Category: देहरादून

  • PCS रिजल्ट उत्तराखंड — मिले 9 नए डिप्टी कलेक्टर,,,जसमीत कौर “अदिति पुनेठा”,, बेटियों का वर्चस्व,,।

    PCS रिजल्ट उत्तराखंड — मिले 9 नए डिप्टी कलेक्टर,,,जसमीत कौर “अदिति पुनेठा”,, बेटियों का वर्चस्व,,।

    उत्तराखंड–  उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS)-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।

    परिणाम के साथ ही प्रदेश को नौ नए डिप्टी कलेक्टर मिले हैं। इस बार के नतीजों में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का दमदार परिचय दिया है।

    डिप्टी कलेक्टर पद की मेरिट सूची में जसमीत कौर ने पहला स्थान हासिल कर सफलता का नया इतिहास रचा, जबकि वर्षा जोशी दूसरे स्थान पर रहीं। शीर्ष दो स्थानों पर महिलाओं का कब्जा इस परीक्षा की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शुमार किया जा रहा है।

    आयोग ने मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की है।

    डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर, वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी का चयन हुआ है।

    वहीं पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) पद पर अदिति पुनेठा ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इस पद के लिए ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार सिंह पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी भी सफल घोषित किए गए हैं।

    इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा कार्याधिकारी जिला पंचायत समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां हुई हैं।

    शिक्षा, वित्त और कर विभागों में सबसे अधिक चयन दर्ज किए गए हैं। उप शिक्षा अधिकारी के 58, राज्य कर अधिकारी के 53, सहायक आयुक्त राज्य कर के 16 तथा वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 14 पदों पर अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।

    इसके अतिरिक्त जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी और परिवीक्षा अधिकारी के पदों पर भी चयन हुआ है।

    यूकेपीएससी के अनुसार अंतिम परिणाम 27 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित साक्षात्कार एवं अन्य परीक्षणों के आधार पर तैयार किया गया है।

    परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उत्तराखंड की बेटियां प्रशासनिक सेवाओं में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

  • 276 युवाओं के सपनों को मिली नई उड़ान,,, सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र,,।

    276 युवाओं के सपनों को मिली नई उड़ान,,, सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र,,।

    देहरादून—   मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित समारोह में चार विभागों में चयनित 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

    नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार नहीं, बल्कि जनता की सेवा और विकास में योगदान देने की नई जिम्मेदारी है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नकल माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है।

    सीएम धामी ने कहा कि विकसित भारत-2047 और विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया।

  • पहाड़ों में बर्फ, , मैदानों में बारिश,,, उत्तराखंड में मौसम का यू टर्न, 5 जिलों में अलर्ट,,

    पहाड़ों में बर्फ, , मैदानों में बारिश,,, उत्तराखंड में मौसम का यू टर्न, 5 जिलों में अलर्ट,,

    देहरादून—  उत्तराखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेशभर में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है।

    मौसम विभाग ने आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य पर्वतीय और मैदानी जिलों के लिए भी येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

    मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

    डेढ़ घंटे की बारिश से बदला मौसम

    नैनीताल जिले के हल्द्वानी समेत कई क्षेत्रों में शनिवार सुबह तक तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादलों ने आसमान को घेर लिया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक हुई तेज बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। बारिश के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली।

    केदारनाथ धाम में बर्फबारी, लौटी ठंड

    प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का असर और ज्यादा देखने को मिला। केदारनाथ धाम सहित कई ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फ की सफेद चादर बिछने से आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है और लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

    ठंडक का अहसास

    बारिश के बाद प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है।

    देहरादून : अधिकतम 33.8°C, न्यूनतम 17.0°C

    पंतनगर : अधिकतम 35.4°C, न्यूनतम 23.9°C

    मुक्तेश्वर : अधिकतम 20.2°C, न्यूनतम 9.5°C

    नई टिहरी : अधिकतम 25.2°C, न्यूनतम 10.5°C

    मानसून की दस्तक और करीब

    मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। मानसून अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले चार से पांच दिनों में केरल, तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

