Category: देहरादून

  • पेपर लीक ने तोड़ी उम्मीदें, अभ्यर्थियों की पीड़ा सुनकर गूंज उठा जनसुनवाई हॉल….

    पेपर लीक ने तोड़ी उम्मीदें, अभ्यर्थियों की पीड़ा सुनकर गूंज उठा जनसुनवाई हॉल….

    देहरादून – यूकेएसएसएससी परीक्षा में अनियमितताओं से आहत अभ्यर्थियों की जनसुनवाई के दौरान बुधवार को दर्द और निराशा का माहौल छा गया। जांच आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी के सामने अभ्यर्थियों ने अपनी व्यथा सुनाई तो कई आंखें नम हो गईं।

    चमोली जिले के अभ्यर्थी सचिन पुरोहित ने भावुक स्वर में कहा, “पापा गांव में सब्जी बेचकर रुपये भेजते हैं, अब दून में रह पाना मुश्किल हो गया है।” उनकी यह बात सुनकर आयोग अध्यक्ष की आंखों में भी नमी छलक आई। सचिन ने कहा कि लगातार पेपर लीक और भर्तियों में गड़बड़ियों के कारण उनका और परिवार का विश्वास टूटता जा रहा है।

    टिहरी गढ़वाल के दीपक नौटियाल ने बताया कि जिस दिन अखबारों में पेपर लीक की खबर पढ़ी, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने कहा, “गांव के बच्चे अब हमसे पूछते हैं — क्या तुमने भी यह पेपर दिया था?” दीपक ने बताया कि वे वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन अब परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर हो गई है कि आगे तैयारी जारी रखना कठिन हो गया है।

    अभ्यर्थियों ने आयोग के समक्ष अपनी गरीबी, संघर्ष और असमान अवसरों की पीड़ा रखी। कई ने कहा कि वे अब निजी नौकरी की ओर झुक रहे हैं, परंतु वहां भी मुश्किल से 15 हजार रुपये तक ही वेतन मिलेगा। जांच आयोग के अध्यक्ष यू.सी. ध्यानी ने अभ्यर्थियों की बातें गंभीरता से सुनीं और भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच होगी। उन्होंने कहा कि हर अभ्यर्थी का दर्द समझा जा रहा है, और पारदर्शिता के लिए आयोग पूरी निष्ठा से कार्य करेगा।

  • उच्च शिक्षा को नई उड़ान राज्य में खुलेगा कौशल आधारित और आवासीय विश्वविद्यालय….

    उच्च शिक्षा को नई उड़ान राज्य में खुलेगा कौशल आधारित और आवासीय विश्वविद्यालय….

    देहरादून – उत्तराखंड सरकार प्रदेश में उच्च शिक्षा को नई दिशा देने की तैयारी में है। राज्य में दो नए विश्वविद्यालय खोले जाने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार एक कौशल आधारित विश्वविद्यालय और एक आवासीय विश्वविद्यालय स्थापित करने जा रही है। इसके लिए शीघ्र ही कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा।

    प्रदेश में वर्तमान में पांच राज्य विश्वविद्यालय और उनसे संबद्ध 118 महाविद्यालय हैं। इसके अलावा 26 निजी विश्वविद्यालय, 244 निजी महाविद्यालय और 21 अशासकीय महाविद्यालय भी संचालित हो रहे हैं। अब सरकार की मंशा है कि शिक्षा व्यवस्था को रोजगार और कौशल विकास से सीधे जोड़ा जाए।

    मंत्री रावत के अनुसार, प्रस्तावित कौशल आधारित विश्वविद्यालय में करीब 25 व्यावसायिक कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिनसे युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। वहीं, दूसरा आवासीय विश्वविद्यालय विशेष रूप से नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों के बच्चों और बेसहारा बच्चों के लिए होगा। इससे उन्हें आगे की उच्च शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे।

    उच्च शिक्षा विभाग का कहना है कि राज्य में पहले से तीन तकनीकी संस्थान और एक आयुर्वेद विश्वविद्यालय संचालित हैं। अब इन दो नए विश्वविद्यालयों के खुलने से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और ‘शिक्षित उत्तराखंड, सक्षम उत्तराखंड’ के लक्ष्य को बल मिलेगा।

  • गुजरात से स्टैचू ऑफ यूनिटी तक 152 किमी की पदयात्रा, 150वीं जयंती पर देश होगा एकजुट….

