Category: देहरादून

  • देहरादून: नर्सिंग स्टाफ की आत्महत्या से मचा सन्नाटा सुसाइड नोट में पासवर्ड और बहन की शादी की बात लिखी….

    देहरादून: नर्सिंग स्टाफ की आत्महत्या से मचा सन्नाटा सुसाइड नोट में पासवर्ड और बहन की शादी की बात लिखी….

    देहरादून – राजधानी देहरादून से एक दर्दनाक और भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत 32 वर्षीय युवक अशोक पुत्र प्रकाश चंद, निवासी भद्रकाली, कंडोली (प्रेमनगर थाना क्षेत्र) ने अपने ही घर में ज़हर का इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

    पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता प्रकाश चंद ने सूचना दी कि उनके बेटे ने कमरे में खुदकुशी कर ली है। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब कमरे का दरवाज़ा खोला, तो अशोक बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसके बाएँ हाथ पर कैनुला लगा हुआ था, पास में ही ज़हर की शीशी, दो खाली सिरिंज और सुसाइड नोट बरामद हुआ।

    सुसाइड नोट में किसी पर आरोप नहीं लगाया गया, बल्कि अशोक ने परिवार के लिए भावनाओं से भरा संदेश छोड़ा। उसने अपने मोबाइल और अन्य ऑनलाइन अकाउंट्स के पासवर्ड लिखे ताकि परिवार को कोई परेशानी न हो। नोट में उसने लिखा —
    “पापा, मैंने आपका दिल दुखाया है, मुझे माफ़ करना। मेरी बाइक का ध्यान रखना, आप चलाना। मेरे अकाउंट से पैसे निकालकर बहन की शादी कर देना…”

    चौकी प्रभारी प्रवीण सैनी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अशोक अपने व्यवहार में शांत स्वभाव का था और किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं मिली। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसे यह कदम उठाने की नौबत क्यों आई।

  • दून में बदमाशों से मुठभेड़ : — दो बदमाशों को लगी गोली..।

    दून में बदमाशों से मुठभेड़ : — दो बदमाशों को लगी गोली..।

    देहरादून—   डोईवाला थाना क्षेत्र के लालतप्पड़ इलाके में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।

    पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।

    जानकारी के अनुसार, लालतप्पड़ चौकी पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध युवक स्कूटी पर इलाके में घूम रहे हैं।

    पुलिस ने तत्काल इलाके में नाका बंदी की और चेकिंग शुरू की। इसी दौरान स्कूटी सवार युवकों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

    जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।

    घटना के बाद फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस ने आसपास के जंगलों में सघन कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है ताकि आरोपी जिले से बाहर न निकल सके।

    पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोहेल खान पुत्र नूर मोहम्मद निवासी ईसी रोड, करनपुरऔर शानू पुत्र नौशाद निवासी चावला चौक, नालापानी रोड, देहरादून के रूप में हुई है। दोनों हाल ही में दून अस्पताल के बाहर हुई फायरिंग के मुख्य अभियुक्त बताए जा रहे हैं। उनके खिलाफ पहले से ही मुकदमा दर्ज है। गोली लगने के बाद दोनों को उपचार के लिए जॉलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    मौके से पुलिस ने दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, तथा एक स्कूटी बरामद की है। मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी देहरादून अजय सिंह भी मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम की सराहना की तथा फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

    पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान जल्द उजागर की जाएगी और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

  • मुख्यमंत्री धामी बोले गौ सेवा आत्मनिर्भरता और संस्कृति का प्रतीक है, राज्य में 54 गौ सदन निर्माणाधीन….

    मुख्यमंत्री धामी बोले गौ सेवा आत्मनिर्भरता और संस्कृति का प्रतीक है, राज्य में 54 गौ सदन निर्माणाधीन….

    देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौ माता की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण और मनुष्य एवं पशु के बीच प्रेम और सह-अस्तित्व का प्रतीक है।

    मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पर्व हमें अपनी परंपराओं, संस्कृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बने रहने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गाय सनातन संस्कृति और भारतीय कृषि जीवन का अभिन्न हिस्सा है। गौमाता न केवल धार्मिक भावनाओं से जुड़ी हैं बल्कि आजीविका, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की धुरी भी हैं।

    सीएम धामी ने कहा, “गायों की सेवा और संरक्षण हमारे जीवन को आगे बढ़ाता है। कई परिवारों का भरण-पोषण गो-सेवा से होता है, इसलिए हमें सामूहिक रूप से गायों की सेवा और सुरक्षा के लिए आगे आना चाहिए।”

    उन्होंने बताया कि राज्य सरकार निराश्रित गोवंश की देखभाल के लिए लगातार कार्यरत है। पहले जहां प्रति पशु भरण-पोषण के लिए ₹5 प्रतिदिन दिए जाते थे, अब इसे बढ़ाकर ₹80 प्रति पशु प्रति दिन कर दिया गया है। साथ ही निजी गौशालाओं के निर्माण के लिए सरकार 60% सब्सिडी दे रही है।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 54 गौ सदनों का निर्माण कार्य जारी है, जो न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी गौ संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

