,

सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सोने के टूटे हुए आभूषण बरामद हुए। जब पुलिस ने उसके पंखानुमा हीटर की निचली प्लेट खोलकर देखी तो अंदर बड़ी मात्रा में सोने के जेवर छुपाकर रखे गए थे।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दिन के समय बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। उसने यह भी कबूल किया कि वर्ष 2025 की दो अन्य बड़ी चोरी की घटनाएं भी उसी ने की थीं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानु प्रताप पुत्र रोशन लाल निवासी बहेड़ी, जिला बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार बरामद किए गए आभूषणों की पहचान शिकायतकर्ताओं द्वारा कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love