रामनगर— रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज अंसारी एवं महासचिव एडवोकेट डॉ. मनु अग्रवाल के नेतृत्व में हल्द्वानी स्थित राज्य कर कार्यालय पहुंचा और जॉइंट कमिश्नर से मुलाकात कर व्यापारियों एवं करदाताओं की समस्याएं रखीं।

अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज अंसारी ने रामनगर राज्य कर कार्यालय में SIR प्रक्रिया के कारण CTO के कार्यमुक्त न होने का मुद्दा उठाया और विभागीय कार्यों को शीघ्र सुचारु करने की मांग की।
महासचिव डॉ. मनु अग्रवाल ने सर्वे और अन्य विभागीय कार्यवाहियों से व्यापारियों पर पड़ रहे अतिरिक्त दबाव का मुद्दा उठाते हुए प्रक्रियाओं को सरल और व्यावहारिक बनाने की मांग की।
उपाध्यक्ष एडवोकेट गुलरेज रज़ा ने कहा कि महत्वपूर्ण विभागीय कार्रवाई या नई प्रक्रिया लागू करने से पहले टैक्स बार एवं व्यापार मंडल को विश्वास में लिया जाए। उन्होंने उत्तराखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग रखी और कहा कि राजस्थान, तेलंगाना जैसे राज्यों में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ऐसे कानून लागू हैं, इसलिए उत्तराखंड में भी प्रभावी प्रावधान किए जाने चाहिए।
पूर्व अध्यक्ष डॉ. पूरन चंद्र पाण्डेय ने अधिकारियों और व्यापारियों के बीच प्रशिक्षण और संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की, जबकि *सदस्य भूपाल रावत* ने व्यापारियों की बैठक आयोजित कर उनकी समस्याएं सीधे सुनने का आग्रह किया।
जॉइंट कमिश्नर ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।

