कोटद्वार— कुमाऊँ विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कोटद्वार की मानसी नेगी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का आयोजन 14 अक्टूबर 2026 को रामनगर महाविद्यालय में किया गया था। मानसी ने 70 से 75 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

स्टेडियम इंचार्ज एवं बॉक्सिंग कोच श्याम सिंह डांगी ने बताया कि मानसी नेगी ने अपनी मेहनत, लगन और बेहतरीन खेल प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। अब वह ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
यह प्रतियोगिता राजस्थान में 18 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक आयोजित होना प्रस्तावित है।
मानसी नेगी की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर स्टेडियम के सभी कोचों एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
सभी ने उम्मीद जताई कि मानसी आगामी प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर कोटद्वार और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।
