Category: देहरादून

  • गंगा की पवित्रता को बचाना सबकी जिम्मेदारी :- रेखा आर्या

    गंगा की पवित्रता को बचाना सबकी जिम्मेदारी :- रेखा आर्या

    देहरादून—   कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को द मोंटेसरी स्कूल के 83 वें वार्षिकोत्सव का उद्घाटन किया। यह आयोजन संस्कृति विभाग के सभागार में किया गया था।

    स्कूल के बच्चों ने नृत्य नाटिका ऑडियो विजुअल स्टोरी टेलिंग के जरिए गंगा के पृथ्वी पर अवतरण की कहानी, कालांतर में भारतीय जीवन मूल्यों में गंगा की महत्ता और औद्योगीकरण के चलते प्रदूषित गंगा की सजीव झांकियां प्रस्तुत की।

    कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने कहा कि बच्चों ने जिस तरह गंगा की पूरी यात्रा को चित्रित किया वह न सिर्फ मन को मोहने वाला था बल्कि उसमें हम सबके लिए कई बड़े सबक भी छिपे हैं।

    उन्होंने कहा कि मां गंगा की पवित्रता को कायम रखना देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी है और युवाओं को विकास के साथ-साथ पर्यावरण व नदियों के संरक्षण का भी संकल्प लेना होगा।

    रेखा आर्या ने कहा कि बच्चों को अपनी परंपरा, समाज, पर्यावरण और इतिहास से जोड़ने का यह अनुपम प्रयास है, क्योंकि संस्कार रहित शिक्षा का कोई अर्थ नहीं होता।

    इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन विजय खन्ना, निदेशक समर्थ खन्ना, दून विश्वविद्यालय कि कुलपति सुरेखा डंगवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सुरेंद्र मित्तल, विनोद कपणवान आदि उपस्थित रहे।

  • देहरादून, रिखणीखाल विकास समिति की दो दिवसीय वालीबॉल प्रतियोगिता हुई प्रारम्भ।

    देहरादून, रिखणीखाल विकास समिति की दो दिवसीय वालीबॉल प्रतियोगिता हुई प्रारम्भ।

    देहरादून—  रिखणीखाल प्रखंड के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में निवासरत वालीबॉल खिलाड़ियों का प्रतियोगिता का आयोजन सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल हरिद्वार बाईपास रोड़ देहरादून के परिसर में आयोजित किया जा रहा है।

    प्रतियोगिता का प्रथम दिवस का उद्घाटन भारतीय वालीबॉल टीम, जो कि वालीबॉल के लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित  अरूण सूद द्वारा किया गया।

    इस अवसर पर सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के प्रबन्ध निदेशक  विपिन बलूनी, जयमल सिंह नेगी राष्ट्रपति पुलिस पदकविशिष्ट अतिथि रहे।

    उनके योगदान को समिति कभी भुला नहीं सकती।इस अवसर पर उन्होने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता से जहाँ खिलाड़ियों को अपना हुनर,दम-खम व जोश दिखाने का मौका मिलता है।साथ ही क्षेत्रीय एकता,पारस्परिक मेल मिलाप, इस प्रकार के आयोजनों से बढ़ावा मिलता है।

    देहरादून रिखणीखाल विकास समिति एक पंजीकृत संस्था है।यह जनपद गढ़वाल के रिखणीखाल के निवासियों जो देहरादून मेें निवासरत हैं, उनकी अपनी सामाजिक संस्था है।विगत वर्ष भी इसी परिसर में वालीबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न हुई थक।जिसका पहल व प्रेरणा का श्रेय शैलेन्द्र सिंह नेगी,PCS ग्राम चुरानी,रिखणीखाल, जो कि वर्तमान में अपर जिलाधिकारी, वित व राजस्व के पद पर नैनीताल में कार्यरत हैं। उनकी ही दृढ़संकल्प, इच्छाशक्ति व पहल पर यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष आयोजित होती आ रही है।

