Category: देहरादून

  • सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री बदलने की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू।

    सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री बदलने की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू।

    देहरादून—- उत्तराखण्ड प्रदेश में आपदा राहत कार्यों के बीच मुख्यमंत्री परिवर्तन संबंधी अफवाहों का बाजार गर्म होने के पर पुलिस अब सक्रिय हो गई है।

    सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और झूठी सूचनाओं को लेकर उत्तराखण्ड पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    शनिवार को देहरादून पुलिस ने तीन फेसबुक पेज संचालकों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया। यह कदम भाजपा जिलाध्यक्ष देहरादून सिद्धार्थ अग्रवाल द्वारा की गई शिकायत पर उठाया गया।

    राज्य के बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश और आपदा के चलते बचाव कार्य जारी हैं। ऐसे संवेदनशील समय में मुख्यमंत्री के बदलने जैसी गलत जानकारी फैलाना न केवल राहत कार्यों में बाधा डालता है, बल्कि इससे प्रशासनिक व्यवस्था और सरकारी कार्यों में भी अव्यवस्था उत्पन्न होती है।

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैल रही झूठी खबरों की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि फेसबुक पेज “आई लव माय उत्तराखंड संस्कृति”, “उत्तराखण्ड वाले” और “जनता जन आंदोलन इरिटेड” पर मुख्यमंत्री के परिवर्तन संबंधी भ्रामक पोस्ट प्रसारित की जा रही थीं।

    इन पेज संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और पुलिस अब कठोर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में है।

    उत्तराखण्ड पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अपुष्ट या झूठी सूचना का प्रसार करने से बचें।

    पुलिस ने सोशल मीडिया के उपयोगकर्ताओं को चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी कर रही है और इस प्रकार की गतिविधियों से सख्ती से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • मुख्यमंत्री ने की आपदा में चलाए जा रहे कार्यों की समीक्षा, अगले कुछ दिन सावधान रहने की आवश्यकता।

    मुख्यमंत्री ने की आपदा में चलाए जा रहे कार्यों की समीक्षा, अगले कुछ दिन सावधान रहने की आवश्यकता।

    देहरादून—-  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा की।

    उन्होंने आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों एवं खतरे की संभावना वाले क्षेत्रों में जान-माल की सुरक्षा के लिए सभी एहतियाती कदम उठाए जाने और आपदा प्रभावितों को तत्परता से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

    मुख्यमंत्री ने राज्य में अगले कुछ दिनों के लिए मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन तंत्र निरंतर तैयार रहे।

    मुख्यमंत्री ने बैठक में उत्तराखंड आपदा परिचालन केंद्र से जुड़े शासन के उच्चाधिकारियों और सभी जिलों के जिलाधिकारियों से आपदा प्रभावित इलाकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

    उन्होंने कहा कि आपदा पर किसी का जोर नहीं है, लेकिन प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव टीमें तुरंत ग्राउंड जीरो पर पहुंच कर सराहनीय कार्य कर रही हैं। सभी विभाग निरंतर इसी तरह की तत्परता एवं बेहतर समन्वय के साथ प्रभावितों की मदद में जुटे रहें।

    उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी क्षेत्र की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मलवे के कारण वहां नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। नदी के प्रवाह को बनाए रखने के लिए निकाले गए मलवे को नदी किनारे से हटाकर अन्यत्र कहीं सुरक्षित स्थान में डंप किया जाए। ताकि बारिश होने पर यह मलवा पुनः नदी में जाकर अवरोध न पैदा कर सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश कम होने के बाद चार धाम यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी। साथ ही त्योहारों का मौसम भी आ रहा है। इसे देखते हुए सड़कों के सुधार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरस्त किया जाने पर विशेष ध्यान दिया जाय।

    उन्होंने सचिव लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए की सड़कों की मरम्मत हेतु टेंडर सहित अन्य औपचारिकताएं तुरंत पूरा कर समय से आवश्यक कार्य संपन्न करा लिए जाए।

    मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों ने विगत दिनों में घटित आपदा में क्षति की जानकारी ली। उन्होंने अवरुद्ध सड़कों को जल्द खोलने, पानी तथा विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

    मुख्यमंत्री ने विगत दिवस घटित आपदा में घायल पशुओं के उपचार के लिए पशुपालन विभाग को सभी गांव में डॉक्टरों की टीम भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि राहत व बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शासन स्तर से अपेक्षित किसी भी प्रकार के सहयोग की शासन से बेझिझक मांग करें।

    मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास को निर्देश दिए कि आपदा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जनपदों से की जाने मांग पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आवश्यक धनराशि जारी कर दें।

    मुख्यमंत्री ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नदियों के जल स्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए। खतरे की आशंका होने पर नदी के आसपास रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी-नालों के किनारों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए।

    मुख्यमंत्री ने राज्य में स्थित बांधों पर हर समय सिंचाई विभाग के अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित किए जाने के देते हुए कहा कि बांध से यदि पानी छोड़े जाने की पूर्व सूचना नियमित तौर पर जिला प्रशासन को दी जाए। अपरिहार्य परिस्थिति में बांध से अधिक पानी छोड़े जाने की दशा में जान-माल की सुरक्षा के लिए समय रहते इंतजाम कर लिए जाएं।

    बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव गृह शैलेश बगौली, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव डॉ.पंकज पांडे, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडे, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत के साथ ही सभी जिलों के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षकों ने बैठक में प्रतिभाग किया।

  • उत्तराखंड पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा— परिणाम और कटऑफ जारी, यहां देखें पूरी डिटेल,,,,,

    उत्तराखंड पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा— परिणाम और कटऑफ जारी, यहां देखें पूरी डिटेल,,,,,

    उत्तराखंड—-   उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने बहुप्रतीक्षित पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI), गुल्मनायक और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी भर्ती परीक्षा 2024-25 का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है।

    अभ्यर्थी अपना परिणाम UKPSC की वेबसाइट [psc.uk.gov.in](https://psc.uk.gov.in) पर जाकर देख सकते हैं। आयोग ने परिणाम के साथ-साथ श्रेणीवार कटऑफ अंक भी सार्वजनिक कर दिए हैं।

    UKPSC SI Cut Off 2025: श्रेणीवार कटऑफ सूची जारी–

    आयोग द्वारा घोषित कटऑफ सूची के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के लिए अंक निम्नानुसार रहे:

    उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस)

    | श्रेणी | कटऑफ (अंक) |
    | —— | ———- |
    | UR | 205.66 |
    | UR/UF | 179.23 |
    | EWS | 201.85 |
    | EWS/UF | 179.22 |
    | OBC | 198.80 |
    | OBC/UF | 175.41 |
    | SC | 174.14 |
    | SC/UF | 168.55 |
    | ST | 189.39 |
    | DFF | 170.84 |
    | EXS | 151.26 |

    उपनिरीक्षक (अभिसूचना)

    | श्रेणी | कटऑफ (अंक) |
    | —— | ———- |
    | UR | 201.60 |
    | UR/UF | 182.53 |
    | EWS | 195.24 |
    | EWS/UF | 177.95 |
    | OBC | 194.99 |
    | OBC/UF | 174.65 |
    | SC | 167.78 |
    | SC/UF | 162.95 |
    | ST | 186.34 |
    | EXS | 154.06 |

    गुल्मनायक (PAC/IRB – पुरुष)

    | श्रेणी | कटऑफ (अंक) |
    | —— | ———- |
    | UR | 190.16 |
    | EWS | 185.33 |
    | OBC | 186.34 |
    | SC | 160.67 |
    | ST | 177.45 |
    | DFF | 163.46 |

    भर्ती प्रक्रिया: परीक्षा से लेकर चयन तक

    इस भर्ती के तहत लिखित परीक्षा 12 जनवरी 2025 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 14 मई 2025को दस्तावेज़ सत्यापन (Document Verification) की प्रक्रिया पूरी की गई। चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक फिजिकल टेस्ट पहले ही क्वालीफाइंग नेचर में आयोजित हो चुका था।

