देहरादून;– उत्तराखंड में दो दिन के ब्रेक के बाद एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 11 से 13 सितंबर के बीच पर्वतीय जिलों में भारी बारिश को लेकर “यलो अलर्ट” जारी किया है।

विभाग के अनुसार 11 सितंबर को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 12 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर और उत्तरकाशी में और 13 सितंबर को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। नैनीताल, भीमताल, भवाली और मुक्तेश्वर में घने बादल, कोहरे के साथ तेज बारिश की संभावना है।
पिथौरागढ़ और बागेश्वर के संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। भागीरथी और भिलंगना नदियों के जलस्तर पर निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।