    इस बार इस वालीबॉल प्रतियोगिता 45 वर्ष से कम आयु वर्ग व 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए संचालित की जा रही है।45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने प्रतिभाग किया,व 45 वर्ष से कम आयु वर्ग में 7 ,टीमों द्वारा प्रतिभाग किया।

    आज लीग प्रतियोगिता में 45 से अधिक आयुवर्ग में बराई धूरा,गवाणा द्वारी ने 2-2 ,मैच जीते,जबकि कंडिया, आदर्श ग्राम कुमाल्डी ,भयांसू ने 1-1 मैच जीते। 45 ,से कम आयुवर्ग में रजबौ,अकेला फ्रैंड्स क्लब, मन्दाकिनी क्लब कुमाल्डी, किल्बौखाल द्वारा 1-1 मैच जीता गया।

    कार्यक्रम का संचालन समिति के महासचिव जयपाल सिंह रावत ने बखुबी निभाया।समिति के अध्यक्ष हीरा सिंह नेगी क्रीडा सचिव सतेन्दर सिंह रावत ने विशेष सहयोग, अनुशासन व एकता बनाये रखने पर जोर दिया।

     

    इस अवसर पर समिति के प्रदीप रावत, पूर्व मुख्य शिक्षा अधिकारी,प्रद्युम्न सिंह रावत, रूप सिंह रावत, लीला सिंह रावत, कर्नल श्याम सिंह गुसांई, सुशील जोशी,पूर्व अध्यक्ष, होशियार सिंह रावत, प्रभुपाल सिंह रावत, रामपाल सिंह नेगी,मोहन सिंह नेगी,दिनेश गुसांई कोषाध्यक्ष, संजय रावत 19 गढ़वाल राइफल्स, व अनेक महिलायें बच्चे व उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

  • सशक्त लोकायुक्त के गठन को लेकर राष्ट्रवादी पार्टी ने सरकार को दी चेतावनी,,,  सीएम आवास कूच का ऐलान और होगा आमरण अनशन।

    सशक्त लोकायुक्त के गठन को लेकर राष्ट्रवादी पार्टी ने सरकार को दी चेतावनी,,, सीएम आवास कूच का ऐलान और होगा आमरण अनशन।

    उत्तराखंड—   उत्तराखंड में सशक्त लोकायुक्त के गठन की लंबित मांग को लेकर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी (RRP) ने शुक्रवार को देहरादून प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।

    पार्टी ने राज्य सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने और हाईकोर्ट के निर्देशों की अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए कड़ी चेतावनी दी।

    यदि शीघ्र सशक्त लोकायुक्त का गठन नहीं किया गया, तो 4 जनवरी को देहरादून घंटाघर स्थित स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के स्मारक पर एक दिवस दिन का उपवास आयोजित किया जाएगा तथा 11 जनवरी क्रांति दिवस के दिन परेड ग्राउंड से से मुख्यमंत्री आवास तक एक विशाल रैली निकाली जाएगी। इसके बाद 30 जनवरी 2026 से लोकायुक्त कार्यालय पर आमरण अनशन शुरू किया जाएगा, साथ ही प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।

    इस अवसर पर पार्टी की ओर से  मुख्यमंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन भी प्रेषित किया गया, जिसमें सशक्त लोकायुक्त के शीघ्र गठन की मांग की गई तथा लोकायुक्त के नाम पर हो रहे अनावश्यक भारी-भरकम व्यय को तत्काल रोकने का आग्रह किया गया।

    प्रेस कॉन्फ्रेंस को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल, लोकायुक्त अभियान के संयोजक परमानंद बलोदी, सुमन राम बडोनी, प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईस्टवाल सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

    प्रमुख बयान:—
    शिव प्रसाद सेमवाल (राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी):
    “राज्य सरकार ने कई चुनावी घोषणा-पत्रों में सशक्त लोकायुक्त गठन का वादा किया, लेकिन आज तक इसे पूरा नहीं किया। हाईकोर्ट ने बार-बार निर्देश दिए, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं।

