Spread the love

उत्तराखंड—  हल्द्वानी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के औचक निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली में बड़ी लापरवाही सामने आई। भू-राजस्व अधिनियम की धारा-41 और पैमाइश से जुड़े कई मामलों को महीनों तक लंबित रखने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) संजय प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

वहीं तत्कालीन राजस्व निरीक्षक ब्रजेश कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई मामलों में तहसीलदार के आदेश के बाद भी समय पर कार्रवाई नहीं की गई। कई पत्रावलियां दिसंबर 2025 से लंबित थीं, जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ा।

जांच में सामने आया कि ग्राम किशनपुर रैकवाल, बमौरी तल्ली और प्रतापगढ़ी मल्ली, काठगोदाम से जुड़े मामलों में आदेश जारी होने के कई महीनों बाद भी पैमाइश और आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।

इसे सरकारी दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही मानते हुए उत्तराखण्ड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 2003 के तहत संजय प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका मुख्यालय तहसील भीमताल निर्धारित किया गया है।

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ असवाल और नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी को सभी लंबित पत्रावलियों का दोबारा निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

डीएम ललित मोहन रयाल ने साफ कहा कि राजस्व मामलों में देरी और जनहित के कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

See also  नाबालिग को ले जाने वाले दोनों गिरफ्तार,,,CCTV ने खोला पूरा राज,,,।

Spread the love

You missed