Category: हल्द्वानी

  • एक अजब लड़ाई– सामाजिक कार्यकर्ता सुशील भट्ट ने खोला “मेटा” के खिलाफ मोर्चा,,,।

    एक अजब लड़ाई– सामाजिक कार्यकर्ता सुशील भट्ट ने खोला “मेटा” के खिलाफ मोर्चा,,,।

    हल्द्वानी—   सामाजिक कार्यकर्ता सुशील भट्ट ने Meta Platforms (Instagram एवं Facebook) द्वारा उनके सोशल मीडिया खातों को बंद किए जाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल से शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही अपने कानूनी सलाहकार वरिष्ठ अधिवक्ता विनीत परिहार के माध्यम से Meta के भारतीय शिकायत निवारण अधिकारी को ऑनलाइन कानूनी नोटिस भी प्रेषित किया गया है।

    सुशील भट्ट का कहना है कि उन्होंने हाल ही में देश की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त समस्याओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग संबंधी एक पोस्ट Instagram पर साझा की थी।

    उक्त पोस्ट में उन्होंने यह भी उल्लेख किया था कि लगभग 11 वर्ष पूर्व भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र की मांग करने पर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। उनका आरोप है कि इसी पोस्ट के बाद 12 जून 2026 को उनके Instagram अकाउंट @sushilbhatt.official तथा उससे जुड़े Facebook अकाउंट को “Account Integrity” का हवाला देते हुए बंद कर दिया गया।

    सुशील भट्ट ने कहा कि Meta द्वारा उनके खातों को बिना स्पष्ट कारण बताए निष्क्रिय किया जाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उनका कहना है कि उन्हें किसी कथित उल्लंघन के संबंध में पर्याप्त स्पष्टीकरण या प्रभावी सुनवाई का अवसर भी प्रदान नहीं किया गया।

    कानूनी नोटिस में Meta से Instagram एवं Facebook खातों को पुनः सक्रिय करने, मामले की निष्पक्ष मानवीय समीक्षा (Human Review) कराने, खातों को बंद किए जाने के विस्तृत कारण उपलब्ध कराने तथा उनके डिजिटल डेटा को सुरक्षित रखने की मांग की गई है।

    नोटिस में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई तो उपलब्ध कानूनी मंचों पर उचित कार्यवाही की जाएगी।

    सुशील भट्ट ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंपर्क एवं सार्वजनिक संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा बिना पर्याप्त कारण किसी व्यक्ति की डिजिटल उपस्थिति समाप्त कर देना गंभीर विषय है, जिसकी निष्पक्ष जांच और समीक्षा होनी चाहिए।

  • हल्द्वानी नैनीताल रोड पर रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग..

    हल्द्वानी नैनीताल रोड पर रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग..

    हल्द्वानी–  महानगर में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच रविवार को नैनीताल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

    आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग अचानक रेस्टोरेंट परिसर में भड़की और देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी।

    आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग को आसपास के प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोकने के प्रयास किए।

    काफी देर तक चले अभियान के बाद फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने में सफल रही। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन रेस्टोरेंट को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

    फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

    उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में हल्द्वानी में आग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पूर्व अमेजन के गोदाम में लगी भीषण आग में दो युवकों की मौत हो गई थी। ऐसे में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • स्व. इंदिरा हृदयेश को नमन कर पुण्यतिथि पर दी गयी श्रद्धांजलि।

    स्व. इंदिरा हृदयेश को नमन कर पुण्यतिथि पर दी गयी श्रद्धांजलि।

    हल्द्वानी—   उत्तराखंड की राजनीति में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाली वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय इंदिरा हृदयेश की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा भावनाओं, स्मृतियों और सम्मान का विराट संगम बन गई।

    कार्यक्रम में कांग्रेस, भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और हजारों क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

    नैनीताल रोड स्थित सौरभ होटल के लॉन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ शांति पाठ के साथ हुआ। उपस्थित जनसमूह ने स्व. इंदिरा हृदयेश के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने उन्हें एक प्रखर वक्ता, कुशल रणनीतिकार, जननेता और जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी रहने वाली संवेदनशील राजनीतिज्ञ बताया।

    इस अवसर पर उनके पुत्र एवं हल्द्वानी विधायक सुमित हृदेश भावुक नजर आए। उन्होंने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. इंदिरा हृदयेश उनके लिए केवल मां नहीं थीं, बल्कि उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक गुरु भी थीं।

    उन्होंने कहा, मां ने मुझे जनसेवा, संघर्ष और जनता के प्रति समर्पण का जो मार्ग दिखाया, उसी पर चलना मेरे जीवन का उद्देश्य है। उनके द्वारा शहर और प्रदेश के विकास के लिए किए गए कार्य आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। उनकी कमी आज भी मुझे ही नहीं, पूरे शहर को खलती है।”

    सुमित हृदयेश ने कहा कि यदि उनके आदर्शों और कार्यशैली का अनुसरण किया जाए तो क्षेत्र और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने अपनी माता के दिखाए मार्ग पर निरंतर चलते रहने का संकल्प भी दोहराया।

