Category: हल्द्वानी

  • पटवा वैश्य महासभा उत्तराखंड की हल्द्वानी में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक,,, लिए गए निर्णय,,।

    पटवा वैश्य महासभा उत्तराखंड की हल्द्वानी में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक,,, लिए गए निर्णय,,।

    हल्द्वानी—  पटवा वैश्य महासभा के अध्यक्ष श्री विवेक कश्यप जी के नेतृत्व में एक बैठक आयोजित की गई, इसमें समाज के विकास और भविष्य में विभिन्न तरह के कार्यक्रमों के विषय में चर्चा हुई।
    पटवा समाज को पुनः रिनुअल हेतु सबकी सहमति रही।

    पटवा वैश्य महासभा के महामंत्री विपिन देववंशी, एवं कोषाध्यक्ष  संजय देवल  द्वारा आय व्यय विवरण साझा किया गया। सभी लोगों ने संरक्षक मंडल, मार्गदर्शक मंडल के सभी पदाधिकारी ने और सदस्यों ने अपने-अपने विचार पटवा समाज की बैठक में साझा किया।
    सभी चर्चाओं के साथ, पटवा महिला समिति, अध्यक्ष पद का चुनाव कराया गया। जिसमें सर्वसम्मति से श्रीमती सीमा देवल ,
    पटवा महिला समिति का अध्यक्ष बनाया गया, तथा कार्यकारिणी में कुछ और नए पदाधिकारी बनाए गए।

    महामंत्री मंजू देवल की उपस्थिति में सर्वसम्मति से सहकोषाध्यक्ष खुशबू देवल, सह महासचिव नेहा देववंशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंशु देवल, उपाध्यक्ष मंजू प्रदीप देवल, उपाध्यक्ष नीतू देवल, संगठन मंत्री नंदिनी देवल, प्रचार मंत्री गुंजन देवल, सांस्कृतिक मंत्री कुमारी ज्योति देवल, श्रीमती सुधा देवल आदि विभिन्न पदाधिकारी बनाए गए।

    कार्यक्रम में संरक्षक श्रीमती राजो देवल,  सुंदरलाल देवल
    युवा अध्यक्ष  अनुज देवल के नेतृत्व में युवा टीम कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था में महामंत्री शिवा देवल, कोषाध्यक्ष  नवनीत देववंशी, आकाश देवल, निलेश देवल, जीतू देवल, विक्की देवल, पंकज पटवा, राकेश देवल, सतीश पटवा, मिंटू देवल संरक्षक, सुंदरलाल पटवा,शरद देवल मुकेश देवल बनाये गए।

    महिलाओं में मिथिलेश ,सरिता, गुंजन देवल सुमन देवल साधना देवल नीतू देववशी सुषमा देवल डिंपल देवल आदि उपस्थित रहीं और सभी ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी।

  • हल्द्वानी :- आग का तांडव ,, अमेज़न गोदाम में जिंदा जले दो कर्मचारी,।

    हल्द्वानी :- आग का तांडव ,, अमेज़न गोदाम में जिंदा जले दो कर्मचारी,।

    हल्द्वानी—   रामपुर रोड स्थित अमेज़न के गोदाम में शुक्रवार देर रात लगी भीषण आग ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। आग इतनी विकराल थी कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

    सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों तक चले संयुक्त अभियान के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो चुकी थी।

    पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि रामपुर रोड पर शीतल होटल के सामने स्थित अमेज़न के गोदाम में अचानक आग भड़क गई है। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई टीमें मौके पर रवाना हुईं।

    घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता भी तत्काल घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी संभाली।

    आग ने कुछ ही देर में गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था। पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने जोखिम उठाकर संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाने में सफलता हासिल की।

    आग पर नियंत्रण मिलने के बाद जब गोदाम के भीतर सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो वहां काम कर रहे दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार दोनों की मौत गंभीर रूप से झुलसने और अत्यधिक धुएं के कारण दम घुटने से हुई।

    मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेन्द्र प्रसाद पुत्र सदी राम निवासी बागजाला, गोलापार तथा 25 वर्षीय अमित आर्य पुत्र प्रताप राम निवासी रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।

    पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

    इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

  • 1.85 करोड़ की स्मैक बरामद ,,, नशे के कारोबार पर सबसे बड़ी चोट, दो भाई गिरफ्ता,,।.

    1.85 करोड़ की स्मैक बरामद ,,, नशे के कारोबार पर सबसे बड़ी चोट, दो भाई गिरफ्ता,,।.

