Category: देहरादून

  • उत्तराखंड में बारिश रहेगी जारी,,, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट… स्कूल बंद।

    उत्तराखंड में बारिश रहेगी जारी,,, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट… स्कूल बंद।

    देहरादून— .उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार तीसरे दिन भी प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

    इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। एहतियात के तौर पर बागेश्वर और चंपावत में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

    वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज बौछारों का दौर जारी रह सकता है।

    बिजली गिरने और तेज बारिश की चेतावनी

    मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और अत्यधिक तीव्र बारिश की संभावना जताई है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।

    नदियां उफान पर, बढ़ा खतरा

    बुधवार को लगातार बारिश के चलते देहरादून की रिस्पना नदी और पिथौरागढ़ की काली नदी उफान पर रहीं। इसके अलावा मंदाकिनी और अलकनंदा नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 जुलाई तक प्रदेशभर में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।

    नैनीताल और देहरादून में भी बारिश जारी

    नैनीताल जिले में लगातार तीसरे दिन भी बारिश का दौर जारी है। हल्द्वानी में दिनभर बादल छाए रहने और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

    राजधानी देहरादून में भी सुबह से बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

  • मौसम अलर्ट – Uttrakhand -: 6 जुलाई तक नहीं मिलेगी राहत, भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी..।

    मौसम अलर्ट – Uttrakhand -: 6 जुलाई तक नहीं मिलेगी राहत, भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी..।

    देहरादून–  उत्तराखंड में मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। मानसून के दूसरे ही दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है।

    मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। वहीं नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, चम्पावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

    स्थिति को देखते हुए बागेश्वर और अल्मोड़ा में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

    6 जुलाई तक बिगड़ा रहेगा मौसम

    मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 6 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विशेषकर पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली तेज बारिश की बौछारें और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की गई है।

    नैनीताल और हल्द्वानी में लगातार बारिश

    नैनीताल जिले में भी मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। नैनीताल, हल्द्वानी, रामनगर, कालाढूंगी, भीमताल, चोरगलिया और मुक्तेश्वर में लगातार रुक-रुककर बारिश हो रही है। कई इलाकों में जलभराव और फिसलन की स्थिति बनी हुई है।

    30 जून को पूरे प्रदेश में बरसे बादल

    पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई। देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा समेत अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई स्थानों पर तेज बारिश भी रिकॉर्ड की गई।

    3 जुलाई तक इन जिलों पर विशेष नजर

    मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में भी भारी बारिश के आसार हैं।

    ऋषिकेश में राफ्टिंग बंद

    गंगा के बढ़ते जलस्तर और मानसून को देखते हुए ऋषिकेश में राफ्टिंग संचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार यह प्रतिबंध अगस्त तक प्रभावी रहेगा और राफ्टिंग का संचालन 1 सितंबर से दोबारा शुरू किया जाएगा।

    प्रशासन की अपील

    पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें।

    नदी, नालों और गधेरों के किनारे जाने से परहेज करें।

    भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें।

    मौसम विभाग और जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।

  • देहरादून-हिमाचल बॉर्डर पर हालात सामान्य,,, वार्ता के बाद निहंग जत्था पांवटा साहिब वापस लौटा,,।

    देहरादून-हिमाचल बॉर्डर पर हालात सामान्य,,, वार्ता के बाद निहंग जत्था पांवटा साहिब वापस लौटा,,।

    उत्तराखंड—  देहरादून-हिमाचल सीमा पर गुरुवार देर रात पैदा हुआ तनाव प्रशासन की सतर्कता और लगातार चली वार्ता के बाद शांत हो गया। जिला प्रशासन के अनुसार, पंजाब और चंडीगढ़ से आए अधिकांश निहंग पांवटा साहिब लौट गए हैं और सीमा क्षेत्र में स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है।

