हल्द्वानी— उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी द्वारा कॉमनवेल्थ एजुकेशनल मीडिया सेंटर फॉर एशिया (COL-CEMCA) के सहयोग से ग्रेजुएट एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स प्रोजेक्ट के अंतर्गत शुक्रवार को “ब्लेंडेड लर्निंग मोड में टूर गाइडिंग एवं एस्कॉर्टिंग स्किल्स पाठ्यक्रम का विकास” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र से संबंधित व्यावसायिक एवं रोजगारपरक कौशलों के विकास हेतु पाठ्यक्रम की रूपरेखा और उसके विभिन्न घटकों पर चर्चा करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगीत से हुआ। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ वोकेशनल स्टडीज के निदेशक प्रो. आशुतोष कुमार भट्ट ने स्वागत एवं परिचय प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने उद्घाटन संबोधन में ऐसे रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला। COL-CEMCA के निदेशक डॉ. बी. शद्रच ने विशेष संबोधन दिया।
कार्यशाला के मुख्य सत्र में COL-CEMCA विशेषज्ञ प्रो. वेंकैया वुमान ने टूर गाइडिंग एवं एस्कॉर्टिंग स्किल्स पाठ्यक्रम की रूपरेखा, डिजाइन तथा इसके विभिन्न घटकों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। सत्र में ब्लेंडेड लर्निंग पद्धति के माध्यम से कौशल-आधारित शिक्षा को प्रभावी बनाने के पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विशाल कुमार शर्मा, सहायक आचार्य, भौतिक विज्ञान विभाग, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा किया गया। अंत में स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड आईटी के निदेशक प्रो. जीतेंद्र पांडे ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यशाला में प्रो डिगर सिंह फर्स्वाण , प्रो गगन सिंह, डा नीरजा सिंह, कोल सेमका से डॉ मोनिका शर्मा, टूरिज्म विभाग से डॉ. मनोज पांडे , डा प्रिया बोरा, डा आशीष टम्टा, सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
यह पहल उच्च शिक्षा में रोजगारपरक कौशलों को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र की व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
