Spread the love

देहरादून—  हज यात्रा 2026 की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी सर्कुलर संख्या 35 (दिनांक 23 मार्च 2026) के तहत चयनित हज यात्रियों के लिए बैलेंस धनराशि की तीसरी और अंतिम किस्त निर्धारित कर दी गई है।

यह सूचना विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है, जो दिल्ली इम्बारकेशन प्वाइंट से पवित्र हज यात्रा पर रवाना होंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिन हज यात्रियों ने कुर्बानी (Qurbani) का विकल्प चुना है, उन्हें ₹86,580 प्रति व्यक्ति की राशि जमा करनी होगी। वहीं, जिन यात्रियों ने कुर्बानी का विकल्प नहीं (NO) चुना है, उनके लिए ₹69,300 प्रति व्यक्ति की राशि निर्धारित की गई है।

यात्रियों को यह सुविधा दी गई है कि वे यह राशि भारतीय स्टेट बैंक या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में पे-इन स्लिप के माध्यम से जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, डिजिटल माध्यम को बढ़ावा देते हुए हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

समय सीमा का विशेष ध्यान

तीसरी किस्त जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में सभी चयनित यात्रियों से अपील की गई है कि वे तय समय सीमा के भीतर अपनी धनराशि अवश्य जमा करें, ताकि उनकी यात्रा प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

धनराशि जमा करने के बाद यात्रियों के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि वे अपनी पे-इन स्लिप को शीघ्र ही उत्तराखण्ड राज्य हज समिति, हज हाउस पिरान कलियर में जमा कराएं। यह प्रक्रिया हज यात्रा के दस्तावेजी सत्यापन और आगे की औपचारिकताओं के लिए बेहद जरूरी मानी जा रही है।

See also  रामलीला मैदान के ‘शुद्धिकरण’ पर गरमाया मामला, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन,,।

उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने सभी चयनित यात्रियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को समय रहते पूरा करें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें।


Spread the love

You missed