    मौसम विभाग की चेतावनी

    मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

  • भाजपा अध्यक्ष ने मेजर जनरल भुवन चन्द खंडूरी को दी श्रद्धांजलि,,,,

    भाजपा अध्यक्ष ने मेजर जनरल भुवन चन्द खंडूरी को दी श्रद्धांजलि,,,,

    देहरादून—  मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खण्डूडी, एवीएसएम, पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, भारत सरकार के निधन के उपरांत आज वसंत विहार, देहरादून स्थित आवास पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

    इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गढ़वाल सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने मेजर जनरल खण्डूडी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्रसेवा, अनुशासन, सादगी और जनसमर्पित जीवन को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

    राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “जनरल साहब से पार्टी के कार्यकर्ताओं को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उनका कृतित्व सदैव उत्तराखंड वासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। मेरी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ हैं।”

    उन्होंने इस दुखद घड़ी में मेजर जनरल खण्डूडी की पुत्री एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण एवं पुत्र मनीष खण्डूडी को धैर्य बनाए रखने और पिता के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संबल दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने परिवार के अन्य सदस्यों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

    भाजपा संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कहा, “जनरल साहब की कार्यशैली अद्वितीय थी। संगठन और सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।” उन्होंने कहा कि जनरल खण्डूडी का व्यक्तित्व अनुशासन, निष्ठा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण था।

    श्रद्धांजलि के दौरान एक अत्यंत भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा अन्य वरिष्ठ नेता मेजर जनरल खण्डूडी के पुत्र मनीष खण्डूडी के साथ भूमि पर बैठकर उनके दुख में सहभागी बने। नेताओं ने परिवार के साथ समय बिताते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया।

    इस दौरान उपस्थित जनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।

  • 2027 चुनाव की नब्ज़ टटोलने उत्तराखंड पहुंचे बीजेपी चीफ नितिन नवीन,,,,

    2027 चुनाव की नब्ज़ टटोलने उत्तराखंड पहुंचे बीजेपी चीफ नितिन नवीन,,,,

    देहरादून—   उत्तराखंड की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट तेज होती नजर आ रही है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर गुरुवार को देहरादून पहुंचे,

    जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे भाजपा संगठन आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है।

    जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और ढोल-दमाऊ के साथ उनका स्वागत किया।

    एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 25 स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

    देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय और प्रमुख मार्गों को भगवा झंडों, पोस्टरों और स्वागत बैनरों से सजाया गया है। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और नारेबाजी के बीच संगठन की ताकत का प्रदर्शन भी देखने को मिला।

    भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पूरी तरह संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक समन्वय और आगामी चुनावी रणनीति को धार देने पर केंद्रित रहेगा।

    भाजपा मुख्यालय में कोर कमेटी की अहम बैठक शुरू गई है, जिसमें राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।

    29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, मेयरों, पंचायत प्रतिनिधियों और संगठन के विभिन्न मोर्चों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इसके अलावा मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी सेल के पदाधिकारियों के साथ भी संवाद प्रस्तावित है, जिसमें चुनावी और जनसंपर्क रणनीति पर चर्चा होगी।

    दौरे के अंतिम दिन 30 मई को नितिन नवीन का फोकस बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और युवाओं पर रहेगा। वह टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद बूथ अध्यक्ष के आवास पर नाश्ता करेंगे और बूथ समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी और मुख्यमंत्री आवास में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होकर युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।

    राजनीतिक जानकार इस दौरे को भाजपा की 2027 चुनावी तैयारियों का शुरुआती रोडमैप मान रहे हैं। संगठन बूथ स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक समन्वय मजबूत करने और युवा मतदाताओं को साधने की रणनीति पर तेजी से काम करता दिखाई दे रहा है।

  • सृष्टि की सृजनकर्ता है नारी :– रेखा आर्या

    सृष्टि की सृजनकर्ता है नारी :– रेखा आर्या

    देहरादून—   विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर राज्य की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने किशोरी और महिलाओं के जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। इस मौके पर महिलाओं और किशोरियों को स्वच्छता किट वितरित की गई।

    सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भारतीय परंपरा में इस जैविक प्रक्रिया को प्राकृतिक वैज्ञानिक और नारी की सृजन क्षमता का आधार माना गया है। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं को ईश्वर का वह पवित्र आशीर्वाद है जो उन्हें सृष्टि की सृजनकर्ता बनाता है।

    कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस विषय में समाज में बहुत सारी भ्रांतियां प्रचलित है और इस बारे में सामाजिक सोच को बदलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के लिए स्वास्थ्यवर्धक खान-पान और मासिक धर्म के दिनों में स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक उपाय अपनाना आवश्यक है।

    इस अवसर पर उन्होंने किशोरी और बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता किट वितरित की।

    कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मोदी सरकार ने देशभर में स्थित हजारो जनऔषधि केदो पर मात्र ₹1 में सुरक्षित सेनेटरी पैड वितरित किया जाता है।

    इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने मेरी सहेली नैपकिन वेंडिंग मशीन व आंगनबाड़ी बहनों के माध्यम से चल रही नैपकिन वितरण योजना के जरिए ग्रामीण समाज की लाखों महिलाओं को सुरक्षित स्वच्छता उपाय है अपनाने में मदद की है।

    कार्यक्रम के दौरान महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर निहारिका ने प्रतिभागियों को मासिक धर्म और उससे जुड़ी समस्याओं के बारे में संवाद के जरिए मार्गदर्शन दिया।

    इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी आदि उपस्थित रहे।

  • उत्तराखंड में बकरीद की छुट्टी अब 28 मई को, सरकार ने बदली अवकाश तिथि,,,,

    उत्तराखंड में बकरीद की छुट्टी अब 28 मई को, सरकार ने बदली अवकाश तिथि,,,,

    देहरादून—  उत्तराखंड सरकार ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। पहले यह अवकाश 27 मई 2026 (बुधवार) को घोषित किया गया था,

    लेकिन अब संशोधित आदेश जारी करते हुए 28 मई 2026 (बृहस्पतिवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

    सरकार के आदेश के अनुसार, निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट 1881 के तहत राज्य के सभी बैंक, कोषागार और उप-कोषागार भी 28 मई को बंद रहेंगे। बाकी सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।

  • उत्तराखंड पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल की संदिग्ध मौत,,, सर्विस कार्बाइन से 11 फायर..

    उत्तराखंड पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल की संदिग्ध मौत,,, सर्विस कार्बाइन से 11 फायर..

    उत्तराखंड—-  देहरादून के रानीपोखरी क्षेत्र में उत्तराखंड पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल सुनील (49) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई।

    जौलीग्रांट एयरपोर्ट में तैनात सुनील सोमवार रात ड्यूटी से घर लौटे थे। देर रात उनके आवास के बरामदे में अचानक उनकी सर्विस कार्बाइन से एक के बाद एक 11 गोलियां चल गईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

    गोलियों की आवाज सुनकर परिजन उन्हें गंभीर हालत में हिमालयन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रानीपोखरी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

    प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का एंगल भी सामने आ रहा है। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले घर में विवाद होने की बात कही जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।

  • उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल :- कई IAS-PCS के तबादले,,,DM भी बदले गए,,,,

    उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल :- कई IAS-PCS के तबादले,,,DM भी बदले गए,,,,

    देहरादून—   उत्तराखंड शासन ने शनिवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव कर दिया।

    शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई अहम विभागों और जिलों में नई तैनातियां की गई हैं। कुछ जिलाधिकारियों (DM) समेत वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

    जारी आदेश के मुताबिक सचिव पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध विकास एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद पर तैनात बी०वी०आर०सी० पुरुषोतम को उनके वर्तमान पदभार से अवमुक्त कर दिया गया है। वहीं डॉ० रंजीत कुमार सिन्हा को सचिव उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

    विनय शंकर पाण्डे से आयुक्त गढ़वाल मंडल, पौड़ी का अतिरिक्त प्रभार वापस लेते हुए उन्हें सचिव नागरिक उड्डयन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, आयुक्त स्वास्थ्य तथा यूके हेल्थ सिस्टम डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का दायित्व सौंपा गया है।

