लरामनगर— नैनीताल पुलिस ने जिले में अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में चल रहे कथित हाई-प्रोफाइल देह व्यापार और अश्लील पार्टी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
संयुक्त छापेमारी के दौरान 51 आरोपियों को गिरफ्तार, एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया, जबकि 10 महिलाओं (जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है) को मुक्त कराया गया। कार्रवाई के बाद रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है।
यह बड़ी कार्रवाई SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
मुखबिर की सूचना पर मारा गया छापा
4 जुलाई को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने रिसॉर्ट में दबिश दी। पुलिस के अनुसार, मौके पर बड़ी संख्या में लोग कथित तौर पर अनैतिक देह व्यापार, शराब पार्टी, महिलाओं से अश्लील डांस करवाने और उन पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियों में शामिल मिले।
मौके से 10 महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल थी। पुलिस ने सभी संबंधित लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी उमेन्द्र कुमार ने बताया कि उसने अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के लिए पार्टी आयोजित की थी। जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट को दो दिनों के लिए लगभग ₹2.20 लाख में बुक किया गया था।
पुलिस के अनुसार, महिलाओं की व्यवस्था कथित तौर पर प्रति महिला ₹10,000 के हिसाब से कराई गई। जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट प्रबंधन ने होटल स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में आने वाले लोगों और महिलाओं का विवरण आगंतुक रजिस्टर में दर्ज न किया जाए, ताकि गतिविधियों का कोई रिकॉर्ड न रहे।
रिसॉर्ट सील, एक आरोपी फरार
जांच में रिसॉर्ट परिसर का उपयोग कथित तौर पर अनैतिक देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों के लिए किए जाने के आरोपों के बाद प्रशासन ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है।
रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
छापेमारी में क्या-क्या मिला
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में शराब, बीयर, कार्यक्रम में इस्तेमाल किया गया साउंड सिस्टम, लैपटॉप, मोबाइल फोन, कथित आपत्तिजनक सामग्री तथा नोट उड़ाने के लिए इस्तेमाल किए गए ₹10 मूल्य के नोटों की गड्डियां बरामद की हैं। मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस प्रभावी कार्रवाई के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अभियान में शामिल पुलिस टीम को ₹2,500 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने कहा है कि जनपद में मानव तस्करी, देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर नागरिक तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
