Spread the love

नैनीताल—   मौसम विभाग द्वारा अगले 24 घंटे के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार रहें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

डीएम ललित मोहन रयाल ने जिले के लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान बिना किसी जरूरी कारण के घरों से बाहर न निकलें। यदि कोई अत्यंत आवश्यक कार्य हो, तभी यात्रा करें और पूरी सतर्कता बरतें।

उन्होंने विशेष रूप से लोगों से नदी-नालों, गधेरों, पहाड़ी ढलानों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी होने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि वे अगले 24 घंटे तक पूरी सतर्कता बनाए रखें। किसी भी आपदा, सड़क अवरोध, भूस्खलन या अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जाएं, ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।

See also  मेयर गजराज बिष्ट और एम.एन.ए. पारितोष वर्मा ने ट्रांसपोर्ट नगर का किया निरीक्षण,, व्यापारियों के शिष्टमंडल ने ट्रांसपोर्ट नगर की समस्याओं से कराया अवगत,,।

उन्होंने नागरिकों से भी अनुरोध किया कि यदि कहीं कोई दुर्घटना, भूस्खलन या अन्य आपदा की स्थिति दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन या संबंधित नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी लागू किए जाएंगे।

ऐसे में प्रशासन ने सभी नागरिकों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचते हुए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।


Spread the love

You missed