    गृह विभाग के अंतर्गत इस भर्ती के जरिए कुल 222 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

    सब-इंस्पेक्टर (नागरिक पुलिस और अभिसूचना)108 पद
    गुल्मनायक (PAC/IRB – पुरुष) 89 पद
    अग्निशमन द्वितीय अधिकारी (पुरुष/महिला): 25 पद

    अगला चरण: मेडिकल परीक्षण–

    लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन में सफल रहे अभ्यर्थियों को अब मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा। यह चरण अंतिम चयन के लिए निर्णायक होगा, जिसमें उम्मीदवारों की शारीरिक फिटनेस और स्वास्थ्य की पूरी जांच की जाएगी।

    ध्यान रहे कि शारीरिक मापदंड और दक्षता परीक्षण पहले ही आयोजित किए जा चुके हैं, जो केवल क्वालीफाइंग नेचर के थे। अब अंतिम मेरिट सूची केवल लिखित परीक्षा के अंकों और मेडिकल परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के आधार पर तैयार की जाएगी।

    कैसे देखें अपना परिणाम?

    1. आधिकारिक वेबसाइट [psc.uk.gov.in](https://psc.uk.gov.in) पर जाएं।
    2. होमपेज पर “Results” सेक्शन में जाएं।
    3. “Sub Inspector (SI) Recruitment 2024-25 Result” लिंक पर क्लिक करें।
    4. अपना रोल नंबर या नाम खोजें और परिणाम जांचें।

    सभी सफल अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आयोग की वेबसाइट पर मेडिकल परीक्षा से संबंधित निर्देशों और तारीखों की नियमित रूप से जांच करते रहें। मेडिकल में अनफिट पाए जाने पर चयन रद्द हो सकता है।

    उत्तराखंड पुलिस भर्ती 2024-25 की यह प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। यदि आपने परीक्षा दी थी, तो तुरंत अपना परिणाम और कटऑफ चेक करें। मेडिकल के लिए खुद को तैयार रखें – अब आपकी फिटनेस ही तय करेगी कि आप वर्दी पहनेंगे या नहीं।

  • भारी बारिश का अलर्ट, कल इन जिलों में स्कूल रहेंगे बंद…।.

    भारी बारिश का अलर्ट, कल इन जिलों में स्कूल रहेंगे बंद…।.

    उत्तराखंड—-  : प्रदेश भर में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनज़र, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा आगामी दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

    विभाग के अनुसार, 29 अगस्त से 4 सितम्बर के मध्य उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में कहीं-कहीं औसत से अधिक वर्षा गर्जन और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है।

    पर्वतीय क्षेत्रों में निरंतर वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने की भी चेतावनी दी गई है।

    30 अगस्त को प्रदेश के तीन जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, और उधम सिंह नगर जिले में छुट्टी का आदेश जारी किए गए है।

  • उत्तराखंड में फिर फटा बादल,, चमोली,टिहरी,रुद्रप्रयाग में हाहाकर..।

    उत्तराखंड में फिर फटा बादल,, चमोली,टिहरी,रुद्रप्रयाग में हाहाकर..।

    उत्तराखंड—   उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. रुद्रप्रयाग और चमोली में बादल फटने की जानकारी मिली है.

    बादल फटने की घटना ने क्षेत्र में हाहाकार मचा दिया हैं,, देखते ही देखते मूसलाधार बारिश के साथ मलबा कई घरों में घुस गया और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं. चमोली में 2 लोग लापता हैं, जबकि कई जानवर मलबे में दबे हुए हैं।

    उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। चमोली जिले के देवाल ब्लॉक में बादल फटा है। जिसमें पति-पत्नी लापता हैं और दो लोग घायल हो गए, साथ ही 20 मवेशी मलबे में दबे हैं।

    वहीं टिहरी के भिलंगना ब्लॉक के गेंवाली गांव पर भी बादल फटा है। गनीमत यह रही कि यहां किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

