हल्द्वानी—  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने आज हल्द्वानी में आयोजित उत्तराखंड प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का दीप जलाकर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर प्रदेशभर से आए व्यापारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी वर्ग किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है। व्यापारी केवल वस्तुओं के क्रय-विक्रय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और राष्ट्र की आर्थिक शक्ति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े उद्योगों से लेकर छोटे दुकानदारों तक, प्रत्येक व्यापारी प्रदेश की आर्थिक प्रगति में योगदान दे रहा है। कोविड-19 जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी व्यापारियों ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। राज्य सरकार व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग,,, व्यापारी हितों के लिए कीं 8 महत्वपूर्ण घोषणाएं,,।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि विकास का भागीदार मानती है। व्यापारियों के लिए भयमुक्त, सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और व्यापार से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है, जिसके अंतर्गत 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। निवेशकों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था तथा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड स्टार्टअप नीति और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की स्थापना की गई है।

औद्योगिक विकास को मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी बढ़ावा दिया जा रहा है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्क हेतु भूमि चिह्नित की गई है।

See also  डिग्री कॉलेज रामनगर के प्रधानाचार्य को जान से मारने की धमकी और लोक सेवक के कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही,,, 03 हिरासत में,,।

मुख्यमंत्री द्वारा की गई 8 महत्वपूर्ण घोषणाएं –

1. प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

2. व्यापारियों के साथ बेहतर संवाद और समस्याओं के समाधान के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी।

3. जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र व्यापारियों के आश्रित समय पर बीमा दावे की प्रक्रिया पूरी कर सकें।

4. पर्यटन व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल बनाई जाएगी तथा सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की जाएगी।

5. पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होम स्टे सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार एवं आय के अतिरिक्त अवसर मिल सकें।

6. चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी।

7. राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों तथा अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों एवं नालियों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से कराया जाएगा।

8. व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में स्थानीय व्यापार, पर्यटन, लघु उद्योग और स्वरोजगार की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के व्यापारी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी पहचान स्थापित करें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने *प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की स्मारिका का विमोचन* किया तथा व्यापार मंडल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।

See also  हल्द्वानी में IANETL-2026 का भव्य शुभारंभ :- नर्सिंग शिक्षा में AI और नवाचार पर हुआ मंथन ,, 614 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा,,।

कार्यक्रम में सांसद  अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री  राम सिंह कैड़ा, विधायक  बंशीधर भगत, विधायक श्रीमती सरिता आर्या, मेयर  गजराज सिंह बिष्ट, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राज्य अध्यक्ष  नवीन वर्मा, प्रदेश महामंत्री  प्रकाश मिश्रा, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष  विष्णु शर्मा, सचिव  बिट्टू पालीवाल, बीजेपी जिलाध्यक्ष  प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी  ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी  अरविंद कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी  विवेक राय एवं बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित थे।

You missed