उत्तराखंड– कालागढ़ में एक दर्दनाक हादसे में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता (जेई) अनिल कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। रविवार को वह अपने आवास के बाथरूम में बेहोश मिले।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो हुआ खुलासा:-
अनिल कुमार सिंचाई विभाग के शिविर प्रबंध खंड में तैनात थे और कालागढ़ की नई कॉलोनी में रहते थे। रविवार को उनकी ड्यूटी थी, लेकिन वह कार्यालय नहीं पहुंचे।
विभागीय कर्मचारियों ने कई बार उन्हें फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर कर्मचारियों ने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को उनके घर भेजा। पड़ोसी ने दरवाजा खोलकर देखा तो अनिल कुमार बाथरूम में बेहोश पड़े थे। सूचना पर विभागीय कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंची।

जांच में उनके दाएं हाथ पर करंट लगने का निशान मिला है।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार ममगई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाथरूम में लगे गीजर से करंट लीक होने की आशंका है, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार में शोक की लहर:-
मृतक अनिल कुमार मूल रूप से यूपी के बिजनौर जिले के नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम रूखड़ियों के निवासी थे। उनका परिवार काशीपुर में रहता है। उनकी पत्नी और बेटी जसपुर, उधमसिंह नगर में रहती हैं, जहां बेटी पढ़ाई कर रही है, जबकि बेटा लक्ष्य दिल्ली में पढ़ाई कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