    लोकायुक्त कार्यालय के नाम पर करोड़ों रुपये का व्यय हो रहा है, लेकिन बिना लोकायुक्त के यह सब व्यर्थ है। हमने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है और मांग करते हैं कि तत्काल सशक्त और स्वतंत्र लोकायुक्त का गठन किया जाए। अन्यथा, 30 जनवरी से आमरण अनशन और प्रदेशव्यापी आंदोलन अनिवार्य होगा। जनता भ्रष्टाचार से त्रस्त है, सरकार अब और बहाने नहीं बना सकती।”

    परमानंद बलोदी (लोकायुक्त अभियान संयोजक):—
    “लोकायुक्त के नाम पर भवन, स्टाफ और वाहनों पर भारी खर्च हो रहा है, जो जनता के पैसों की बर्बादी है। यह पैसा भ्रष्टाचार रोकने में लगना चाहिए, न कि खाली कार्यालय चलाने में। सरकार की उदासीनता से भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है। हमारा आंदोलन अहिंसक होगा, लेकिन दृढ़ रहेगा।”

    सुमन राम बडोनी:—
    “उत्तराखंड की जनता पारदर्शी शासन चाहती है। सशक्त लोकायुक्त के बिना जवाबदेही कैसे सुनिश्चित होगी? सरकार अपने वादे निभाए, वरना जनआंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।”

    सुलोचना ईष्टवाल (प्रदेश अध्यक्ष):—
    “महिलाओं और आम नागरिकों पर भ्रष्टाचार का सबसे ज्यादा असर पड़ता है। पार्टी पूरे प्रदेश में इस मुद्दे को लेकर जागरूकता अभियान चलाएगी। सरकार को चेतावनी है कि जनता की हताशा अब आंदोलन में बदल रही है।”

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने अन्य सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों से भी इस मुद्दे पर समर्थन की अपील की।

    यह मुद्दा लंबे समय से विवादास्पद बना हुआ है, जहां लोकायुक्त अधिनियम 2014 में पारित होने के बावजूद नियुक्ति नहीं हो पाई है। पार्टी का कहना है कि यह आंदोलन भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड के लिए निर्णायक साबित होगा।

    प्रेस वार्ता में राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल , प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल, लोकायुक्त अभियान के संयोजक परमानंद बलोदी,व सुमन राम बडोनी, वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश ईष्टवाल, आरटीआई व मानवाधिकार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार तथा देहरादून जिला अध्यक्ष नवीन पंत आदि लोग मौजूद थे।

  • महिला सशक्तिकरण एवं आयोग के आगामी कार्यक्रमों को लेकर महिला आयोग की अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट।

    महिला सशक्तिकरण एवं आयोग के आगामी कार्यक्रमों को लेकर महिला आयोग की अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट।

    देहरादून—  आज उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।

    आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने बताया कि इस अवसर पर महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं आयोग के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राज्य महिला आयोग द्वारा प्रस्तावित आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई, जिस पर उन्होंने महिलाओं के हित में प्रभावी कार्यों को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।

    अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने बताया कि महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में यह संवाद निश्चित रूप से एक सशक्त कदम है।

    भेंट के दौरान अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को आयोग द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि “महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना केवल संवैधानिक दायित्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। राज्य महिला आयोग व सरकार महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संवेदनशील व सक्रिय भूमिका निभा रहे है।”

    साथ ही उन्होंने जानकारी देते हुए बताया की मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व वाली सरकार के सहयोग से आयोग, महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध जैसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी हस्तक्षेप सुनिश्चित कर रहा है, जिससे पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय मिल रहा है।

  • नौकुचियाताल में दिखा रॉयल बंगाल टाइगर,,,  बाघ की पहाड़ों में धमक।

    नौकुचियाताल में दिखा रॉयल बंगाल टाइगर,,, बाघ की पहाड़ों में धमक।

    उत्तराखंड—  उत्तराखण्ड में नैनीताल के आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार रॉयल बंगाल टाइगर(बाघ)दिखने से स्थानीय परेशान तो वन्यजीव प्रेमी खुश नजर आ रहे हैं।

    सातताल में आज बाघ का वीडियो बना है। सातताल के दो बाघ भी ‘ऑल इंडिया टाइगर सेंसस’ में जुड़ेंगे।