    हल्द्वानी—  मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

    काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने करीब 1.85 करोड़ रुपये कीमत की 618 ग्राम स्मैक के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।

    एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई काठगोदाम क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के निकट घेराबंदी कर दो तस्करों को दबोच लिया गया।

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी गजब सिंह (27) और उसके सगे भाई सीताराम (37) के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से कुल 618 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और राजस्थान नंबर की कार बरामद की गई।

    पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी राजस्थान से स्मैक लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे। योजना काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में किसी व्यक्ति को नशे की खेप सौंपने की थी, जिसके बाद उन्हें मुक्तेश्वर स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां जाना था। इससे पहले ही पुलिस ने पूरी साजिश पर पानी फेर दिया।

    जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में आबकारी और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

    एसएसपी नैनीताल ने इस बड़ी सफलता पर पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

  • नैनीताल आ रहे हैं तो,, इन बातों का रखें ख्याल,,, DM रयाल ने की ये अपील…।

    नैनीताल आ रहे हैं तो,, इन बातों का रखें ख्याल,,, DM रयाल ने की ये अपील…।

    नैनीताल–   पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल जिले में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रवासियों और आगंतुकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करने की अपील की है।

    जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में आने वाले पर्यटक अपने वाहनों को सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और स्थानीय लोगों व पर्यटकों दोनों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

    उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में सभी पर्यटक प्रशासन का सहयोग करें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।

    डीएम रयाल ने पर्यटकों से उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय रीति-रिवाजों और पारंपरिक मूल्यों का सम्मान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और अतिथि सत्कार के लिए देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है।

    जिलाधिकारी ने कहा कि नैनीताल आने वाले सभी पर्यटकों का हृदय से स्वागत है। उन्होंने विश्वास जताया कि पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर का आनंद लेने के साथ अपने साथ सुखद अनुभव और सकारात्मक संदेश भी लेकर जाएंगे।

    इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन, पुलिस, परिवहन, नगर निकाय, जिला पंचायत, पेयजल एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था को मजबूत रखा जाए तथा पार्किंग स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

  • S. I. R. – 8 जून से घर-घर पहुचेंगे बीएलओ,,, सही जानकारी देना आवश्यक,,।

    S. I. R. – 8 जून से घर-घर पहुचेंगे बीएलओ,,, सही जानकारी देना आवश्यक,,।

    हल्द्वानी/नैनीताल—   जिले में मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू होने जा रहा है।

    जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। आगामी 8 जून से बीएलओ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, जिसके लिए आमजन से सहयोग की अपील की गई है।

    जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध और सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।

    इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने हल्द्वानी स्थित एनआईसी सभागार में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

    बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।

    उन्होंने बताया कि 8 जून 2026 से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना एवं सत्यापन कार्य करेंगे। इसके लिए सभी तहसील स्तर पर गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है।

    प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 7 जुलाई को मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाएगा, जबकि 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन होगा।

    इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इनका निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा और अंततः 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

    प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ के घर पहुंचने पर सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

    बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

  • सूचना पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई,,, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उपखनिज लेने गया वाहन कब्जे में,,,।

    सूचना पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई,,, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उपखनिज लेने गया वाहन कब्जे में,,,।

    हल्द्वानी—  वन विभाग ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक ऐसे वाहन को अपनी अभिरक्षा में लिया है, जो बिना पंजीकरण के होने के बावजूद किसी अन्य पंजीकृत वाहन की नंबर प्लेट और चिप लगाकर नदी क्षेत्र में उपखनिज लेने पहुंचा था। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    वन विभाग के उपनिरीक्षक संदीप सूंठा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को मुखबिर खास के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक वाहन, जो बिना पंजीकरण का है, किसी अन्य पंजीकृत वाहन की नंबर प्लेट और चिप का उपयोग कर नदी क्षेत्र में उपखनिज लेने गया है। सूचना पर विश्वास करते हुए वन विभाग की टीम ने तत्काल वाहन की जांच की।

    जांच के दौरान पाया गया कि एक बिना पंजीकृत वाहन ने पंजीकृत वाहन संख्या UK06 0810 की नंबर प्लेट लगाई हुई थी तथा उसी वाहन की चिप का उपयोग कर नदी क्षेत्र में प्रवेश किया गया था।

    प्रथम दृष्टया मामला नियमों के उल्लंघन एवं धोखाधड़ी से जुड़ा प्रतीत हुआ, जिसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।

    उपनिरीक्षक संदीप सूंठा के अनुसार, विभागीय संसाधनों की सहायता से उक्त वाहन को डोली रेंज परिसर में खड़ा करा दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई गतिमान है तथा यह जांच की जा रही है कि बिना पंजीकरण वाहन किसके स्वामित्व में है और पंजीकृत वाहन की नंबर प्लेट एवं चिप का उपयोग किस प्रकार किया गया।

    इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी गोला चन्दन सिंह अधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल जोशी तथा प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी हिमांशु बागड़ी के निर्देशन में कार्रवाई की जा रही है।

    वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नदी क्षेत्रों में अवैध उपखनिज निकासी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

    वन विभाग का कहना है कि अवैध खनन और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी गहन जांच की जा रही है।

  • कालाढूंगी को विकास चाहिए,,, शराब नहीं :- नीरज तिवारी

    कालाढूंगी को विकास चाहिए,,, शराब नहीं :- नीरज तिवारी

    कालाढूंगी—  छोटी हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में दो नई शराब की दुकानों के खुलने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है।

    कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि क्षेत्र आज बेरोज़गारी, जर्जर सड़कों, पेयजल संकट, जल जीवन मिशन की अव्यवस्थाओं, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं की कमी और बढ़ते महिला अपराध जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार की प्राथमिकता जनहित के मुद्दों को सुलझाने के बजाय शराब की दुकानें खोलना बन गई है।

    तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार “सरकार जनता के द्वार” का नारा तो देती है, लेकिन महीनों से स्थानीय लोगों द्वारा शराब की दुकानों का विरोध किए जाने के बावजूद उनकी आवाज़ को अनसुना किया गया। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं, युवा और बुजुर्ग दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए, तब जाकर जनप्रतिनिधियों की नींद खुली।

    उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकार और जनप्रतिनिधि जनता की मूलभूत समस्याओं के प्रति उतने ही संवेदनशील होते, जितने अपनी राजनीतिक छवि को लेकर हैं, तो कालाढूंगी विकास और जनसुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता था।

    कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और वे स्वयं जनता के इस संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं। उनका कहना है कि कालाढूंगी को नशे और उससे जुड़ी अनैतिक गतिविधियों की नहीं, बल्कि विकास, रोजगार के अवसर, महिला सुरक्षा और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता है।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों और अवैध नशे के खिलाफ जनता की आवाज़ को कांग्रेस लगातार मजबूती से उठाती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

  • हल्द्वानी – शराब की दुकान में भड़की आग,,, करोड़ों की बोतलें हुई खाक..।

    हल्द्वानी – शराब की दुकान में भड़की आग,,, करोड़ों की बोतलें हुई खाक..।

    हल्द्वानी—   शहर के व्यस्त तिकोनिया चौराहे के पास स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।

    आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के तीनों फ्लोर इसकी चपेट में आ गए और अंदर रखा लाखों लीटर शराब का स्टॉक व अन्य सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये तक बताया जा रहा है।

    जानकारी के अनुसार सुबह करीब 1:50 बजे आग लगने की सूचना फायर स्टेशन हल्द्वानी को मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अधिकारी मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में तीन दमकल वाहनों के साथ फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। उस समय दुकान का शटर बंद था और अंदर से आग की तेज लपटें निकल रही थीं।

    अग्निशमन कर्मियों ने शटर खोलकर राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आग की चपेट में आए 19 किलो के एलपीजी सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकालकर ठंडा किया गया, जिससे एक संभावित बड़ा विस्फोट और गंभीर हादसा टल गया।

    फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।

    फायर कर्मियों की सतर्कता और बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।

  • 26 राज्यों के खिलाड़ी हल्द्वानी में,,, नेशनल मुए थाई चैंपियनशिप का आगाज़,,,रेखा आर्या ने किया उद्घाटन..

    26 राज्यों के खिलाड़ी हल्द्वानी में,,, नेशनल मुए थाई चैंपियनशिप का आगाज़,,,रेखा आर्या ने किया उद्घाटन..

    हल्द्वानी—   उत्तराखंड तेजी से राष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। इसका ताजा उदाहरण गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026 है, जिसका सोमवार को प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने विधिवत शुभारंभ किया।

    1 जून से 4 जून तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों से आए करीब 900 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं और मजबूत खेल ढांचे के कारण उत्तराखंड राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए पसंदीदा राज्य बनकर उभर रहा है।

    उन्होंने कहा कि मुए थाई केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, मानसिक मजबूती और शारीरिक दक्षता का सशक्त माध्यम है। युवाओं की बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि नई पीढ़ी खेलों और फिटनेस के प्रति गंभीरता से आगे बढ़ रही है।

    रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं, खेल अवसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं।

    उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों से सीखने और अनुभव साझा करने का अवसर भी देती हैं। इससे खेलों का स्तर और प्रतिस्पर्धा दोनों मजबूत होती हैं।

    खेल मंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और अपने राज्य व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम में खेल उपनिदेशक राशिका सिद्दकी, जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत, राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज वर्मा, महासचिव राम चौधरी, उत्तराखंड अध्यक्ष सतीश जोशी सहित खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • IPS काठगोदाम के छात्रों का धमाल,,, जेईई एडवांस्ड 2026 में दर्ज की बड़ी उपलब्धि,,।

    IPS काठगोदाम के छात्रों का धमाल,,, जेईई एडवांस्ड 2026 में दर्ज की बड़ी उपलब्धि,,।

    काठगोदाम–   जेईई एडवांस्ड 2026 के परिणामों में इन्स्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के मेधावी छात्र सर्वज्ञ श्रीवास्तव और सार्थक रावत ने प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

    विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि छात्रों की अथक मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम है। दोनों विद्यार्थियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि समर्पण और सही दिशा में किया गया प्रयास सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।

    इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं समस्त IPS परिवार ने दोनों छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विद्यालय ने विश्वास जताया कि ये छात्र भविष्य में भी शिक्षा और करियर के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेंगे।

    जेईई एडवांस्ड जैसी देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में सफलता हासिल कर इन छात्रों ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे विद्यालय और काठगोदाम क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।