    जिलाधिकारी आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने देर रात निहंग प्रतिनिधियों से कई दौर की बातचीत की। प्रशासन का कहना है कि वार्ता सकारात्मक रही, जिसके बाद निहंगों ने वापस लौटने का निर्णय लिया। रेसकोर्स गुरुद्वारे पहुंचे कुछ निहंगों से भी बातचीत के बाद उन्हें शांतिपूर्वक वापस भेज दिया गया।

    इससे पहले सीमा पर कुछ निहंगों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की थी, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के दौरान संयम बरतते हुए हालात पर नजर बनाए रखी और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।

    पूरा विवाद 16 जून को कर्णप्रयाग में स्थानीय लोगों और निहंग सिखों के बीच हुए टकराव से जुड़ा है। इस मामले में दर्ज एफआईआर, गिरफ्तार किए गए चार निहंगों की रिहाई और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर यह घटनाक्रम सामने आया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून के दायरे में रहकर मामले की जांच जारी है।

    राज्य सरकार ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने की अपील की है।

  • उत्तराखंड में मानसून की दस्तक ,,, बदलने वाला है मौसम का मिजाज़…।

    उत्तराखंड में मानसून की दस्तक ,,, बदलने वाला है मौसम का मिजाज़…।

    देहरादून—   उत्तराखंड में मानसून की आहट अब साफ सुनाई देने लगी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय जिलों में आज गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

    वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

    मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में उत्तराखंड में प्रवेश कर सकता है। वर्तमान परिस्थितियां मानसून के लिए पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।

    अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून गुजरात और उत्तर अरब सागर क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा तथा इसके बाद उत्तराखंड के कई हिस्सों में दस्तक दे सकता है।

    मानसून के आगमन के साथ ही प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

    देहरादून में झमाझम बारिश से मिली राहत

    बुधवार को राजधानी देहरादून में सुबह तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में बादल छा गए और कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

    बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री, मुक्तेश्वर में 23.2 डिग्री और नई टिहरी में 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

    मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा और मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ बारिश का दायरा भी विस्तृत हो सकता है।

  • देहरादून पुलिस में बड़ा फेरबदल,,,, कोतवालों के हुए तबादले,,।

    देहरादून पुलिस में बड़ा फेरबदल,,,, कोतवालों के हुए तबादले,,।

    देहरादून–   कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने निरीक्षक नागरिक पुलिस के तबादलों और नई नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए हैं।

    जारी आदेशों के तहत कई महत्वपूर्ण थानों और शाखाओं में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

    डोईवाला कोतवाली की कमान अब निरीक्षक राकेश गुसाईं को सौंपी गई है। पुलिस महकमे में अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और प्रभावी कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले राकेश गुसाईं से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

    इसी क्रम में यशपाल सिंह बिष्ट को ऋषिकेश कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि कैलाश चंद्र भट्ट को नगर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

    इसके अलावा हरिओम राज चौहान को चुनाव सेल का दायित्व दिया गया है। कमल कुमार लुंठी को रायवाला थाना प्रभारी, संतोष सिंह कुंवर को शिकायत प्रकोष्ठ का शाखा प्रभारी तथा नरेंद्र सिंह गहलावत को डालनवाला कोतवाली प्रभारी बनाया गया है।

  • उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के संकेत :- कई जिलों में शुरू बारिश का दौर..,,।

    उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के संकेत :- कई जिलों में शुरू बारिश का दौर..,,।

    देहरादून—  उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को नैनीताल समेत राज्य के आठ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही संबंधित जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

    मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है।

    इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

    रविवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और चम्पावत के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

    तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस खटीमा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस केदारनाथ में रिकॉर्ड किया गया।

    देहरादून में ऐसा रहेगा मौसम

    राजधानी देहरादून में दिनभर आसमान साफ से लेकर आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। दोपहर और शाम के समय कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

    अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान

    23 जून
    उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अन्य पर्वतीय जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहेगा।

    24 जून
    पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मैदानी इलाकों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा।

    25 जून
    प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

    मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और ऊंचे क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है।