    इसके अलावा रुद्रप्रयाग में भी बादल फटा है। यहां जखोली ब्लॉक के छेनागाड़, बांगर सहित कई जगहों पर अतिवृष्टि से व्यापक नुकसान हुआ है।

    बृहस्पतिवार को देर रात से हो रही तेज बारिश शुक्रवार को भी जारी है। बृहस्पतिवार रात को तहसील देवाल के मोपाटा में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। कुछ घरों के मलबे में दबे होने की सूचना है।

    जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि मोपाटा में रहने वाले तारा सिंह और उनकी पत्नी लापता बताए जा रहे हैं। जबकि विक्रम सिंह और उनकी पत्नी घायल हुए हैं। इनके आवास और गोशाला के मलबे में दबने की सूचना है। इसमें 15 से 20 जानवर भी मलबे में दबने की सूचना है।

    चमोली जिले के सभी ब्लॉकों के स्कूलों में आज अवकाश घोषित
    डीएम ने बताया कि तहसील प्रशासन की टीम मौके लिए रवाना हो गई है।

    इधर, भारी बारिश को देखते हुए चमोली जनपद के सभी विकास खंडों में शुक्रवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। भारी बारिश के चलते देवाल में रास्ते जगह-जगह टूट गए हैं। थराली में भी रात से हो रही बारिश से लोग सहमे हैं। आदिबदरी, कर्णप्रयाग में भी तेज बारिश हो रही है।

    कर्णप्रयाग में मूसलाधार बारिश के चलते कालेश्वर में ऊपर पहाड़ से मलबा आया है जो लोगों के घरों में घुस गया। जेसीबी मशीन के द्वारा मलवा हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

    इस दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। अलकनंदा और पिंडर नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। कर्णप्रयाग के सुभाषनगर में पहाड़ी से बोल्डर और मलबा गिरने से सड़क बंद हो गई है।

    भिलंगना ब्लॉक के गेंवाली गांव के ऊपर बीती रात को बादल फटने की घटना हुई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि बादल फटने से कोई जनहानि नहीं हुई है। कृषि भूमि, पेयजल लाइन, विद्युत लाइनों को नुकसान पहुंचा है। राजस्व विभाग की टीम गेंवाली गांव रवाना हो गई है। अलग-अलग स्थान पर पैदल पुलिया और रास्ते टूट गए हैं।

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, जनपद रुद्रप्रयाग के बसुकेदार क्षेत्र के बड़ेथ डुंगर तोक और चमोली जिले के देवाल क्षेत्र में बादल फटने से मलबा आया है. इसकी वजह से कुछ परिवार फंस गए हैं.

    स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य तेजी से कर रहा है. मैं लगातार अधिकारियों से संपर्क में हूं और आपदा सचिव व जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाव कार्य सही तरीके से और तेजी से किए जाएं.”

    रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा और मंदाकिनी के संगम पर जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. अलकनंदा नदी खतरे के निशान को पार कर गई है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है..

    मौसम विभाग ने 29 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में तेज बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. वहीं बाकी क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है. उत्तराखंड में अगले दो दिन अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश को देखते हुए पूरे प्रदेश को येलो अलर्ट पर रखा गया है।

  • कुमारी सैलजा के दौरे से उत्साहित कार्यकर्ता, संगठन को नई दिशा देने पर जोर….

    कुमारी सैलजा के दौरे से उत्साहित कार्यकर्ता, संगठन को नई दिशा देने पर जोर….

    देहरादून – उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा लगभग डेढ़ साल बाद आज बुधवार को देहरादून पहुंचीं। उनके आगमन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में नया उत्साह देखने को मिला।

    कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के साथ बैठक की। इस दौरान आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर गहन चर्चा हुई। कुमारी सैलजा का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देने और आगामी राजनीतिक रणनीति को मजबूत करने के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।

  • कांग्रेस ने बढ़ते अपराध व वोट चोरी पर जताया आक्रोश, किया राजभवन मार्च….