    श्रद्धांजलि सभा में सांसद अजय भट्ट विधायक तिलक राज बेहड़, विधायक बंशीधर भगत पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्ग पाल महापौर गजराज बिष्ट सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और स्व. इंदिरा हृदयेश के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।

    सभा में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि स्व. इंदिरा हृदयेश ने जीवनभर जनता की आवाज को बुलंद किया और उत्तराखंड की राजनीति को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

    कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि स्व. इंदिरा हृदयेश आज भी लोगों के दिलों में उसी सम्मान और आत्मीयता के साथ जीवित हैं, जिसके लिए उन्हें उत्तराखंड की राजनीति में सदैव याद किया जाएगा।

    राजनीति में व्यक्तित्व बहुत आते हैं, लेकिन कुछ नाम इतिहास बन जाते हैं। स्व. इंदिरा हृदयेश ऐसा ही एक नाम हैं, जिनकी विरासत आज भी जनसेवा और संघर्ष की मिसाल बनी हुई है।

  • रवि गुप्ता बने , राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी, गौसेवा संघ के उत्तराखंड प्रभारी।

    रवि गुप्ता बने , राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी, गौसेवा संघ के उत्तराखंड प्रभारी।

    नैनीताल–  आरएसएस के राष्ट्रीय वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य व 1970 से संघ के पूर्णकालिक प्रचारक रहे जिन्होंने सनातन को हमेशा सर्वोपरि रखा गौ सेवा के लिए सबको एक साथ आने को कहा साथ ही सनातन व संघ की अच्छी सोच अच्छी विचारधारा को लेकर उनके अंदर मुस्लिम समाज को भी एक मंच पर बैठाने का काम किया

    उन्होंने अपनी राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ भी रखा, जिसमें उन्होंने मुस्लिम समाज व सभी में एक अच्छा मैसेज दिया, सबको साथ आने को कहा और गौ तस्करी से मुस्लिम समाज दूर रहने से लेकर के लोगों बचने को कहा साथ ही और भी कोई अगर गौ तस्करी करते पाया गया तो राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ किसी भी धर्म जाति का हो उसको छोड़ा नहीं जाएगा।

    साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव सिंह सेंगर आपके व राष्ट्रीय संरक्षक इंद्रेश कुमार जी आपके नेतृत्व मुझे उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है

    हमेशा गौसेवा व समाज सेवा जिस भी तरीके से करना पड़ेगी मैं हमेशा राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ की टीम बनाकर आगे ले जाने का काम करूंगा और एक सर्व समाज में भी एक अच्छा मैसेज देने का काम करूंगा।

  • उत्तराखंड— भाजपा ने हल्द्वानी के जितेन्द्र मेहता  को प्रदेश स्तर पर सौंपी बड़ी जिम्मेदारी,।

    उत्तराखंड— भाजपा ने हल्द्वानी के जितेन्द्र मेहता को प्रदेश स्तर पर सौंपी बड़ी जिम्मेदारी,।

    हल्द्वानी–   भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी जितेन्द्र मेहता ‘जीतू’ को भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का उत्तराखंड प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है।

    उनकी नियुक्ति से कुमाऊं सहित पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से संगठन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे मेहता को एक अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है।

    नवनियुक्त प्रदेश संयोजक जितेन्द्र मेहता ने भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और कला को बढ़ावा देने के साथ-साथ संगठन की विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।

    उनकी नियुक्ति पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ पार्टी को प्रदेशभर में मिलेगा।

  • नशे की तस्करी का अनोखा तरीका– रसगुल्ले के डिब्बे में स्मैक…।

    नशे की तस्करी का अनोखा तरीका– रसगुल्ले के डिब्बे में स्मैक…।

    उत्तराखंड—  नैनीताल जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस ने स्मैक तस्करी के एक नए तरीके का खुलासा किया है।

    पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जो रसगुल्ले के प्लास्टिक डिब्बे में स्मैक छिपाकर ले जा रहा था।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बिंदुखत्ता पुलिस चौकी की टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

    इसी दौरान गांधीनगर प्रथम क्षेत्र में एक युवक की तलाशी लेने पर रसगुल्ले के डिब्बे के अंदर छिपाई गई 7.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

    गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिशंकर बोरा उर्फ गुड्डू निवासी गांधीनगर प्रथम, बिंदुखत्ता के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को 3500 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से खरीदकर आसपास के युवाओं को बेचता था।

    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपी द्वारा बताए गए सप्लायर ‘सुंदर’ की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

    पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

  • दुखद— छुट्टियां मनाने आई मासूम की सड़क हादसे में गई जान,,।

    दुखद— छुट्टियां मनाने आई मासूम की सड़क हादसे में गई जान,,।

    उत्तराखंड—  हल्द्वानी के शनि बाजार रोड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई।

    मुरादाबाद निवासी हादिया अपने मामा के घर छुट्टियां बिताने आई थी। शाम को स्कूटी से घर लौटते समय वह एक कैंटर की चपेट में आ गई। हादसे में उसका सिर वाहन के पिछले टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने कैंटर पर पथराव कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