    गुजरात से स्टैचू ऑफ यूनिटी तक 152 किमी की पदयात्रा, 150वीं जयंती पर देश होगा एकजुट….

    देहरादून – सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में एकता मार्च का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि इस आयोजन के लिए मेरा भारत पोर्टल के माध्यम से निःशुल्क रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की गई है। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 6 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और इसमें आयु अथवा संख्या की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

    मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि यह कार्यक्रम तीन चरणों में आयोजित होगा।
    पहले चरण में 31 अक्टूबर को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर एकता मार्च निकाले जाएंगे।
    दूसरे चरण में 31 अक्टूबर से 16 नवंबर तक राज्य के सभी 13 जिलों में लगभग 8 से 10 किलोमीटर लंबी पैदल यात्राएं आयोजित की जाएंगी।

    तीसरे और सबसे महत्वपूर्ण चरण में 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक गुजरात के नडियाड से स्टैचू ऑफ यूनिटी (नर्मदा जिला) तक 152 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पहले दो चरणों से चयनित प्रतिभागी शामिल होंगे।

    रेखा आर्य ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय भावना को सशक्त करना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से बड़ी संख्या में भागीदारी करने की अपील की।

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान, और मेरा युवा भारत की उपनिदेशक मोनिका नामदार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

  • कबड्डी स्टार हर्ष कुमार लगातार दूसरे वर्ष अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में चयनित

    कबड्डी स्टार हर्ष कुमार लगातार दूसरे वर्ष अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में चयनित

    देहरादून – महाविद्यालय के छात्र हर्ष कुमार का लगातार दूसरे वर्ष नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता गलगोटिया विश्वविद्यालय, नोएडा में आयोजित की जाएगी।

    हर्ष कुमार ने हाल ही में एस एम आर साहिया महाविद्यालय, देहरादून में आयोजित अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लिया। वह केवल कबड्डी में ही नहीं बल्कि एक उत्कृष्ट एथलीट भी हैं और अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में कई मेडल प्राप्त कर चुके हैं।

    महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) डी. एस. नेगी ने हर्ष कुमार को बधाई देते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया। क्रीड़ा प्रभारी हीरा सिंह डुंगरियाल और कोच डॉ. संदीप किमोठी ने भी छात्र को चयन होने पर खुशी जताई और शुभकामनाएं दीं। हर्ष कुमार का चयन महाविद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और उनके प्रदर्शन से युवा खिलाड़ियों में प्रेरणा बढ़ेगी।

  • शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रधानाचार्या आरती चितकारिया को राष्ट्रीय सम्मान….

    शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रधानाचार्या आरती चितकारिया को राष्ट्रीय सम्मान….

    देहरादून – देहरादून के राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज रानीपोखरी की प्रधानाचार्या आरती चितकारिया को अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट, बड़ौत द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान से नवाज़ा गया। यह सम्मान उन्हें अकादमिक स्तर पर उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

    सम्मान समारोह का आयोजन बागपत, उत्तर प्रदेश के मेडिसिटी हॉस्पिटल परिसर में किया गया। ट्रस्ट ने इस अवसर पर शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया, जिसमें भारत के विभिन्न राज्यों की शिक्षण संस्थाओं में कार्यरत रचनात्मक, कर्तव्यनिष्ठ और प्रेरणादायक शिक्षकों को सम्मानित किया गया। चयन प्रक्रिया में सैकड़ों प्रविष्टियों का गहन विश्लेषण किया गया और चुने गए प्रतिभागियों को अंगवस्त्र, मोमेंटो, सम्मानपत्र और इन्डोर प्लांट भेंट किए गए। पुरस्कार अकादमिक, क्रीड़ा और मोटिवेशन की तीन श्रेणियों में प्रदान किए गए।

