Spread the love

lकोटद्वार—  उत्तराखंड के कोटद्वार–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। गुमखाल से सतपुली के बीच सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा था, तभी पहाड़ से अचानक एक विशाल बोल्डर टूटकर नीचे आ गिरा और सामने से गुजर रही बोलेरो पर जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह पिचक गया।

इस दर्दनाक दुर्घटना में बोलेरो में सवार 45 वर्षीय श्रीकांत, निवासी केरल, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी।

कटर मशीन से काटकर निकाले गए घायल

सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। वाहन इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था कि उसमें फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन की मदद लेनी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

दिल्ली और गाजियाबाद से जुड़े थे सभी यात्री

पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। गाजियाबाद नंबर की बोलेरो गुमखाल से सतपुली की ओर जा रही थी। वाहन में सवार सभी लोग एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। मृतक की पहचान श्रीकांत (45), निवासी केरल के रूप में हुई है। वहीं घायलों में सरनजीत (61), निवासी दिल्ली और उदय, निवासी पश्चिम बंगाल (वर्तमान में दिल्ली) शामिल हैं। तीनों गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत बताए गए हैं।

See also  भवन निर्माण के नाम पर लाखों लेकर फरार हुआ ठेकेदार,,।

परिजनों से किया जा रहा संपर्क

थानाध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और मृतक व घायलों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।


Spread the love

You missed