    सीओ अमित सैनी समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। हादसे से परिजनों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • हल्द्वानी- टूटी सड़कों और धूल-मिट्टी से चौपट हो रहा कारोबार,, जनता और व्यापारी परेशान..।

    हल्द्वानी- टूटी सड़कों और धूल-मिट्टी से चौपट हो रहा कारोबार,, जनता और व्यापारी परेशान..।

    हल्द्वानी—   शहर की बदहाल सड़कों, धूल-मिट्टी और जल निकासी की गंभीर समस्याओं को लेकर प्रान्तीय उद्योग व्यापार मंडल महानगर हल्द्वानी के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर शीघ्र समाधान की मांग उठाई है।

    व्यापार मंडल के अध्यक्ष योगेश शर्मा और महामंत्री मनोज जायसवाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि नैनीताल रोड, मीरा मार्ग, मंगल पड़ाव, कारखाना बाजार समेत शहर के कई प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने और पुरानी लाइनों के मरम्मत कार्य के कारण सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।

    व्यापारियों का कहना है कि टूटी-फूटी सड़कों से लगातार उड़ रही धूल-मिट्टी दुकानों में रखे सामान को नुकसान पहुंचा रही है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं राहगीरों, बुजुर्गों और बच्चों को भी आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग सड़क की खराब स्थिति के चलते चोटिल भी हो चुके हैं।

    व्यापार मंडल ने चेताया कि मानसून का मौसम नजदीक है। यदि समय रहते जल निकासी व्यवस्था, नालियों और क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम जनता को भी भारी परेशानियां झेलनी पड़ेंगी।

    पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट से मांग की कि संबंधित विभागों को निर्देशित कर जल्द से जल्द सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराया जाए ताकि शहरवासियों और व्यापारियों को राहत मिल सके।

    व्यापार मंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जनहित को प्राथमिकता देते हुए इस महत्वपूर्ण समस्या का त्वरित समाधान करेगा।

  • प्रशासन अमेजन वेयर हाउस अग्निकांड के दोषियों के खिलाफ दर्ज करे मुकदमा,,,  मानकों के विरुद्ध चल रहे सभी वेयर हाउस और मॉल पर करे कार्यवाही— प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल

    प्रशासन अमेजन वेयर हाउस अग्निकांड के दोषियों के खिलाफ दर्ज करे मुकदमा,,, मानकों के विरुद्ध चल रहे सभी वेयर हाउस और मॉल पर करे कार्यवाही— प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल

    हल्द्वानी—  प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने अमेजन वेयर हाउस अग्निकांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।

    संगठन के प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण और प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल जिला प्रशासन से मांग करता हैं कि अग्निकांड की जांच में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए तथा जन हित में दोषियों के खिलाफ जिला प्रशासन स्वतः संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज करवाये।

    इस संदर्भ में व्यापार मंडल विधिक रायमुशायरी के बाद ही कोतवाली हल्द्वानी को तहरीर देगा।

    राजेन्द्र फर्स्वाण और वीरेंद्र गुप्ता ने संयुक्त बयान में कहा कि आज शहर में बिना मानक के वेयर हाउस , मोल और अन्य व्यवसायिक गतिविधियां चल रही हैं जिसके लिए पूर्ण रूप से जिला विकास प्राधिकरण जिम्मेदार हैं, क्योंकि बड़े बड़े प्रतिष्ठानों द्वारा जिन मानचित्रों के आधार पर स्वीकृति ली जाती हैं उसके अनुरूप कार्य नहीं किया जाता हैं।

    जिला विकास प्राधिकरण की लापरवाही के चलते ही आमजन की सुरक्षा हमेशा खतरे में रहती हैं अतः जिला प्रशासन को अमेजन वेयर हाउस और दिल्ली में हुए अग्निकांड को देखते हुए सख्त अभियान चलाना चाहिए और नियम विरुद्ध चल रहे बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान पर रोक लगानी चाहिए।

  • 420 मामले पेंडिंग— कमिश्नर ने 6 जिलों के डीएम को भेजा लेटर..।

    420 मामले पेंडिंग— कमिश्नर ने 6 जिलों के डीएम को भेजा लेटर..।

    नैनीताल—   कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लंबित मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मंडल के सभी छह जिलों के जिलाधिकारियों को लंबित वादों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

    आयुक्त द्वारा की गई समीक्षा में सामने आया कि 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच कुमाऊँ मंडल में कुल 523 मामले दर्ज हुए, लेकिन इनमें से केवल 103 मामलों का ही निस्तारण हो पाया है, जबकि 420 मामले अब भी लंबित हैं। सबसे अधिक मामले नैनीताल जिले में दर्ज हुए हैं, जहां 374 मामलों में से केवल 49 का निस्तारण किया गया है।

    दीपक रावत ने कहा कि कुछ जिलों में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नए मामलों की संख्या अपेक्षाकृत कम है, जिससे यह संकेत मिलता है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई को और अधिक सक्रिय बनाने की जरूरत है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर सघन जांच और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

    आयुक्त ने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के साथ-साथ हर माह के पहले सप्ताह में सबसे पुराने तीन लंबित मामलों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा है।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाकर आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।