    कांग्रेस ने बढ़ते अपराध व वोट चोरी पर जताया आक्रोश, किया राजभवन मार्च….

    देहरादून – उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर हत्या, अपराध और बड़ते बलात्कारों के खिलाफ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने राजभवन कूच कर भाजपा सरकार को घेराने का काम किया। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में आज बड़ी संख्या में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से देहरादून पहुंचे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पीसीसी मुख्यालय से राजभवन की और कूच करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर उत्तराखंड में बढ़ रहे हत्याएं, बलात्कार खनन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सोई हुई  सरकार को जगाने का काम किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार के शासनकाल में अफसर शाही बेलगाम हो गई है, भ्रष्टाचार चरम पर है।

    वही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार पर प्रहार करते हुआ कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में खनन माफियाओं का बोलबाला है। आहूत राजभवन घेराव में विधायक प्रीतम सिंह, सुमित हृदेश,आदेश चौहान, ज्योति रौतेला, अलका पाल, हीरा सिंह बिष्ट, मुशर्रफ हुसैन आदि ने भाजपा सरकार की धज्जियां उड़ाते हुए सरकार पर आरोपो की बौछार की। राज भवन की और कूच कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को भारी पुलिस बल ने बल प्रयोग करके रास्ते में ही रोक लिया,जिससे आक्रोशित होकर कांग्रेस के नेता और  कार्यकर्ता जमीन पर सड़क पर ही धरना देने लगे। बाद में भारी पुलिस बल ने कांग्रेसी नेताओं की गिरफ्तारी कर उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया।

  • उत्तराखंड कैबिनेट में विस्तार की तैयारी, ये विधायक हो सकते हैं मंत्री.।

    उत्तराखंड कैबिनेट में विस्तार की तैयारी, ये विधायक हो सकते हैं मंत्री.।

    देहरादून— -उत्तराखंड की राजनीति में आजकल हलचल तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई वाली सरकार जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार की ओर कदम बढ़ा सकती है। विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के अनुसार, कैबिनेट में तीन नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है, जबकि कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है।

    सूत्रों के मुताबिक, यह विस्तार केवल कैबिनेट तक सीमित नहीं रहेगा। सरकार 16 राज्य मंत्रियों की सूची भी तैयार कर चुकी है, जिसे अगले कुछ दिनों में सार्वजनिक किया जा सकता है। साथ ही कुमाऊं मंडल विकास निगम और गढ़वाल मंडल विकास निगम के अध्यक्षों की घोषणा भी इस प्रक्रिया के साथ की जाएगी।

    इस संभावित विस्तार में महिला प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देने के संकेत भी मिले हैं। खास तौर पर केदारनाथ क्षेत्र से विधायक आशा नौटियाल का नाम मंत्री पद के लिए सामने आया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व संतुलन साधा जा रहा है।

    हरिद्वार से बीजेपी विधायक प्रदीप बत्रा और कुमाऊं क्षेत्र से फकीर राम टम्टा भी संभावित नए मंत्रियों की सूची में शामिल बताए जा रहे हैं।

    इन नामों को लेकर पार्टी के अंदरूनी हलकों में जोरदार चर्चा है और इनकी सियासी अनुभव एवं क्षेत्रीय प्रभाव को देखते हुए इन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिलने की प्रबल संभावना है।

    सूत्र यह भी बता रहे हैं कि इस विस्तार की रणनीति 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है।

    पार्टी संगठन की ओर से ऐसे चेहरों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनका जमीनी स्तर पर मजबूत जनाधार है और जो संगठन के साथ लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

  • कन्या गुरुकुल परिसर में “वित्तीय नियोजन का परिचय” पर हुआ व्याख्यान।

    कन्या गुरुकुल परिसर में “वित्तीय नियोजन का परिचय” पर हुआ व्याख्यान।

    देहरादून—   देहरादून स्थित कन्या गुरुकुल परिसर के अंग्रेजी विभाग ने एनएसई (नेशनल स्टॉक एक्सचेंज) के सहयोग से “वित्तीय नियोजन का परिचय” विषय पर एक अत्यंत आकर्षक और व्यावहारिक व्याख्यान का आयोजन किया।