    इस समारोह में राज्य मंत्री कृष्णपाल मलिक, उपनिदेशक प्रवर्तन निदेशालय विनीत राठी, जिला अधिकारी बागपत अस्मिता लाल, संयुक्त शिक्षा निदेशक मेरठ मंडल ओमकार शुक्ला सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। ट्रस्ट के सचिव मनीष तोमर ने सभी का स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में मेडिसिटी हॉस्पिटल के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

    प्रधानाचार्या आरती चितकारिया को इससे पूर्व भी उत्तराखंड, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के विभिन्न मंचों और संस्थाओं द्वारा उनके उत्कृष्ट शैक्षिक सेवाओं, लेखन और समाज सेवा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। रती चितकारिया ने कहा कि सम्मान प्राप्त होने से मनोबल बढ़ता है और कार्य के प्रति जिम्मेदारी भी अधिक होती है। उनका मानना है कि व्यक्ति को हमेशा अपने कार्य को समर्पित भाव और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।

  • धामी सरकार की संवेदनशील पहल, असहाय वृद्ध महिलाओं को मिलेगा आर्थिक-सामाजिक संबल….

    धामी सरकार की संवेदनशील पहल, असहाय वृद्ध महिलाओं को मिलेगा आर्थिक-सामाजिक संबल….

    देहरादून – उत्तराखंड की महिलाएं अब जीवन के हर पड़ाव पर आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनेंगी। धामी सरकार जल्द ही प्रदेश की वृद्ध और असहाय महिलाओं के लिए एक नई कल्याणकारी योजना लेकर आ रही है। इस योजना के तहत वृद्ध महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और भावनात्मक संबल प्रदान किया जाएगा।

    महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को विधानसभा भवन स्थित सभागार में विभागीय अधिकारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक कर इस योजना की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।

    रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आधी आबादी की उन्नति और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में पहले से ‘महिला सारथी योजना’, ‘महिला एवं बालमुखी सहायता योजना’ और ‘एकल महिला स्वरोजगार योजना’ जैसी योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। अब सरकार का लक्ष्य है कि बुढ़ापे में कोई भी महिला असहाय या उपेक्षित महसूस न करे।

    रेखा आर्या ने बताया —

    “हमारी दादी-नानियां समाज की रीढ़ हैं। उनकी सेवा और सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान है। सरकार चाहती है कि वृद्ध महिलाओं को न केवल आर्थिक मदद मिले, बल्कि उन्हें मानसिक शांति और भावनात्मक सुरक्षा भी प्राप्त हो।”

    बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे प्रदेश में जनपदवार महिला सम्मेलन आयोजित कर वृद्ध महिलाओं से सीधे संवाद किया जाएगा। उनके अनुभव, आवश्यकताओं और सुझावों को ध्यान में रखकर योजना का अंतिम मसौदा तैयार किया जाएगा, जिसे जल्द ही शासन की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

    मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना में ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों की वृद्ध महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाए और उन्हें पोषण, स्वास्थ्य देखभाल तथा सामाजिक सुरक्षा से जोड़ा जाए। बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार, विक्रम सिंह, मोहित चौधरी, नीतू फुलेरा सहित विभागीय अधिकारी और विभिन्न एनजीओ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

  • कन्या गुरुकुल परिसर ,,,देहरादून में योग विभाग के स्थापना दिवस पर स्त्री स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित।

    कन्या गुरुकुल परिसर ,,,देहरादून में योग विभाग के स्थापना दिवस पर स्त्री स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित।

    देहरादून—-   कन्या गुरुकुल परिसर देहरादून के योग विभाग के स्थापना दिवस के अवसर पर एक स्त्री स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

    इस अवसर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ श्रृद्धा प्रदान ने सर्वाकील कैंसर के खतरे तथा समाधान सम्बंधित जानकारी दी, इसी के साथ डॉ सर्वेश्वरि ने स्तन कैंसर के प्रति लोगों को जानकारी प्रदान की.