    नैनीताल जिले में कॉर्बेट से लगे जंगलों समेत तराई के जंगलों से अक्सर बाघ पहाड़ों की तरफ चले आ रहे हैं। बाघ अकेले अपनी मदमस्त चाल में चलते दिखते हैं, जबकी कुछ बाघ/बाघिन अपने शावकों और साथियों के साथ भी देखने को मिलते हैं।

    सातताल के स्थानीय निवासी संजय कुमार ने आज सवेरे इस घटना का वीडियो बनाया और सोशियल मीडिया में पोस्ट किया। पिछली कुछ घटनाओं में पहाड़ चढ़े बाघ कुछ इस तरह कैमरों में कैद हो गए थे।

    फरवरी 2017 में बेतालघाट में एक वयस्क बाघ तार से फंस गया था, जिसे वन विभाग ने रैस्क्यू कर नैनीताल जू में रखा था। दिसंबर 2022 में भीमताल के चनौतिया गांव में बाघ का वीडियो बना था, जिससे उस क्षेत्र के ग्रामीण दहशत में आ गए थे।

    मई 2023 में भीमताल के चनौतिया गांव में ही तीन बाघ कैमरे में कैद हुए थे, जिसके बाद वन विभाग ने वहां कैमरा ट्रैप लगाया था।

    दिसम्बर 2023 में अल्मोड़ा के जागेश्वर में बाघ कैमरे में कैद हुआ था। दिसंबर 2024 में भीमताल के सिलौटी में बाघ ने 55 वर्षीय महिला पर हमला किया था, जिसे बमुश्किल रैस्क्यू कर रानीबाग सेंटर भेजा गया था।

    भवाली के फारेस्ट रेंज ऑफिसर विजय मेलकानी ने बताया कि बीती 15 दिसंबर से ‘ऑल इंडिया टाइगर सेंसस’ शुरू हो रहा है और इस घटना की पुष्टि के साथ ही इसे भी उसमें जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में दो बाघों की उपस्थिति के प्रमाण पहले से ही मिले हैं।

  • अनुपमा हत्याकांड–पति राजेश ने 72 टुकड़े किए थे, उसकी सजा पर आया फैसला।

    अनुपमा हत्याकांड–पति राजेश ने 72 टुकड़े किए थे, उसकी सजा पर आया फैसला।

    नैनीताल—   देहरादून के बहुचर्चित अनुपमा गुलाटी हत्याकांड में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को सही ठहराते हुए आरोपी पति राजेश गुलाटी की आजीवन कारावास की सजा बरकरार रखी है। बुधवार को हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह अपराध अत्यंत जघन्य और अमानवीय श्रेणी का है, जिसमें किसी प्रकार की रियायत का कोई आधार नहीं बनता।

    नैनीताल हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति आलोक माहरा की खंडपीठ ने राजेश गुलाटी द्वारा दायर अपील को खारिज करते हुए कहा कि निचली अदालत द्वारा दिया गया निर्णय कानून और साक्ष्यों के अनुरूप है।

    72 टुकड़ों में की गई थी निर्मम हत्या

    मामला 17 अक्टूबर 2010 का है, जब राजेश गुलाटी ने अपनी पत्नी अनुपमा गुलाटी की नृशंस हत्या कर शव के 72 टुकड़े किए और उन्हें डीप फ्रीजर में छिपाकर रख दिया। यह घटना सामने तब आई, जब दिसंबर 2010 में अनुपमा से संपर्क न हो पाने पर उसका भाई दिल्ली से देहरादून पहुंचा। पूछताछ में राजेश के लगातार झूठ बोलने पर शक गहराया और पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली।

    तलाशी के दौरान डीप फ्रीजर में पॉलीथीन में लिपटे मानव अंग बरामद हुए, जो जांच में अनुपमा गुलाटी के ही पाए गए। इसके बाद अनुपमा के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ और राजेश गुलाटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इस सनसनीखेज मामले में आरोपी को उस समय ‘नरपिशाच’ तक कहा गया था।

