
देहरादून— उत्तराखंड की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट तेज होती नजर आ रही है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर गुरुवार को देहरादून पहुंचे,
जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे भाजपा संगठन आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और ढोल-दमाऊ के साथ उनका स्वागत किया।

एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 25 स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय और प्रमुख मार्गों को भगवा झंडों, पोस्टरों और स्वागत बैनरों से सजाया गया है। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और नारेबाजी के बीच संगठन की ताकत का प्रदर्शन भी देखने को मिला।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पूरी तरह संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक समन्वय और आगामी चुनावी रणनीति को धार देने पर केंद्रित रहेगा।
भाजपा मुख्यालय में कोर कमेटी की अहम बैठक शुरू गई है, जिसमें राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।
29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, मेयरों, पंचायत प्रतिनिधियों और संगठन के विभिन्न मोर्चों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इसके अलावा मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी सेल के पदाधिकारियों के साथ भी संवाद प्रस्तावित है, जिसमें चुनावी और जनसंपर्क रणनीति पर चर्चा होगी।
दौरे के अंतिम दिन 30 मई को नितिन नवीन का फोकस बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और युवाओं पर रहेगा। वह टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद बूथ अध्यक्ष के आवास पर नाश्ता करेंगे और बूथ समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी और मुख्यमंत्री आवास में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होकर युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।
राजनीतिक जानकार इस दौरे को भाजपा की 2027 चुनावी तैयारियों का शुरुआती रोडमैप मान रहे हैं। संगठन बूथ स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक समन्वय मजबूत करने और युवा मतदाताओं को साधने की रणनीति पर तेजी से काम करता दिखाई दे रहा है।