  • पटाखों की चिंगारी से दून सब्ज़ी मंडी में लगी भीषण आग,,, लाखों का नुकसान ।

    पटाखों की चिंगारी से दून सब्ज़ी मंडी में लगी भीषण आग,,, लाखों का नुकसान ।

    देहरादून—   दीपावली की खुशियों के बीच देहरादून से एक दुखद खबर सामने आई है। शहर की सबसे बड़ी और व्यस्त निरंजनपुर सब्जी मंडी में रविवार रात भीषण आग लग गई।

    हादसा करीब रात 9 बजे हुआ, जब लोग दीपोत्सव में डूबे हुए थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मंडी में रखे फल-सब्जियां, कई दुकानों और स्टॉल्स का सारा सामान जलकर खाक हो गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि कुछ ही मिनटों में मंडी के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि देर रात तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।

    अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जो राहत की बात है। मगर शुरुआती आंकलन के अनुसार, दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

    आग लगने के कारणों की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि पास में चल रही आतिशबाज़ी की चिंगारी से यह हादसा हुआ होगा।

    निरंजनपुर मंडी देहरादून की सबसे बड़ी फल-सब्ज़ी मंडी है, जहां रोजाना हजारों किसान और व्यापारी अपना माल बेचने आते हैं।

    प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अफरा-तफरी से बचा जा सके।

    हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग की भीषण लपटें साफ़ देखी जा सकती हैं।

    **ताज़ा अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।*

  • दून में चेकिंग के दौरान तेजरफ्तार थार ने तीन पुलिसकर्मियों को कुचला,आरोपी गिरफ्तार..।

    दून में चेकिंग के दौरान तेजरफ्तार थार ने तीन पुलिसकर्मियों को कुचला,आरोपी गिरफ्तार..।

    देहरादून—–  उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिवाली की रात चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार थार वाहन ने तीन पुलिसकर्मियों को कुचल दिया।

    हादसा थाना डालनवाला क्षेत्र में सुबह करीब 3:45 बजे हुआ, जब पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया। घायल पुलिसकर्मियों में हेड कॉन्स्टेबल सुगनपाल, कॉन्स्टेबल सचिन और कॉन्स्टेबल कमला प्रसाद शामिल हैं। तीनों की हालत नाजुक है और उन्हें हायर सेंटर रेफर कर सिनर्जी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

    घटना के बाद आरोपी ड्राइवर भागने की कोशिश में था, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

    आरोपी की पहचान मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर, निवासी ईसी रोड, थाना डालनवाला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के लिए भेजा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह नशे में था या नहीं।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। SSP ने स्पष्ट किया कि कानून की अवहेलना और पुलिस पर हमले जैसी घटनाओं को सख्ती से लिया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

  • उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र की अधिसूचना जारी।

    उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र की अधिसूचना जारी।

    देहरादून—-  विधानसभा के विशेष सत्र की तिथि निर्धारित कर दी गई है। जिसकी अधिसूचना जारी की गई है।

    उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र तीन नवंबर से होगा।

    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।

    उत्तराखण्ड की पंचम विधानसभा का विशेष सत्र 3 और 4 नवम्बर 2025 को आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने संविधान के अनुच्छेद 174(1) के तहत यह सत्र आहूत करने की अधिसूचना जारी की है, जिसे विधानसभा सचिवालय ने सार्वजनिक किया।

    विशेष सत्र का आयोजन देहरादून स्थित विधानसभा भवन में प्रातः 11:00 बजे से किया जाएगा, जिसमें राज्य सरकार अहम विधायी और नीतिगत मुद्दों पर चर्चा कर सकती है। अधिसूचना की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, सभी मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।

    यह अधिसूचना विधानसभा सचिवालय के उप सचिव (लेखा) हेम चन्द्र पन्त के हस्ताक्षर से जारी की गई।

  • पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचे..

    पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचे..

    उत्तराखंड—-  ,उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत शनिवार शाम दिल्ली से देहरादून लौटते समय मेरठ के पास एमआईईटी कॉलेज के सामने सड़क हादसे का शिकार हो गए।

    उनके काफिले की गाड़ी आगे चल रही पुलिस एस्कॉर्ट से टकरा गई, जिससे इनोवा कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

    गनीमत रही कि हरीश रावत पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें काफिले की दूसरी गाड़ी में बैठाकर आगे रवाना किया गया।

    हादसे की सूचना पर एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा और एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने स्थिति की पुष्टि की और बताया कि यह हादसा एस्कॉर्ट वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ।

