
लालकुआं— महंगाई की मार झेल रही आम जनता को एक और झटका लगा है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं द्वारा संचालित आंचल डेयरी ने 4 मई से अपने दूध व दुग्ध उत्पादों की कीमतों में वृद्धि कर दी है।
आंचल ब्रांड के दूध की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जो उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर डालेगी।
संघ के अनुसार, अब तक ₹66 प्रति लीटर में बिकने वाला स्टैंडर्ड दूध 4 मई से ₹68 प्रति लीटर मिलेगा, वहीं आधा लीटर पैक की कीमत ₹29 से बढ़ाकर ₹30 कर दी गई है। गाय के दूध के दामों में भी ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

मात्र दूध ही नहीं, घी, खोया और मक्खन जैसे दुग्ध उत्पादों की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। आंचल घी अब ₹20 प्रति लीटर महंगा हो गया है।
वहीं खोया में ₹10 और मक्खन में ₹20 की बढ़ोतरी की गई है। यह वृद्धि उन ग्राहकों के लिए और अधिक चिंता का कारण बन सकती है जो नियमित रूप से इन उत्पादों का उपयोग करते हैं।
