Category: देहरादून

  • डेमोग्राफी चेंज पर CM धामी की सख्ती, बोले जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई….

    डेमोग्राफी चेंज पर CM धामी की सख्ती, बोले जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई….

    देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) और सांस्कृतिक मूल्यों को किसी भी कीमत पर बदलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य की मूल पहचान और सांस्कृतिक स्वरूप को बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम धामी ने चेतावनी दी कि जिन अधिकारियों के कार्यकाल में अवैध गतिविधियां हुई हैं — जैसे राशन कार्ड, आधार कार्ड या बिजली कनेक्शन गलत तरीके से जारी किए गए हों — उन्हें इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि पहले ही सभी जिलाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए जा चुके हैं और अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को गौलापार से देहरादून रवाना होने से पूर्व हेलीपैड पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पहले के समय में राज्य की डेमोग्राफी में बदलाव देखा गया है, कई ऐसी चीजें हुईं जिन पर ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब ऐसा दोबारा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की आत्मा उसकी संस्कृति और संतुलित जनसंख्या में बसती है, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है।

    मुख्यमंत्री ने किच्छा के खुरपिया क्षेत्र में औद्योगिक फार्म की स्थापना को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से वहां आधारभूत सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। सीएम ने दावा किया कि यह औद्योगिक फार्म प्रदेश में रोजगार सृजन का बड़ा केंद्र बनेगा और कई बड़े औद्योगिक समूह यहां निवेश करने में रुचि दिखा रहे हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

    हेली सेवाओं पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का काम तेजी से शुरू किया जा रहा है। इसके लिए वह स्वयं केंद्रीय उड्डयन मंत्री से मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंतनगर को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे उत्तराखंड के लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सीधी हवाई सेवाओं का लाभ मिलेगा।

    वन अधिनियम के कारण खेल विश्वविद्यालय की स्थापना में आ रही अड़चनों पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस संबंध में केंद्रीय वन मंत्री से वार्ता हो चुकी है और जल्द ही वन भूमि से संबंधित समस्याओं को हल करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन भूमि का मुद्दा सुलझते ही खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर तेजी से काम शुरू होगा। मुख्यमंत्री धामी का यह बयान साफ संकेत देता है कि सरकार उत्तराखंड की जनसांख्यिकीय और सांस्कृतिक संतुलन को किसी भी सूरत में बिगड़ने नहीं देगी, साथ ही राज्य के औद्योगिक और अधोसंरचनात्मक विकास को गति देने के लिए ठोस कदम उठा रही है।

  • भारत भूषण चुघ ने सीएम धामी से की मुलाकात, जनहित के मुद्दों पर दिया सुझाव….

    भारत भूषण चुघ ने सीएम धामी से की मुलाकात, जनहित के मुद्दों पर दिया सुझाव….

    देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से काशीपुर जिला के भाजपा सह प्रभारी भारत भूषण चुघ ने शिष्टाचार भेंट की और क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।

    चुघ ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भूरारानी, शांति विहार, बिन्दुखेड़ा और आर.ए.एन. स्कूल क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव और निकासी की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों की कई सड़कों की स्थिति भी जर्जर है, जिसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं।

    उन्होंने मुख्यमंत्री से इन सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि —

    “पूरे राज्य की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। सरकार निरंतर इस दिशा में काम कर रही है ताकि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।”

    उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड में सड़कों का जाल बिछाने का कार्य कर रही हैं, जिससे विकास की गति और तेज होगी। सीएम धामी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के विकास और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े सभी वादों को पूरा किया जाएगा।

    इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने मुख्यमंत्री के जनहितकारी निर्णयों और विकासोन्मुखी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि “धामी सरकार युवाओं, छात्रों और किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। राज्य में चारों ओर विकास की गंगा प्रवाहित हो रही है।”

  • धामी कैबिनेट की बैठक में लिए गए यह फैसले,अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर..।

    धामी कैबिनेट की बैठक में लिए गए यह फैसले,अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर..।

    देहरादून—-   मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में कुल 8 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी।

    बैठक में महिला सशक्तिकरण से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) और राज्य स्थापना दिवस पर होने वाले विधानसभा सत्र तक कई बड़े निर्णय लिए गए।

    महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा——
    कैबिनेट ने महिला सशक्तिकरण और बाल विकास विभाग के तहत एक बड़ा फैसला लिया है। अब मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को पूर्ण आंगनबाड़ी केंद्रों में तब्दील किया जाएगा, जिसके लिए केंद्र सरकार ने सहमति दे दी है।

    इसके साथ ही सुपरवाइजर नियमावली में संशोधन किया गया है — अब 50 प्रतिशत पद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से ही भरे जाएंगे, जिससे जमीनी स्तर की कार्यकर्ताओं को पदोन्नति के अवसर मिलेंगे।

    रायपुर विधानसभा निर्माण को मिली छूट—–
    राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में बनने वाली नई विधानसभा भवन परियोजना के लिए फ्री जोन में छूट दी गई है। अब वहां मकान और छोटी दुकानों के निर्माण की अनुमति भी दी जा सकेगी।

    स्वास्थ्य विभाग में बदलाव—–
    चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्वास्थ्य पर्यवेक्षक नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई है। अब एक बार तबादले में छूट की व्यवस्था की गई है, जिससे कार्मिकों को स्थानांतरण में लचीलापन मिलेगा।

    UCC नियमावली में आंशिक संशोधन—-
    कैबिनेट ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) नियमावली में भी आंशिक बदलाव को मंजूरी दी। अब नेपाली और भूटानी नागरिकों की शादियों का पंजीकरण भी UCC पोर्टल पर आधार कार्ड या विदेशी पंजीकरण के आधार पर किया जा सकेगा।

    राज्य स्थापना दिवस पर विधानसभा सत्र—-
    राज्य स्थापना दिवस (9 नवंबर) के अवसर पर आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र की तिथि तय करने का अधिकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा गया है।

    कार्मिक विभाग में पदोन्नति नियमों में राहत—-
    कार्मिक विभाग की पदोन्नति नियमावली में संशोधन किया गया है। अब यदि किसी कर्मचारी ने किसी पद पर 50% सेवा पूरी कर ली है और वह दूसरी सेवा में स्थानांतरित होना चाहता है, तो उसे शीतलीकरण अवधि का लाभ पदोन्नति में मिलेगा।

    संक्षेप में कैबिनेट के 8 प्रमुख निर्णय:—-

    मिनी आंगनबाड़ी केंद्र अब पूर्ण आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे।

    सुपरवाइजर के 50% पद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से भरे जाएंगे।

    रायपुर विधानसभा परियोजना को फ्री जोन में छूट, मकान-दुकान की अनुमति।

    स्वास्थ्य कार्यकर्ता नियमावली में संशोधन, तबादले में छूट।

    UCC नियमावली में संशोधन — नेपाली-भूटानी नागरिकों की शादी का पंजीकरण संभव।

    राज्य स्थापना दिवस पर विधानसभा सत्र की तिथि तय करने का अधिकार सीएम को।

    कार्मिक विभाग पदोन्नति नियमावली में शीथलीकरण का लाभ।

    वित्त विभाग में पब्लिक सेंटर से 15% मुनाफा राज्य सरकार को।

  • पेपर लीक मामले में उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, यूकेएसएससी की परीक्षा रद्द।

    पेपर लीक मामले में उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, यूकेएसएससी की परीक्षा रद्द।

    देहरादून—   उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 21 सितंबर को आयोजित स्नातक स्तर की परीक्षा को रद्द कर दिया है। परीक्षा के दौरान नकल और गड़बड़ी के मामले सामने आने के बाद आयोग ने यह बड़ा फैसला लिया है।

    परीक्षा रद्द करने की मांग लगातार राज्यभर के युवाओं द्वारा उठाई जा रही थी। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया था कि कई परीक्षा केंद्रों पर नकल के संगठित प्रयास किए गए, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को न्याय का भरोसा दिलाया था। उन्होंने कहा था कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

    फिलहाल इस मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री धामी ने अब इस मामले की सीबीआई जांच के लिए संसुति भेज दी है, ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच हो सके।

    आयोग का कहना है कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, नई परीक्षा तिथि घोषित नहीं की जाएगी।

    इस घटनाक्रम से राज्यभर के अभ्यर्थियों में जहां एक ओर निराशा है, वहीं कई युवा अब यह उम्मीद जता रहे हैं कि सीबीआई जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