    यह सत्र विशेष रूप से स्नातक छात्राओं के लिए आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य उन्हें धन के बुद्धिमानी से प्रबंधन के आवश्यक पहलुओं से परिचित कराना था, जो आज की दुनिया में तेजी से महत्वपूर्ण होता जा रहा है।

    इसका उद्देश्य छात्राओं को स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ वित्तीय स्वतंत्रता की ओर पहला कदम बढ़ाने में मदद करना था।

    इस कार्यक्रम के अतिथि वक्ता सेबी-प्रमाणित प्रतिभूति बाजार प्रशिक्षक (स्मार्ट) डॉ. सुनील मदान थे। अपनी सहज शैली और गहन ज्ञान से, डॉ. मदान ने वित्त की दुनिया को उपस्थित लोगों के लिए सुलभ और रोमांचक बना दिया।

    कैंपस समन्वयक प्रो. हेमन पाठक और अंग्रेजी विभाग की डॉ. रीना वर्मा ने उनका हार्दिकस्वागत किया।

    कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग की शोधार्थी इशिता भट्ट ने किया, जिन्होंने उत्साह और पेशेवर अंदाज़ में कार्यक्रम का नेतृत्व किया। अन्य शोधार्थी, सैजसी रावत ने भी कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

    डॉ. मदान ने श्रोताओं को कई ज़रूरी वित्तीय विषयों से अवगत कराया, जैसे कि व्यावहारिक वित्तीय लक्ष्य निर्धारित करना और बचत की रणनीतियाँ विकसित करना, और म्यूचुअल फंड, एसआईपी (सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) और पीपीएफ (पब्लिक प्रोविडेंट फंड) जैसे निवेश विकल्पों को समझना। उनके वास्तविक जीवन के उदाहरणों और प्रासंगिक उपाख्यानों ने विषय को समझने में मदद की।

    सेमिनार हॉल में आयोजित इस व्याख्यान में विभिन्न विभागों के 60 से अधिक छात्र और 20 संकाय सदस्य उपस्थित थे। इसके अलावा, छात्र न केवल नए ज्ञान के साथ, बल्कि सशक्तीकरण की भावना के साथ सत्र से बाहर निकले।

    इस व्याख्यान ने कई लोगों को यह एहसास दिलाया कि वित्तीय नियोजन केवल विशेषज्ञों के लिए नहीं, बल्कि सभी के लिए है, और जितनी जल्दी शुरुआत की जाए, उतना ही बेहतर है। उनके ज्ञानवर्धक सत्र की सराहना करते हुए, डॉ. सुनील मदान को एक सम्मान चिह्न भेंट किया गया।

    कार्यक्रम का समापन एक विचारशील धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें इस कार्यक्रम को सार्थक और यादगार बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

  • उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट,,,, कल इन जिलों में बन्द रहेंगे स्कूल।

    उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट,,,, कल इन जिलों में बन्द रहेंगे स्कूल।

    देहरादून—  उत्तराखंड में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। पर्वतीय जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी के चलते जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

    मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके मद्देनज़र 24 और 25 अगस्त को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

    इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी तेज बारिश, बिजली चमकने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

    भीषण बारिश के  मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए चमोली और उत्तरकाशी जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 अगस्त को अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा एहतियातन यह निर्णय लिया गया है ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

    मौसम विभाग के अनुसार, 27 अगस्त तक प्रदेश भर में तेज से अत्यंत तेज बारिश के दौर जारी रह सकते हैं। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे संवेदनशील जिलों में भी कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और गरज-चमक की संभावनाएं बनी हुई हैं।

     

    राज्य प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों के समीप न जाएं और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहें।

    उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में मौसम की करवट से खतरे की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में आमजन को सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।

    यात्रियों और स्थानीय लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अपडेट के लिए अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी लें और सुरक्षित रहें।