    दुर्घटनाग्रस्त वाहन को पुलिस की मदद से टोयोटा एजेंसी में खड़ा कराया गया, जबकि रावत को पुलिस एस्कॉर्ट के साथ सुरक्षित देहरादून रवाना किया गया।

    हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर हादसे की जानकारी साझा करते हुए कहा, “मैं पूरी तरह से ठीक हूं, चिंता की कोई बात नहीं है। गाड़ी को जरूर नुकसान हुआ है, लेकिन मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं।”

  • डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने दर्ज कराई शिकायत, छवि खराब करने वाली भ्रामक पोस्टों की जांच शुरू..।

    डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने दर्ज कराई शिकायत, छवि खराब करने वाली भ्रामक पोस्टों की जांच शुरू..।

    देहरादून–: उत्तराखंड सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने वाली पोस्टों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

    उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र भेजकर बताया कि कुछ लोग फेसबुक पर उनके खिलाफ झूठे और बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है।

    तिवारी का कहना है कि यह सब एक साजिश के तहत किया जा रहा है, जिससे न सिर्फ उनकी, बल्कि राज्य सरकार की भी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने शिकायत के साथ आपत्तिजनक पोस्टों की प्रतियां भी संलग्न की हैं।

    पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एंटी साइबर क्राइम टीम को जांच सौंपी है।

    टीम सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन पोस्टों के स्रोत और जिम्मेदार लोगों की पहचान में जुट गई है।

    सूचना विभाग के अनुसार, यह कदम राज्य में झूठी खबरों और अफवाहों के खिलाफ सख्त संदेश देने के लिए भी उठाया गया है।

  • व्यक्तिगत कारणों से अशोक गुलाटी ने पद छोड़ा, कहा “संगठन का सदस्य रहना मेरे लिए गर्व की बात”….

    व्यक्तिगत कारणों से अशोक गुलाटी ने पद छोड़ा, कहा “संगठन का सदस्य रहना मेरे लिए गर्व की बात”….

    देहरादून – उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय सचिव अशोक गुलाटी ने अपने व्यक्तिगत कारणों के चलते पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि वह जीवनभर संगठन के सक्रिय सदस्य बने रहेंगे और सदैव संगठन के हित में कार्य करते रहेंगे।

    अशोक गुलाटी ने अपने संदेश में कहा,

    “आदरणीय अध्यक्ष जी नमस्कार, निवेदन यह है कि मैं अपने व्यक्तिगत कारणों से उत्तराखंड अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय सचिव पद से इस्तीफा दे रहा हूं। मैं हमेशा कार्यकारिणी का जीवनभर सदस्य बना रहूंगा। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सम्मान मुझे सदैव प्रेरणा देता रहेगा। मैं आप सभी का हृदय से आभारी हूं।”

    उन्होंने कहा कि संगठन के सभी साथियों ने उन्हें जो सम्मान, प्रेम और सहयोग दिया, वह अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने भावनात्मक लहजे में कहा कि वे भविष्य में भी संगठन के हितों की रक्षा और विस्तार के लिए हर संभव योगदान देते रहेंगे।

    गुलाटी के इस्तीफे की सूचना के बाद कार्यकर्ताओं में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली — कई ने उनके निर्णय का सम्मान करते हुए कहा कि संगठन को उनसे आगे भी मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

  • वायरल लेटर पर सीएम धामी ने लिया संज्ञान, डीपीआरओ का आदेश तत्काल प्रभाव से रद्द..।

    वायरल लेटर पर सीएम धामी ने लिया संज्ञान, डीपीआरओ का आदेश तत्काल प्रभाव से रद्द..।

    देहरादून—–   उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए पत्र का संज्ञान लेते हुए टिहरी गढ़वाल के जिला पंचायतराज अधिकारी (DPRO) द्वारा स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ी जिम्मेदारियों को बाहरी व्यक्ति को सौंपने के आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।

    मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 10 करोड़ तक के किसी भी सरकारी कार्य में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने इस मामले की जांच के आदेश भी दिए हैं और दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

    वायरल पत्र में स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में मकान नंबर प्लेट लगाने, स्वच्छता अभियान, शौचालय निर्माण और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे कार्यों को बाहरी एजेंसी से कराने की बात कही गई थी, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया था।

    मुख्यमंत्री धामी ने पुनः दोहराया कि प्रदेश सरकार सभी योजनाएं पारदर्शिता, निष्पक्षता और जनहित को ध्यान में रखकर लागू करेगी, और स्थानीय लोगों के रोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी।

    संक्षेप में:—-

    * वायरल पत्र पर सीएम धामी ने लिया संज्ञान।
    * DPRO टिहरी का आदेश तत्काल रद्द।
    * स्थानीय लोगों को सरकारी कार्यों में मिलेगी प्राथमिकता।
    * जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई।
    * सरकार जनहित और पारदर्शिता के साथ योजनाएं लागू करने को प्रतिबद्ध।