    निचली अदालत का फैसला और हाईकोर्ट की मुहर

    देहरादून की निचली अदालत ने 1 सितंबर 2017 को राजेश गुलाटी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, साथ ही 15 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया था। अदालत ने निर्देश दिए थे कि 70 हजार रुपये राजकीय कोष में और शेष राशि अनुपमा के बच्चों के बालिग होने तक बैंक में जमा कराई जाए। अदालत ने इस अपराध को अत्यंत क्रूर और समाज को झकझोर देने वाला माना था।

    राजेश गुलाटी ने इसी फैसले को चुनौती देते हुए 2017 में हाईकोर्ट में अपील दायर की थी, जिसे अब खारिज कर दिया गया है।

    लव मैरिज से खौफनाक अंत तक

    राजेश गुलाटी पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और उसने 1999 में अनुपमा गुलाटी से प्रेम विवाह किया था। लेकिन वर्षों बाद यह रिश्ता एक ऐसे खौफनाक अंजाम तक पहुंचा, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।

  • उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा:- ट्रक से टकराई तेज रफ्तार XUV, चार दोस्तों की दर्दनाक मौत।

    उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा:- ट्रक से टकराई तेज रफ्तार XUV, चार दोस्तों की दर्दनाक मौत।

    उत्तराखंड—-  तेज रफ्तार में एक बार फिर बड़े हादसे का रूप ले लिया देर रात हुए भीषण हादसे में चार घरों के चिराग बुझ गए।

    प्राप्त जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया।

    हरिद्वार की ओर से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा XUV500 कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर उसके नीचे जा घुसी, जिससे कार में सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

    घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को बचाने की कोशिश शुरू की।

    रात करीब 10 बजे हुआ हादसा, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन–

    कोतवाली ऋषिकेश के अनुसार, 16 दिसंबर की रात करीब 10 बजे कंट्रोल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि पीएनबी सिटी गेट के पास, मनसा देवी मंदिर रेलवे फाटक के नजदीक एक कार ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी है।

    सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश, श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल चौकी से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

    वाहन काटकर निकाले गए शव–

    टक्कर इतनी भीषण थी कि XUV500 ट्रक के नीचे पूरी तरह फंस गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और शव अंदर फंसे थे। पुलिस को कटर मशीन से वाहन काटकर शव बाहर निकालने पड़े।

    पुलिस के अनुसार, हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया।

    गाय को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा (प्रथम दृष्टया)–

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक ने सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने की कोशिश की, इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे खड़े ट्रक से जा टकराई। हालांकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

    मृतकों की पहचान, सभी ऋषिकेश के रहने वाले–

    पुलिस ने मृतकों की पहचान इस प्रकार की है।

    धीरज जायसवाल (31) पुत्र दीनबंधु जायसवाल, निवासी चंद्रेश्वर नगर, दुर्गा मंदिर रोड, ऋषिकेश
    हरिओम पांडे (22) पुत्र अरविंद कुमार, निवासी हनुमान मंदिर, गुमानीवाला, ऋषिकेश
    कर्ण प्रसाद (23) पुत्र तुलसी प्रसाद, निवासी लक्कड़ घाट, ऋषिकेश
    सत्यम कुमार (20) पुत्र मंगल सिंह, निवासी गुज्जर बस्ती, ऋषिकेश

    हादसे के वक़्त XUV500 धीरज जायसवाल चला रहे थे। पुलिस के अनुसार चारों युवक आपस में दोस्त थे और स्थानीय निवासी थे।

    जांच जारी, परिजनों को दी गई सूचना—

    ऋषिकेश के क्षेत्राधिकारी (CO) ने बताया कि फिलहाल किसी की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

    यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के खतरे को उजागर करता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से रफ्तार नियंत्रित रखने और सतर्कता बरतने की अपील की है।

  • स्वास्थ्य सचिव उत्तराखंड , डॉ आर राजेश कुमार को राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त होने सीएमओ नैनीताल में खुशी की लहर, बटी मिठाई।

