Spread the love

कोटद्वार—   जंगल से सटे आबादी इलाकों में लगातार बढ़ रही गुलदार की धमक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शाम ढलते ही गुलदार मोहल्लों में घूमता हुआ नजर आ रहा है।

बदरीनाथ मार्ग के समीप मनोहर नगर की तो यह स्थिति हो गई कि भीतर परिवार के लोग रहते हैं और बाहर गेट के समीप गुलदार खड़ा रहता है। गुलदार की यह धमक कब मानव वन्य जीव संघर्ष को अंजाम दे कुछ कहा नहीं जा सकता।

शहर में पिछले कुछ माह से गुलदार की धमक बढ़ रही है। बदरीनाथ मार्ग स्थित मनोहर नगर में गुलदार कई स्ट्रीट डॉग्स को अपना शिकार बना चुका है। वहीं अब पालतू कुत्तों पर भी हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज में गुलदार घरों के बाहर बेखौफ घूमता दिखाई दे रहा है। उसकी मौजूदगी बुद्धा पार्क और राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास भी कई बार देखी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार वन विभाग को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बढ़ते डर के कारण बच्चों और बुजुर्गों का शाम के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पहले गुलदार की गतिविधियां गिवईस्रोत और बुद्धा पार्क तक सीमित थीं, लेकिन अब वह घनी आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है।

कुछ सप्ताह पहले सिद्धबली के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक व्यक्ति पर गुलदार के हमले की घटना भी सामने आई थी। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग ने आवश्यक कदम नहीं उठाए, तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकते।

See also  उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी,,, दो जिलों में ऑरेंज अलर्ट,,, नैनीताल में सड़कें बाधित।

Spread the love

You missed