Spread the love

हल्द्वानी – अतिक्रमण के नाम पर की जा रही प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर हल्द्वानी विधायक श्री सुमित हृदयेश ने एक बार फिर कड़ा विरोध जताया है। गुरुवार, 26 जून 2025 को उन्होंने आवास विकास स्थित पंचेश्वर मंदिर परिसर में प्रशासन द्वारा लगाए गए आपत्ति कैंप का निरीक्षण किया और स्थानीय निवासियों को भेजे जा रहे नोटिसों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

विधायक हृदयेश ने कैंप में स्वयं अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए प्रशासन के रवैये को “एकतरफा” और “जनविरोधी” बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को परेशान करने की साजिश है।

उन्होंने कहा, “प्रशासन बिना किसी स्पष्ट आधार के नोटिस थमा रहा है। इससे पहले भी मैंने सुभाष नगर के आपत्ति कैंप में दर्जनों आपत्तियाँ अधिकारियों के समक्ष रखी थीं, और उनसे लिखित जवाब माँगा था, लेकिन आज तक कोई उत्तर नहीं दिया गया है।”

विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी भरे शब्दों में कहा, “हल्द्वानी की ज़मीनी सच्चाई जाने बिना कोई भी बाहरी अधिकारी यहाँ अपनी मनमर्जी नहीं चला सकता। यह ‘गुंडा राज’ अब और नहीं चलेगा।”

अपने व्यक्तिगत जुड़ाव को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने इन गलियों में अपना बचपन बिताया है, यहाँ का हर परिवार मेरी अपनी तरह है। चाहे जो भी हालात हों, मैं किसी गरीब का आशियाना नहीं उजड़ने दूँगा। प्रशासन लाख कोशिश कर ले, मैं जनता के साथ खड़ा हूँ और हमेशा खड़ा रहूँगा।”

विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सभी आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शी तरीके से नहीं हो जाता, तब तक किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ की कार्रवाई करना सरासर अन्याय होगा। उन्होंने कहा कि जनता के हितों के खिलाफ कोई भी निर्णय स्वीकार्य नहीं होगा और जरूरत पड़ने पर वे सड़क से सदन तक आवाज़ उठाएंगे।

See also  IPS के ट्रांसफर :- आईजी से लेकर एसपी स्तर तक बदलाव,,, बड़ी लिस्ट जारी,।

Spread the love

You missed