    स्वास्थ्य सचिव उत्तराखंड , डॉ आर राजेश कुमार को राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त होने सीएमओ नैनीताल में खुशी की लहर, बटी मिठाई।

    नैनीताल—-   स्वास्थ्य सचिव उत्तराखंड , डॉ आर राजेश कुमार को राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त होने पर कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नैनीताल में डॉक्टर एच सी पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल द्वारा मिठाई वितरित कर हर्ष व्यक्त किया गया वह शुभकामनाएं दी गई ।

    स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार दूरदर्शिता और उत्कृष्ट कार्यो के लिए स्वास्थ्य सचिव डॉक्टर आर राजेश कुमार को पब्लिक रिलेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (पी आर एस आई) द्वारा राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

    यह सम्मान उत्तराखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने दुरुस्त व दुर्गम क्षेत्रों में गुणवत्ता पूरक सेवाएं पहुंचाने और तकनीकी आधारित समाधानों को प्रभावी रूप से लागू करने व उनके सतत प्रयासों की सशक्त पहचान है।

    डॉक्टर राजेश कुमार के नेतृत्व में टैली मेडिसिन का विस्तार और एयर एंबुलेंस जैसी महत्वपूर्ण पहल माँ- शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों का सुधारीकरण और आधारभूत ढांचे का सशक्त निर्माण इन सभी में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को को मजबूत किया है।

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में किए गए यह प्रयास सराहनी है । डॉक्टर एच0सी0 पंत मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल द्वारा कहा गया हम कामना करते हैं कि डॉक्टर आर राजेश कुमार भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और नवाचार के साथ जनहित में उत्कृष्ट कार्य करते रहे।

    क्यों कि उपलब्धि समस्त स्वास्थ्य विभाग की को समर्पित टीम के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत है ।

    मिष्ठान वितरण में डॉक्टर गौरव कुमार, मदन मेहरा, श्रीमती तुलसी, दीपा जोशी ,सरयू नंदन जोशी, दीवान बिष्ट, दीपक कांडपाल, सपना जोशी, रूबी आदि  उपस्थित रहे।

  • सुशासन में उत्कृष्टता :—  IAS बंशीधर तिवारी को मिला राष्ट्रीय सम्मान।

    सुशासन में उत्कृष्टता :— IAS बंशीधर तिवारी को मिला राष्ट्रीय सम्मान।

    उत्तराखंड—  देहरादून में आयोजित 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस उत्तराखंड के लिए गौरव का अवसर बन गई। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपर सचिव एवं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी को सुशासन में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया।

    यह सम्मान प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शी शासन व्यवस्था और प्रभावी जनसंचार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया। बंशीधर तिवारी ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से सरकारी नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम जनता तक सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई है। डिजिटल माध्यमों के नवाचारपूर्ण उपयोग और संवेदनशील संचार रणनीतियों से उन्होंने सुशासन की अवधारणा को मजबूत आधार दिया है।

    उल्लेखनीय है कि देहरादून 13 से 15 दिसंबर तक 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस की मेजबानी कर रहा है। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) द्वारा आयोजित यह सम्मेलन “विकसित भारत @2047: विकास भी, विरासत भी” विषय पर केंद्रित है। सम्मेलन में देशभर से जनसंपर्क, मीडिया और कम्युनिकेशन क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं, जहां सुशासन, पारदर्शिता, डिजिटल कम्युनिकेशन और राष्ट्र निर्माण में जनसंपर्क की भूमिका पर गहन मंथन किया जा रहा है।

    यह सम्मान न केवल बंशीधर तिवारी की कार्यशैली की सराहना है, बल्कि उत्तराखंड को प्रभावी, पारदर्शी और जनकेंद्रित शासन के राष्ट्रीय उदाहरण के रूप में भी स्थापित कर रहा है।

  • नैनीताल जिले को नाबार्ड की बड़ी सौगात : — तीन मेगा प्रोजेक्ट को दी मंजूरी।

    नैनीताल जिले को नाबार्ड की बड़ी सौगात : — तीन मेगा प्रोजेक्ट को दी मंजूरी।

    उत्तराखंड—  नैनीताल जिले के लिए राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा तीन बड़ी और महत्वाकांक्षी विकासात्मक परियोजनाओं को अनुदान सहायता के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान की गई है।