  • बालिका दिवस के अवसर पर “सतर्क बेटी-सुरक्षित परिवार” पर हुआ गोष्ठी का आयोजन।

    बालिका दिवस के अवसर पर “सतर्क बेटी-सुरक्षित परिवार” पर हुआ गोष्ठी का आयोजन।

    देहरादून—   शाश्वत भारत ट्रस्ट द्वारा कन्या गुरुकुल महाविद्यालय, देहरादून के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर *सतर्क बेटी- सुरक्षित परिवार* विषय पर एक इंटरएक्टिव विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

    कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में कन्या गुरुकुल महाविद्यालय,राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, हिम ज्योति स्कूल , दिल्ली पब्लिक स्कूल, तथा कन्या गुरुकुल विद्यालय की लगभग 300 छात्राओं और इन विद्यालयों की अध्यापिकाओं ने भी प्रतिभाग किया।

    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती कुसुम कंडवाल, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष, कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की प्राचार्य डॉक्टर हेमन पाठक, दिल्ली पब्लिक स्कूल, देहरादून के प्रधानाचार्य डॉ बी के सिंह, कन्या गुरुकुल की प्रधानाचार्य संतोष कुमारी के अलावा विश्व विख्यात न्यूरोसर्जन डॉक्टर एके सिंह, कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर कुलदीप दत्त जो ट्रस्ट के अध्यक्ष भी है ,संस्था के सचिव डॉक्टर माधव प्रसाद मैथानी ,संस्था के अन्य ट्रस्टी गण श्री राकेश अग्रवाल, श्रीमती ज्योति धवन, रंजन कोटनाला आदि ने प्रतिभाग किया ।

    कार्यक्रम का सफल संचालन इंजीनियर एमसी गुप्ता द्वारा किया गया ।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल द्वारा बेटियों को सामाजिक ताने-बाने और सोशल मीडिया आदि से किस प्रकार सचेत रहकर सक्रिय रहा जाए ,इस पर बेटियों को बातें बताइ।

    डॉक्टर हेमन पाठक ने तीन बातें खास तौर से कहीं कि बेटियों को ना कहने की आदत भी डालनी चाहिए । किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा नहीं करना चाहिए। और उनका जो सिक्स सेंस होता है,जिससे वो किसी भी व्यक्ति को देखकर समझ जाती है कि व्यक्ति किस प्रकार का है । जो जरा भी संशय हो,उससे दूरी रखनी चाहिए ।

    डीपीएस देहरादून के प्रिंसिपल डॉक्टर बीके सिंह ने आत्मविश्वास और डिटरमिनेशन से कार्य करने के लिए प्रेरित किया ।

    पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉक्टर पूर्णिमा गर्ग द्वारा बताया गया की आपको किसी भी परेशानी की स्थिति में टोल फ्री नंबर 112 जो की विशेष कर महिलाओं और बेटियों के लिए बनाया गया है, उस पर कॉल करना चाहिए । पुलिस उनके लिए पूरे दिन रात उपलब्ध है।इसके अलावा उन्होंने बहुत सारी बातें सोशल मीडिया पर सावधान रहकर फ्रेंड रिक्वेस्ट को एक्सेप्ट करने आदि के बारे में बताया।

    डॉक्टर कुलदीप दत्ता ने संस्था के विषय में बताते हुए कहा कि है ट्रस्ट उन लोगों द्वारा बनाया गया जो लोग अपने जीवन में अपने लिए, अपने परिवार के लिए लगभग सब कुछ कर चुके हैं, और अब इस समाज को वापस कर रहे हैं ।

    कार्यक्रम के दौरान डीपीएस देहरादून द्वारा योग डांस के द्वारा स्ट्रेस मैनेजमेंट पर तथा कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा भी डांस योगा पर अति सुंदर कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

    कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव डॉ माधव प्रसाद मैथानी द्वारा सभी का धन्यवाद दिया गया।

    कार्यक्रम में अतिथिगण के तौर पर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष  कमलेश अग्रवाल  ,सचिव  संजय गर्ग  ,अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री  रोशन लाल अग्रवाल ,  योगेश अग्रवाल  आदि भी उपस्थित थे ।

    कार्यक्रम के अंत में प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉक्टर एके सिंह द्वारा सभी लगभग 300 छात्राओं और अध्यापिकाओं को दीपावली के अवसर पर उपहार से भरी हुई टोकरी जिसमें मिट्टी के दिए,तेल, खील,बताशे ,खिलौने फुलझड़ियां, मिठाई आदि का वितरण किया गया।

  • जांच आयोग की रिपोर्ट के बाद सरकार सख्त, अधीनस्थ चयन परीक्षा पर लगी रद्द की मुहर….

