देहरादून— उत्तराखंड 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने कमर कसनी शुरू कर दी है। वहीं सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी ने पहाड़ से मैदान तक संगठन को नया विस्तार दिया है।
भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति का विस्तार करते हुए 178 नेताओं को नई जिम्मेदारी दी है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नई प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा की। इसमें 121 कार्यसमिति सदस्य, 32 विशेष आमंत्रित और 25 स्थायी आमंत्रित सदस्य शामिल हैं।
भाजपा की नई कार्यसमिति में प्रदेश के सभी 14 संगठनात्मक जिलों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी ने पहाड़ और मैदान दोनों क्षेत्रों के नेताओं को जगह देकर संगठन में क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है।
4 संगठनात्मक जिलों से नेताओं को प्रतिनिधित्व
विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून ग्रामीण, देहरादून महानगर, हरिद्वार, रुड़की, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, काशीपुर और ऊधमसिंह नगर से नेताओं को शामिल किया गया है।
उत्तरकाशी से केदार सिंह रावत, चमोली से सुरेंद्र सिंह नेगी और आनंद सिंह रावत, जबकि रुद्रप्रयाग से शकुंतला जगवाण और वीरेंद्र सिंह बिष्ट को जिम्मेदारी मिली है।
टिहरी से विजय सिंह पंवार, मेहरबान सिंह रावत, लखीराम जोशी और अतर सिंह तोमर को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। देहरादून ग्रामीण से नीरू देवी जबकि देहरादून महानगर से ऋषिराज डबराल और आदित्य कुमार को जगह दी गई है।
हरिद्वार से संजय सहगल और रुड़की से मयंक गुप्ता, राजपाल व मास्टर नागेंद्र को शामिल किया गया है।
कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़ से केदार जोशी और चंद्रा पंत, बागेश्वर से बलवंत सिंह भौर्याल, अल्मोड़ा से कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान और सुभाष पांडे तथा नैनीताल से नवीन दुम्का, गोविंद सिंह बिष्ट और बिंदेश गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है।
काशीपुर से खिलेंद्र चौधरी, राम महरोत्रा, आशीष गुप्ता, शैलेंद्र मोहन सिंघल, हरभजन सिंह चीमा और ऊषा चौधरी को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। ऊधमसिंह नगर से अनिल चौहान को भी सूची में शामिल किया गया है।
चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम फैसला
भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति का गठन ऐसे समय किया है, जब पार्टी आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों की तैयारियों में जुटी है। बड़ी संख्या में नेताओं को कार्यसमिति में शामिल किए जाने से प्रदेश और जिलास्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।
121 कार्यसमिति सदस्य संगठन के नियमित निर्णयों और गतिविधियों में भूमिका निभाएंगे, जबकि 32 विशेष और 25 स्थायी आमंत्रित सदस्य संगठन में अनुभवी नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय कार्यकर्ताओं की भागीदारी को मजबूत करेंगे।