    इन परियोजनाओं के माध्यम से कुल ₹1.88 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। ये सभी परियोजनाएं नाबार्ड की बड़ी श्रेणी की अनुदान परियोजनाओं में शामिल हैं, जिनकी स्वीकृति उसराखंड राज्य में बहुत सीमित संख्या में दी जाती है। यह विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि हाल ही में राज्य में स्वीकृत ऐसी गिनी-चुनी बड़ी परियोजनाओं में से तीन परियोजनाएं नैनीताल जिले से संबंधित हैं, जिनमें से दो परियोजनाएं केवल वैनीताल जिले में ही स्वीकृत की गई हैं, जबकि एक परियोजना राज्य में स्वीकृत कुल दो परियोजनाओं में से एक है।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड, नैनीताल मुकेश बेलवाल ने बाताया कि इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सतत आजीविका के अवसर सृजित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा स्थानीय समुदायों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि जनजातीय विकास, ग्रामीण पर्यटन और जल एवं मृदा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में इन परियोजनाओं के माध्यम से नैनीताल जिले के समग्र ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

    जनजातीय विकास निधि के अंतर्गत रामनगर विकासखंड में बुक्सा जनजाति के 200 परिवारों के लिए चार वर्षों की अवधि की एक समेकित विकास परियोजना को स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना की कुल वित्तीय लागत ₹2.05 करोड़ से अधिक है, जिसमें नाबार्ड द्वारा ₹1.55 करोड़ से अधिक की अनुदान सहायता प्रदान की जाएगी।

    परियोजना के अंतर्गत बागवानी आधारित बाड़ी विकास, मधुमक्खी पालन, बकरी पालन, जल संरक्षण की सुविधाएं, महिला-केंद्रित आजीविका गतिविधियां तथा तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे जनजातीय परिवारों को दीर्घकालिक आय सुरक्षा मिलेगी, कृषि एवं पशुपालन आधारित आजीविका में विविधता आएगी और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने की क्षमता विकसित होगी।

    इसी क्रम में ग्राम्य विकास निधि के अंतर्गत नैनीताल जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र के चोपड़ा गांव में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु ग्राम विहार परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना की कुल वित्तीय लागत ₹22,92,100 है, जिसमें से ₹20,67,510 की अनुदान सहायता नाबार्ड द्वारा स्वीकृत की गई है।

    यह परियोजना दो वर्षों की अवधि में क्रियान्वित की जाएगी और इसके अंतर्गत गांव के मौजूदा आवासों को पर्यटक आवास के रूप में विकसित करना, तंबू आधारित आवास सुविधाएं तैयार करना तथा स्थानीय हस्तशिल्प, लोक संगीत, लोक नृत्य और पारंपरिक भोजन को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ना शामिल है। इससे ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और गांव आधारित पर्यटन को सुदृढ़ आधार मिलेगा।

    इसके अतिरिक्त, जलागम विकास निधि के अंतर्गत नैनीताल जिले के ओखलकांडा विकासखंड में अमजर जलागम विकास परियोजना के क्षमता निर्माण चरण को एक वर्ष की अवधि के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। इस चरण की कुल लागत ₹12,23,310 है, जिसके सापेक्ष नाबार्ड द्वारा ₹11,70,806 की अनुदान सहायता स्वीकृत की गई है।

    इस परियोजना के अंतर्गत गौल नदी की उपपाटी में स्थित अमजर जलागम क्षेत्र में 60 हेक्टेयर क्षेत्र को क्षमता निर्माण चरण के अंतर्गत उपचार योगा क्षेत्र के रूप में शामिल किया गया है। संपूर्ण प्रस्तावित जलागम क्षेत्र 914.52 हेक्टेयर का है, जिसमें से 852.02 हेक्टेयर क्षेत्र उपचार योग्य है।

    यह परियोजना अमजर, सुवालकोट, सलकवार एवं सलकपार गांवों को आच्छादित करती है।