    योग विभाग की डॉक्टर संयोगिता ने स्वागत संबोधन में योग विभाग की विगत वर्षों की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि उनके विभाग की कई छात्राएँ यहां से शिक्षा ग्रहण कर योग का परचम फहरा रही है.

    परिसर की समन्वयक प्रो हेमंत ने सभी को योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया.

    इस कार्यक्रम में विशेष योगदान डॉ नेहा तथा सुश्री दीपिका का रहा. विभिन्न विभागों से बड़ी संख्या में शिक्षिकाओं तथा छात्राओं की उपस्थिति रही.

  • राशन डीलर एसोसिएशन और विभागीय अधिकारी के साथ बैठक में मंत्री ने दिए निर्देश,,  राशन डीलरों के भुगतान में लाएं एकरूपता:— रेखा आर्या।

    राशन डीलर एसोसिएशन और विभागीय अधिकारी के साथ बैठक में मंत्री ने दिए निर्देश,, राशन डीलरों के भुगतान में लाएं एकरूपता:— रेखा आर्या।

    देहरादून—-   खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने राशन डीलरों को होने वाले लाभांश और भाड़े की भुगतान में एकरूपता लाने के निर्देश दिए हैं।

    कैबिनेट मंत्री ने सोमवार को ऑल इंडिया शेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन और विभागीय अधिकारियों के साथ विधानसभा भवन स्थित सभागार में बैठक की।

    बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि अलग-अलग जनपदों में राशन डीलरों को अलग-अलग समय सीमा तक का भुगतान होने की बात सामने आई है । इसलिए अधिकारियों से कहा गया है कि केंद्र से जो भी बजट मिले , उसका आवंटन इस तरह किया जाए कि किसी भी जनपद के डीलरों का बैकलॉग बाकी ना रहे।

    कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने राशन की दुकानों से दी जाने वाली दाल में में विविधता लाने के निर्देश दिए , जिससे लाभार्थियों को सिर्फ एक ही तरह की दाल न मिले। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया कि राशन की दुकान से मिलने वाली दाल का रेट बाजार मूल्य से कम होना चाहिए।

    बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दाल वितरण में डीलर को मिलने वाले कमीशन को बढ़ाने और ई पाॅश मशीनों के खराब होने की दशा में उन्हें ठीक करने वाले इंजीनियरों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि ई पाॅश मशीन लागू करने का अभी पायलट प्रोजेक्ट चल रहा है इसलिए उसमें दिखने वाला डाटा त्रुटि पूर्ण हो सकता है, इस डाटा के आधार पर जिला पूर्ति अधिकारी राशन डीलरों के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई करने से बचें।

    कैबिनेट मंत्री ने बताया कि एसएफआई लाभांश को एनएसएफए के समान बढ़ाने की मांग शासन में विचाराधीन है और उन्होंने अधिकारियों को इसे दिवाली से पहले मंजूर कराने के निर्देश दिए हैं।

    बैठक में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रेवाधर बृजवासी ने राशन डीलरों की मांगो पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने के लिए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का आभार जताया।

    बैठक में प्रमुख सचिव एल फैनई, खाद्य आयुक्त चंद्रेश कुमार, अपर आयुक्त पीएस पांगती, डीलर्स फेडरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष हरीश पंत, अनिल कक्कड़, महामंत्री संजय शर्मा, दिनेश चौहान, धर्मानंद बिजलवान, कुंदन शर्मा, दिनेश चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।

  • उत्तराखंड : पुलिस कर्मियों के लिए फरमान,,,,, अब यहां कमेंट किया तो होगी कार्यवाही..।

    उत्तराखंड : पुलिस कर्मियों के लिए फरमान,,,,, अब यहां कमेंट किया तो होगी कार्यवाही..।