    जांच आयोग की रिपोर्ट के बाद सरकार सख्त, अधीनस्थ चयन परीक्षा पर लगी रद्द की मुहर….

    देहरादून – उत्तराखंड सरकार ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा को रद्द करने का बड़ा निर्णय लिया है। परीक्षा लीक प्रकरण में अनियमितताओं की जांच के लिए गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंपने के बाद यह फैसला लिया गया। जांच आयोग की अध्यक्षता उत्तराखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी कर रहे थे। आयोग की रिपोर्ट में परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर खामियों और पारदर्शिता की कमी का उल्लेख किया गया है।

    मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार युवाओं के हितों के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और नई परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। इस परीक्षा में लगभग 1 लाख 5 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। 21 सितंबर को हुई इस परीक्षा के दौरान हरिद्वार के एक केंद्र से पेपर के तीन पेज मोबाइल के जरिए सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे, जिसके बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश फैल गया था।

    बेरोजगार संघ और युवाओं के आंदोलन के बाद सरकार हरकत में आई पेपर लीक प्रकरण के बाद उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले प्रदेशभर के युवा सड़कों पर उतर आए थे। मुख्यमंत्री धामी खुद आंदोलनरत युवाओं से मिले थे और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। युवाओं ने सरकार को दस दिन का समय दिया था, जिसकी अवधि शुक्रवार को समाप्त हो रही थी। इसी दिन जांच आयोग ने अपनी रिपोर्ट सौंपी और सरकार ने परीक्षा रद्द करने का ऐतिहासिक फैसला लिया।

    सीएम धामी का बयान:

    “हम युवाओं का विश्वास टूटने नहीं देंगे। पारदर्शिता हमारी प्राथमिकता है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”उधर, भाजपा विधायक प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर छात्रहित में परीक्षा रद्द करने और दोबारा परीक्षा कराने की मांग की थी।

    मुख्य बिंदु:

    • स्नातक स्तरीय परीक्षा 21 सितंबर को हुई थी।
    • 1 लाख 5 हजार अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा।
    • हरिद्वार के एक केंद्र से पेपर वायरल हुआ था।
    • आयोग की रिपोर्ट के बाद सरकार ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया।
    • नई परीक्षा पारदर्शी तरीके से कराने की तैयारी शुरू।
  • मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए उद्योगों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश….

    मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए उद्योगों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश….

    देहरादून – राज्य सरकार प्रदेश में कर्मचारियों राज्य बीमा निगम (ESIC) के अस्पताल खोलने के मानकों में ढील देने की तैयारी में है। इस प्रस्ताव को जल्द ही क्षेत्रीय परिषद को भेजा जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य स्तरीय उद्योग मित्र समिति की प्राधिकृत समिति की बैठक में यह जानकारी दी।

    बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य में उद्योगों को समुचित सुविधाएं और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उद्योगों से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण तत्परता से सुनिश्चित किया जाए, ताकि निवेशकों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

    मुख्य सचिव ने उद्योगों और उद्यमियों से संबंधित मामलों पर नियमित रूप से राज्य और जिला स्तरीय उद्योग मित्र समितियों की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई मामला तात्कालिक महत्व का है, तो बैठक की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल कार्रवाई की जाए।

    बैठक में राज्य के उद्यमियों एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा रखे गए अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने बताया कि जीएसटी की नई व्यवस्था से जुड़ी शंकाओं के समाधान के लिए सचिव वित्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें उद्यमियों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।

    मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। इसके लिए अवस्थापना सुविधाओं, बिजली की निर्बाध आपूर्ति और लॉजिस्टिक सेवाओं को सुदृढ़ करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

    बैठक में सचिव वित्त दिलीप जावलकर, सचिव गृह शैलेश बगोली, सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव विनीत कुमार सहित अन्य अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

  • फायर सेफ्टी में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त मुख्यमंत्री धामी ने दिए सख्त निर्देश….