  • सलाउद्दीन की गिरफ्तारी से उत्तराखंड से यूपी तक फैली जांच, STF को मिले डिजिटल सुराग,,।

    सलाउद्दीन की गिरफ्तारी से उत्तराखंड से यूपी तक फैली जांच, STF को मिले डिजिटल सुराग,,।

    देहरादून/रुद्रपुर–  उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) द्वारा उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर से गिरफ्तार किए गए मोहम्मद सलाउद्दीन से पूछताछ और डिजिटल जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है।

    जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी के सोशल मीडिया नेटवर्क, मोबाइल फोन और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय संपर्कों की गहन पड़ताल की जा रही है।

    STF के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में सिग्नल और टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर कई समूहों और चैट्स से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। प्रारंभिक जांच में कुछ चैट्स में कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा, जिहाद, शहादत तथा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से संबंधित सामग्री मिलने की बात कही गई है। इन सभी तथ्यों की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच जारी है।

    जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी के कुछ संभावित अंतरराष्ट्रीय और सीमापार संपर्कों के संकेत भी मिले हैं। इन संपर्कों की वास्तविकता, दायरा और उद्देश्य का पता लगाने के लिए विभिन्न एजेंसियां समन्वित रूप से जांच कर रही हैं। कुछ चैट्स में हथियारों और विस्फोटक सामग्री से संबंधित संदिग्ध बातचीत भी सामने आई है, जिसकी स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जा रही है।

    पूछताछ के दौरान आरोपी ने कुछ चैट्स और संपर्कों को डिलीट किए जाने की जानकारी दी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक युवक से उसके संपर्कों की जानकारी मिलने पर STF ने जांच का दायरा राज्य की सीमाओं से बाहर भी बढ़ाया।

    अंतरराज्यीय नेटवर्क की संभावना को देखते हुए STF की एक विशेष टीम ने रामपुर में कार्रवाई कर अताउल्ला समीर नामक युवक से पूछताछ की।

    जांच एजेंसी के अनुसार, उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि उसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रभावित करने और कट्टरपंथी विचारधारा की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा था।

    STF ने बताया कि युवक से पूछताछ के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि उसके मोबाइल फोन को विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि सलाउद्दीन के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच में कई ऐसे डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जो उसे संदिग्ध कट्टरपंथी नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में जांच को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी जिन-जिन लोगों के संपर्क में था, उनकी भूमिका की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

    फिलहाल पूरा मामला जांच के अधीन है और एजेंसियां डिजिटल, फॉरेंसिक तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क की वास्तविकता और व्यापकता का पता लगाने में जुटी हैं।

  • धामी कैबिनेट के बड़े फैसले :- उपनल कर्मियों को राहत,,, आबकारी में दोहरा कर खत्म..।

    धामी कैबिनेट के बड़े फैसले :- उपनल कर्मियों को राहत,,, आबकारी में दोहरा कर खत्म..।

    उत्तराखंड—  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के विकास, रोजगार, शिक्षा, पर्यटन और जनकल्याण से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक की शुरुआत में पूर्व मुख्यमंत्री Bhuvan Chandra Khanduri और Jaspal Rana को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।

    कैबिनेट ने उत्तराखण्ड को विकास की नई दिशा देने वाले कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनका सीधा लाभ आम जनता, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और पर्यटन क्षेत्र को मिलेगा।

    उत्तराखण्ड संस्कृत नियमावली-2026 में संशोधन को मंजूरी

    कोलतार की उपलब्धता प्रभावित होने से सड़क निर्माण कार्यों के अनुबंध की समयावधि बढ़ाई गई

    उत्तराखण्ड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति

    आबकारी नियमावली में संशोधन, वेट और सेस पर लगने वाला दोहरा कर समाप्त

    सेलाकुई स्थित सगंध पौधा केंद्र में परफ्यूम परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित होगी