    सविन बंसल को सचिव नियोजन बनाया गया है, जबकि आनन्द स्वरूप को आयुक्त गढ़वाल मंडल, पौड़ी की जिम्मेदारी दी गई है।

    आदेश के अनुसार आशीष चौहान को निदेशक खेल एवं युवा कल्याण नियुक्त किया गया है। वहीं मनुज गोयल को मिशन निदेशक एनएचएम बनाया गया है। संजय कुमार को निदेशक समाज कल्याण, हल्द्वानी की जिम्मेदारी दी गई है।

    अभिषेक रूहेला को मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीएमजीएसवाई बनाया गया है, जबकि सौरभ गहरवार को नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

    आलोक कुमार पाण्डे को अपर सचिव सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग के साथ आईटीडीए निदेशक, हिल्ट्रान प्रबंध निदेशक और पीएमजीएसवाई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

    नमामि बंसल को अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा विभाग बनाया गया है। वहीं संदीप तिवारी को मिशन निदेशक एनएचएम और एमडी जीएमवीएन का दायित्व सौंपा गया है।

    दीप्ति सिंह को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है।

    इसके अलावा प्रतीक जैन को जिलाधिकारी बागेश्वर नियुक्त किया गया है, जबकि आकांक्षा कोण्डे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा और निदेशक कर्मचारी बीमा योजना का दायित्व सौंपा गया है।

    पीसीएस अधिकारियों में भी बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। गिरधारी सिंह रावत को अपर सचिव सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग बनाया गया है। इलागिरि को दुग्ध विकास विभाग में नई जिम्मेदारी दी गई है।

    सुन्दर लाल सेमवाल को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन विभाग तथा फिन्चाराम को अपर सचिव गृह विभाग का दायित्व सौंपा गया है।

    इसके अतिरिक्त हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत समेत कई जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव किए गए हैं। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

  • उत्तराखंड– 42°C की चेतावनी— घर से निकलें, तो संभलकर– इन जिलों में अलर्ट— आसमान से बरस रही आग !

    उत्तराखंड– 42°C की चेतावनी— घर से निकलें, तो संभलकर– इन जिलों में अलर्ट— आसमान से बरस रही आग !

    देहरादून—  उत्तराखंड इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। पहाड़ों की ठंडी फिजाओं के लिए पहचाने जाने वाले प्रदेश में अब मैदानी इलाकों से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों तक सूरज आग उगल रहा है।

    मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर समेत छह जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों की दिनचर्या तक प्रभावित कर दी है।

    सबसे ज्यादा तपेगा यह जिला !

    ऊधम सिंह नगर, खासतौर पर रुद्रपुर और काशीपुर क्षेत्र, प्रदेश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल हो गए हैं। यहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में भी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और बाजारों में भीड़ कम हो गई है।

    सरकार अलर्ट मोड पर

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सभी जिलों को हीटवेव गाइडलाइन जारी कर दी गई है। अस्पतालों में हीटवेव मरीजों के लिए अलग वार्ड, कूलिंग सिस्टम, आइस पैक, ओआरएस और जरूरी दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

    स्वास्थ्य विभाग की खास तैयारी

    स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने साफ कहा है कि लू से होने वाली मौतों को रोकना सरकार की प्राथमिकता है। हर जिले से रोजाना रिपोर्ट मांगी जा रही है और हीटवेव से जुड़े मामलों को आईएचआईपी प्लेटफॉर्म पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।

    इनका खास ख्याल रखें

    बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और धूप में काम करने वाले मजदूर हाई रिस्क कैटेगरी में रखे गए हैं। लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घरों में रहने, हल्के कपड़े पहनने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी गई है।

    बुधवार को ऐसा रहा तापमान

    | शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
    | ——— | ————- | ————– |
    | देहरादून | 40.6°C | 24.7°C |
    | हरिद्वार | 41°C | 26°C |
    | हल्द्वानी | 40°C | 25°C |
    | रुद्रपुर | 40.5°C | 24.8°C |
    | काशीपुर | 40°C | 25°C |
    | कोटद्वार | 39°C | 24°C |
    | पंतनगर | 40.5°C | 24.8°C |

    सावधान रहें, सुरक्षित रहें

    मौसम विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है।