    फायर सेफ्टी में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त मुख्यमंत्री धामी ने दिए सख्त निर्देश….

    देहरादून – जयपुर के एक अस्पताल में आग लगने की घटना के बाद उत्तराखंड सरकार ने सतर्कता बरतते हुए प्रदेशभर के सभी सरकारी व निजी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में फायर सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने इस संबंध में अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर माह होगी मॉक ड्रिल

    सचिवालय में हुई समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि सभी संस्थानों में हर महीने मॉक ड्रिल अभ्यास कर फायर सेफ्टी ऑडिट किया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव हो सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि फायर सेफ्टी से जुड़े सभी उपकरण, जैसे स्प्रिंकलर, अलार्म सिस्टम, और मोटर आदि पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रहें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अजय आर्य, दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन, उपसचिव जसंविदर कौर, तथा सीएमएस डॉ. आर.एस. बिष्ट उपस्थित रहे।

    दून मेडिकल कॉलेज में विशेष निगरानी

    स्वास्थ्य सचिव ने दून मेडिकल कॉलेज की कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि फायर से जुड़ा एनओसी प्रमाणपत्र (NOC) शीघ्र जारी कराया जाए। उन्होंने अग्निशमन विभाग को भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान कार्यदायी संस्था ने जानकारी दी कि ओटी बिल्डिंग की फायर एनओसी 30 अक्टूबर 2025 तक और सीएसएसडी विभाग की एनओसी 30 नवंबर 2025 तक पूरी कर ली जाएगी।  सचिव ने कॉलेज प्रशासन को आदेश दिया कि प्रत्येक माह फायर सेफ्टी समीक्षा बैठक आयोजित की जाए और सभी उपकरणों की कार्यक्षमता का नियमित निरीक्षण किया जाए।

    मुख्यमंत्री धामी बोले — “मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता”

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अस्पतालों में फायर सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता मरीजों और चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा है। सभी अस्पतालों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित किया जाएगा, और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि फायर सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सरकारी और निजी संस्थानों को मिलकर कार्य करना होगा, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

  • करवा चौथ का बहनों को उपहार – उत्तराखंड सरकार ने किया अवकाश घोषित।

    करवा चौथ का बहनों को उपहार – उत्तराखंड सरकार ने किया अवकाश घोषित।

    देहरादून—  उत्तराखण्ड सरकार ने महिलाओं को करवा चौथ पर्व पर बड़ी राहत देते हुए 10 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार) को राज्यभर के शासकीय/अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों व शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।

    राज्यपाल की सहमति से जारी आदेश के तहत यह अवकाश केवल महिला कर्मियों पर लागू होगा, जिससे वे करवा चौथ के पारंपरिक पर्व को पूर्ण श्रद्धा और उत्साह के साथ मना सकें।

    एक सराहनीय पहल – परंपरा, सम्मान और सुविधाओं का सुंदर समन्वय!

  • उत्तराखंड– पांच जिलों में बारिश की संभावना।

    उत्तराखंड– पांच जिलों में बारिश की संभावना।

    देहरादून—  उत्तराखंड के 5 जिलों में आज यानी 10 अक्टूबर को हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश के आसार हैं, जिनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ शामिल है।

    कुछ स्थानों पर तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं, जबकि बाकी जिलों (देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल) में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

    वहीं आज कई जिलों में सुबह से बादल छाए है। वहीं बाकी जगह धूप खिली है। अल्मोड़ा शहर में सुबह कोहरा छाया रहा। प्रदेश में मानसून की विदाई हो गई है, उसके बाद भी बारिश का सिलसिला चल रहा है।

    मानसून की विदाई के बाद कुछ दिनों की भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुहाल कर दिया था, लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से हो रही बारिश से मौसम का मिजाज एकदम बदल गया है।

    देहरादून में आज आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन दिन के समय मौसम सामान्य रहेगा। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

    राहत की बात यह है कि विभाग ने फिलहाल किसी तरह की विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।