    25 देशों की भागीदारी वाली हिमालय कार रैली को मंजूरी

    उपनल कर्मचारियों के ‘समान कार्य-समान वेतन’ मामले में कट-ऑफ तिथि से बाहर के कर्मचारियों को भी राहत

    कारागार नियमावली में अभ्यस्त अपराधी की नई परिभाषा तय, सेवा नियमों में संशोधन और पदों में वृद्धि

    राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ हालिया भर्तियों में भी मिलेगा

    चारधाम यात्रा में उपयोग होने वाले पशुओं के बीमा प्रीमियम का 20 प्रतिशत हिस्सा सरकार वहन करेगी

    पशुपालन विभाग की कृत्रिम गर्भाधान पायलट परियोजना को मंजूरी

  • पूर्व सैनिक की मेधावी बेटी ने की आत्महत्या:-  सुसाइड नोट में लिखा– ‘आई लव यू मॉम, आई लव यू पापा’,,।

    पूर्व सैनिक की मेधावी बेटी ने की आत्महत्या:- सुसाइड नोट में लिखा– ‘आई लव यू मॉम, आई लव यू पापा’,,।

    उत्तराखंड—  देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कारगिल युद्ध में देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिक राजेश मल्ल थापा की 23 वर्षीय बेटी रिया कुमारी ने मंगलवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

    पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें रिया ने अपने माता-पिता के लिए प्यार जताते हुए लिखा, “आई लव यू मॉम, आई लव यू पापा”। साथ ही उसने स्वयं को इस कदम के लिए जिम्मेदार बताते हुए किसी अन्य व्यक्ति को दोषी नहीं ठहराया है।

    कमरे में फंदे से लटकी मिली रिया

    जानकारी के अनुसार रिया देर रात तक पढ़ाई करती थी और सुबह अक्सर देर से उठती थी। मंगलवार सुबह जब उसकी मां उसे नाश्ते के लिए बुलाने पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा नहीं खुला। कुछ देर बाद मंदिर से लौटे पिता ने दरवाजा खोला तो बेटी को फंदे से लटका पाया। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

    डॉक्टर बनने का था सपना

    रिया लंबे समय से मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी। परिवार और परिचितों के अनुसार वह पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर और समर्पित थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में वह अपने भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर चिंतित रहती थी, हालांकि पुलिस ने अभी तक आत्महत्या के पीछे किसी विशेष कारण की पुष्टि नहीं की है।

    पढ़ाई में अव्वल, समाज में भी पहचान

    रिया एक मेधावी छात्रा थी। उसने इंटरमीडिएट परीक्षा में 96.7 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। अपनी पढ़ाई जारी रखने के साथ-साथ वह बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी। शिक्षा और सामाजिक योगदान के लिए उसे गोरखाली सुधार सभा द्वारा सम्मानित भी किया गया था।

    पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

    सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

    रिया की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वह बेहद शांत, प्रतिभाशाली और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा थी।

  • घर में घुसकर मार दी गोली,,, राजधानी में देर रात अधिवक्ता की हत्या,।

    घर में घुसकर मार दी गोली,,, राजधानी में देर रात अधिवक्ता की हत्या,।

    उत्तराखंड—  देहरादून में शिमला बायपास रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात बड़ी वारदात हो गई। एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान साहिल उर्फ सोहेल के रूप में हुई है।

    जानकारी के अनुसार साहिल पेशे से वकील था और घटना के समय अपने घर में भाई के साथ मौजूद था। बताया जा रहा है कि देर रात कुछ हमलावर सुनियोजित तरीके से वहां पहुंचे और साहिल को निशाना बनाकर गोली चला दी।

    गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एक दिन पहले ही बैरागीवाला में भाजपा नेता विनोद की पीट पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

    सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पटेलनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की और मामले की जांच शुरू कर दी।

    घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

    मामला पुरानी रंजिश या किसी पूर्व नियोजित साजिश से जुड़ा हो सकता है इसलिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

    उधर, देर रात हुई इस सनसनीखेज हत्या ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हमलावरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।