हल्द्वानी—   पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद  अजय भट्ट ने आज भाजपा संभाग कार्यालय हल्द्वानी में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार  अजीत डोभाल के प्रति की जा रही अमर्यादित टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वीर सपूत  अजीत डोभाल ने अपना जीवन राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए समर्पित किया है। उनके प्रति अमर्यादित टिप्पणी केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान पर प्रहार है।

अजित डोभाल पर राहुल गांधी की अमर्यादित टिप्पणी से उबाल, आलोचना,,,।

सांसद भट्ट ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश की सुरक्षा के लिए समर्पित व्यक्तित्वों के सम्मान की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। राहुल गांधी को स्पष्ट करना चाहिए कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े शीर्ष पदों पर कार्यरत व्यक्तियों के प्रति ऐसी भाषा का प्रयोग क्यों किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत और  अजीत डोभाल जैसे महान सपूत देश को दिए हैं। वर्ष 2017 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के लिए कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता द्वारा ‘सड़क का गुंडा’ जैसी टिप्पणी किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की ऐसी बयानबाजी प्रदेश की भावनाओं को आहत करती है।

सांसद भट्ट ने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे सैन्य अभियानों पर कांग्रेस नेताओं के सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में सेना के शौर्य और सुरक्षा तंत्र पर अनावश्यक संदेह पैदा करने से बचना चाहिए। आतंकवाद के विरुद्ध देश की कार्रवाई के समय सभी राजनीतिक दलों को राष्ट्रहित और सुरक्षा बलों के मनोबल को सर्वोपरि रखना चाहिए।

See also  उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में टूर गाइडिंग एवं एस्कॉर्टिंग स्किल्स पाठ्यक्रम के विकास हेतु ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित,,।

उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष , नेता विपक्ष व कांग्रेस के अन्य जिम्मेदार नेताओं से राहुल गांधी की टिप्पणियों पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग करते हुए पूछा कि क्या उत्तराखंड कांग्रेस ऐसी भाषा का समर्थन करती है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को उत्तराखंड के गौरवशाली सपूतों के प्रति अपने रवैये पर आत्ममंथन करना चाहिए।

सांसद भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उत्तराखंड की जनता अपने वीर सपूतों के योगदान और राष्ट्रसेवा पर गर्व करती है तथा उनके सम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगी।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष  प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह-मीडिया संयोजक  भुवन जोशी, जिला उपाध्यक्ष  नवीन भट्ट , जिला मीडिया प्रभारी  नितिन राणा एवं जिला सह-मीडिया प्रभारी  मनीष पाल उपस्थित रहे।

You missed