    उत्तराखंड— : राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में हाल ही में हुई एक सड़क दुर्घटना ने जहां आम जनता को हिला दिया, वहीं उत्तराखंड पुलिस महकमे में भी हलचल मचा दी। वायरल हुए एक वीडियो ने पूरे मामले को न केवल सोशल मीडिया की अदालत में ला खड़ा किया, बल्कि पुलिस महकमे की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

    वीडियो के सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने बिना देरी किए कार्रवाई का डंडा चलाया थानाध्यक्ष राजपुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। यही नहीं, उनके खिलाफ उसी थाने में मुकदमा भी दर्ज कर दिया गया (मु0अ0सं0: 192/25, धारा: 281, 324(4) BNS)। अब यह मामला किसी लोकल जांच अधिकारी को नहीं, बल्कि सीनियर इंस्पेक्टर को सौंपा गया है, ताकि जांच की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे।

    एसएसपी का मूड इस बार ज़रा सख्त ही नहीं, कड़ाई के स्तर पर हाई अलर्ट है। इसलिए, तत्कालीन थानाध्यक्ष का मेडिकल कराया गया और उनका ब्लड सैंपल भी जांच के लिए फारेंसिक साइंस लैब भेजा जा रहा है।

    लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती…

    सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों की ‘तारीफें’ भारी पड़ सकती हैं

    जहां आम लोग सोशल मीडिया पर राय देते रहते हैं, वहीं कुछ पुलिसकर्मियों ने भी इस प्रकरण पर “अपनी सेवा भावना” दिखाते हुए फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टा जैसी डिजिटल गलियों में टिप्पणियाँ कर डालीं और वो भी उच्च अधिकारियों के निर्णयों पर!

    अब मामला सस्पेंस या डायलॉगबाज़ी से नहीं,सीधी अनुशासन की कार्रवाई से चलेगा।

    एसएसपी देहरादून ने साफ शब्दों में सभी थाना और शाखा प्रभारियों को निर्देश दिए हैं:

    “अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दें, सोशल मीडिया कोई चौपाल नहीं है जहां अफसरों के निर्णयों पर बहस हो।”

    यदि कोई भी पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर कमेंट करता है या प्रतिक्रिया देता है, तो उसे न केवल *सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन माना जाएगा, बल्कि वह *पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित सोशल मीडिया पॉलिसी के खिलाफ भी गिना जाएगा। और ऐसे में संबंधित पुलिसकर्मी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय मानी जाएगी।

  • देहरादून: नशे में धुत एसओ ने ठोकी कई गाड़ियां ,,,, हुआ निलंबन..।

    देहरादून: नशे में धुत एसओ ने ठोकी कई गाड़ियां ,,,, हुआ निलंबन..।

    देहरादून—   दशहरे की पूर्व संध्या पर देहरादून के राजपुर रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब राजपुर थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। वीआईपी मानी जाने वाली व्यस्ततम राजपुर रोड पर हुए इस हादसे से यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना बुधवार देर रात की है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों ने थानाध्यक्ष को मौके से भागने नहीं दिया।

    महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और थानाध्यक्ष को जमकर फटकार लगाई। वायरल वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि शैंकी कुमार शराब के नशे में धुत थे और वर्दी में भी नहीं थे, बावजूद इसके स्थानीय लोगों ने उन्हें पहचान लिया।

    घटना का वीडियो सामने आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही प्राप्त शिकायत पत्र के आधार पर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

    एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी को निर्देशित किया है कि आरोपी अधिकारी व अन्य संलिप्त व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण कराया जाए और घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज, फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी को सुरक्षित रखते हुए निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित की जाए।

    इस बीच, उपनिरीक्षक दीपक धारीवाल, जो वर्तमान में कालसी थाने में तैनात थे, को राजपुर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

    देहरादून पुलिस महकमे में इस शर्मनाक प्रकरण ने ना केवल व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि दशहरे जैसे संवेदनशील समय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं भी पैदा की हैं।