देहरादून– माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेक प्राधिकरण, नैनीताल एवं मा० जिला न्यायाधीश/मा0 अध्यक्ष,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के निर्देशानुसार दिनांक 18 जनवरी 2024 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा परिवहन विभाग देहरादून के सहयोग से आर०टी०ओ० परिसर, देहरादून में एक विधिक जागरूकता एवम साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
उक्त शिविर में हर्ष यादव सचिव/ वरिष्ठ सिविल जज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून द्वारा जनपद देहरादून में नशे की समस्या, नशे के विभिन्न प्रकार एवं नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, यातायात संबंधी अपराध के प्रभाव आदि के सम्बन्ध में जानकारी दी।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन श्री शैलेश तिवारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री राजेंद्र विराटिया द्वारा सड़क सुरक्षा एवम यातायात संबंधी प्रावधान, यातायात संकेत आदि के संबंध में जानकारी दी गई ।
शिविर में उपस्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड की प्रतिभागी छात्राओं की सड़क सुरक्षा, यातायात नियम विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया, उपस्थित प्रतिभागियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के कार्यों, नालसा पोर्टल, नालसा स्कीम्, नालसा हेल्पलाईन नम्बर 15100, प्रतिकर योजनाओं आदि के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के पराविधिक कार्यकर्ता श्री उमेश्वर सिंह रावत द्वारा किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के श्री त्रिलोचन जोशी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सड़क सुरक्षा के संबंध में शपथ भी दिलाई गई।
